App

आपकी जगह अब AI करेगा फोन! गूगल का Gemini खुद करेगा बात, रेस्टोरेंट बुकिंग से लेकर ये काम होंगे आसान

फोन पर बात करने से घबराहट होती है या घंटों होल्ड पर खड़े रहने से चिढ़ मचती है? अब इसकी चिंता खत्म होने वाली है. गूगल का नया जेमिनी एआई आपकी जगह खुद कॉल करेगा, रेस्टोरेंट में टेबल बुक करने से लेकर हर जरूरी काम आसानी से पूरा कर देगा.

आपकी जगह अब AI करेगा फोन! गूगल का Gemini खुद करेगा बात, रेस्टोरेंट बुकिंग से लेकर ये काम होंगे आसान
Image Credit: गूगल जेमिनी कॉल फॉर मी फीचर

क्या आपको भी किसी को फोन करने में झिझक होती है या घंटों होल्ड पर इंतजार करना झंझट का काम लगता है? अगर हां, तो गूगल ने आपकी इस समस्या का हल खोज निकाला है. अब गूगल का एआई Gemini आपकी तरफ से खुद लोगों को फोन कॉल कर सकेगा, आपकी बात आगे पहुंचाएगा और रेस्टोरेंट की बुकिंग से लेकर जरूरी काम मैनेज करेगा. आइए जानते हैं कि गूगल का नया Call for Me फीचर क्या है और कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं?

गूगल ने जेमिनी के लिए Call for Me नाम का नया फीचर लॉन्च कर दिया है. कंपनी के मुताबिक, इस फीचर की सहायता से जेमिनी आपकी तरफ से किसी बिजनेस को फोन कर सकता है और जरूरी जानकारी हासिल कर सकता है. सिर्फ यही नहीं, एआई फोन पर आने वाले ऑटोमेटेड मेन्यू को भी मैनेज कर सकता है और जरूरत पड़ने पर कस्टमर केयर स्टाफ से बात कर सकता है.

जेमिनी Call for Me क्या कर सकता है?

गूगल जेमिनी के नए कॉल फॉर मी फीचर की सहायता से यूजर किसी बिजनेस से जुड़ा फोन कॉल करने को कह सकते हैं. जैसे- आप किसी दुकान के खुलने का समय पूछने, किसी सर्विस की कीमत जानने या किसी अपॉइंटमेंट को बदलने के लिए जेमिनी से कॉल करने को कह सकते हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, इसके साथ ही अगर किसी दुकान पर आपकी जरूरत का सामान मौजूद है या नहीं, इसकी जानकारी के लिए भी Gemini आपकी ओर से फोन कर सकता है. AI फोन पर दिए जाने वाले ऑटोमेटेड ऑप्शन को चुन सकता है और जरूरत पड़ने पर होल्ड पर भी इंतजार कर सकता है.

Google का कहना है कि Gemini पहले भी Duplex और Ask for Me जैसे AI कॉलिंग फीचर पेश कर चुका है. नया Call for Me फीचर इससे आगे जाकर ज्यादा तरह के काम संभालने की कोशिश करता है.

ऐसे काम करेगा Gemini

इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए Gemini मोबाइल ऐप में अपने प्रॉम्प्ट की शुरुआत @Call for me से करनी होगी. इसके बाद यूजर को बताना होगा कि फोन पर क्या काम करवाना है. जिसमें डेट, टाइम, पसंद और दूसरे ऑप्शन जैसे जानकारी भी दी जा सकती है. जैसे यूजर जेमिनी से कह सकता है कि किसी रेस्टोरेंट में आज दोपहर 3 बजे के लिए दो लोगों के लिए टेबल बुक करने के लिए फोन करे.

कॉल करने से पहले Gemini यूजर को एक समरी दिखाएगा. समरी यह डिटेल्स होगा कि किस नंबर पर कॉल जाएगी और फोन पर कौन सी जानकारी शेयर होगी. यूजर इस जानकारी को देखकर इसमें कुछ चेंज भी कर सकता है और फिर कॉल करने की परमिशन दे सकता है.

कॉल के दौरान भी रहेगा आपका कंट्रोल

Gemini के कॉल करने के दौरान यूजर लाइव ट्रांसक्रिप्ट देख सकता है और कॉल की आवाज भी सुन सकता है. अगर यूजर चाहे तो किसी भी समय कॉल रोक सकता है या खुद बातचीत संभाल सकता है. अगर यूजर खुद कॉल संभालता है तो Gemini सामने वाले व्यक्ति को इसकी जानकारी देगा और कॉल से हट जाएगा.

इन कामों के लिए नहीं कर सकेगा कॉल

Google ने कुछ लिमिट भी रखी हैं. Gemini आपकी ओर से इमरजेंसी कॉल नहीं कर सकता और न ही आपकी तरफ से कोई पेमेंट पूरा कर सकता है. इसके अलावा पासवर्ड जैसी संवेदनशील निजी जानकारी भी AI शेयर नहीं कर सकता.

अभी सभी यूजर्स के लिए नहीं है फीचर

फिलहाल Call for Me फीचर बीटा में है और इसकी पहुंच काफी सीमित रखी गई है. यह अमेरिका में 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के उन यूजर्स के लिए अभी जारी किया गया है जिनके पास Pixel 11 सीरीज का फोन है और Gemini का पेड AI सब्सक्रिप्शन है.

अभी Gemini सिर्फ अमेरिका के फोन नंबरों पर कॉल कर सकता है और रोजाना कॉल करने की भी एक लिमिट है. Google का कहना है कि इसे फिलहाल छोटे स्तर पर शुरू किया गया है, क्योंकि असली दुनिया की बातचीत काफी अलग होती है. कंपनी इस दौरान फीचर को बेहतर बनाने के बाद इसकी पहुंच और बढ़ाने की तैयारी कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More