SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अब टीवी पर दूसरों की कहानी नहीं, खुद बनो अपने शो के हीरो: Google ला रहा है ऐसा AI टीवी चैनल जो सिर्फ आपके लिए बनाएगा नए Shows

Google के नए AI पेटेंट 'My Channel' से अब आपके लिए बनेंगे पर्सनल टीवी शोज, जिसमें आप खुद हीरो बन सकते हैं. जानिए कैसे काम करेगा यह सिस्टम.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 26, 2026, 08:24 IST | Updated: Nov 26, 2026, 08:26 IST
Image Credit: Google ने एक ऐसे AI-पावर्ड टेलीविजन चैनल का कॉन्सेप्ट पेश किया है.
Join

सोचो कि आप अपना टीवी ऑन करो और सामने एक ऐसा चैनल चल रहा हो जिसका नाम आपके नाम पर हो, जिसकी कहानी आपकी फेवरेट थीम पर बनी हो, और सबसे तगड़ी बात—उस शो का लीड हीरो कोई और नहीं बल्कि आप खुद हों. सुनने में किसी ब्लैक मिरर एपिसोड जैसा लग रहा है ना. पर Google सच में कुछ ऐसा ही आइडिया एक्सप्लोर कर रहा है. पेटेंट-ट्रैकिंग साइट Patentlyze के मुताबिक, Google ने एक ऐसे AI-पावर्ड टेलीविजन चैनल का कॉन्सेप्ट पेश किया है जो हर दर्शक के लिए अलग और पर्सनलाइज्ड कंटेंट जनरेट कर सकता है.

क्या है Google का 'My Channel'?
अभी तक जो भी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स हैं, वे सिर्फ पहले से बनी हुई फिल्मों या वेब सीरीज को आपकी वॉच हिस्ट्री के हिसाब से सजेस्ट करते हैं. लेकिन Google का यह कॉन्सेप्ट, जिसे 'My Channel' कहा गया है, इससे कई कदम आगे जाता है. यहां AI पहले से बने शोज सिर्फ दिखाएगा नहीं, बल्कि दर्शक की पसंद के हिसाब से बिल्कुल नया वीडियो और ऑडियो कंटेंट खुद जनरेट करेगा.

इस आइडिया की पूरी झलक एक US पेटेंट एप्लीकेशन में देखने को मिली है, जिसका टाइटल है 'Creating a Channel of Video Experiences Tailored to a User'. Google LLC ने यह एप्लीकेशन 13 मई 2025 को फाइल की थी, और US Patent and Trademark Office यानी USPTO ने इसे 19 नवंबर 2026 को पब्लिश किया. इस फाइलिंग में Google के दो इंजीनियर्स, अरविंद रेड्डी अयुलुरी और प्रमीला काव्या थुम्मुरु को इन्वेंटर्स के तौर पर नामित किया गया है.

यह पर्सनल AI टीवी चैनल काम कैसे करेगा
पेटेंट के हिसाब से यह फीचर यूजर के नाम से एक पर्सनलाइज्ड और संभावित रूप से 24/7 चलने वाला AI-जनरेटेड टेलीविजन फीड तैयार कर सकता है. मान लो आपके चैनल पर ओरिजिनल शोज का एक कलेक्शन दिखेगा, जिसमें हर शो का एक टाइटल होगा और नीचे एक छोटा सा डिस्क्रिप्शन भी लिखा होगा, जैसे 'a crime/comedy caper'.

इसके पीछे का सिस्टम तीन बड़े सोर्सेज से जानकारी इकट्ठा करता है:

व्यूइंग प्रेफरेंसेज: आप किस तरह के जॉनर देखते हैं और कौन से टाइटल्स आपको पसंद आते हैं.

डिवाइस की डिटेल्स: आपके डिवाइस का IP एड्रेस क्या है, लैंग्वेज सेटिंग्स क्या हैं, और GPS लोकेशन क्या बता रही है.

डेमोग्राफिक डेटा: जैसे दर्शक किस एज ग्रुप से आता है.

सिस्टम इन सारे इनपुट्स को मिलाकर एक टेक्स्ट इंस्ट्रक्शन यानी प्रॉम्प्ट तैयार करता है, जिसे लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) को भेजा जाता है. फिर यही मॉडल उस प्रॉम्प्ट के आधार पर आपके लिए पर्सनलाइज्ड वीडियो कंटेंट जनरेट करता है.

बिना कुछ टाइप किए भी बनेंगे नए शोज
मजेदार बात यह है कि इस प्रोसेस को शुरू करने के कई तरीके हो सकते हैं. या तो आप खुद सीधे रिक्वेस्ट कर सकते हैं, या फिर वीकली, मंथली, या ईयरली टाइमर के हिसाब से नया कंटेंट अपने आप बन सकता है. पेटेंट के एक क्लेम में तो यह भी बताया गया है कि यूजर से कोई भी इनपुट लिए बिना भी सिस्टम खुद प्रॉम्प्ट जनरेट कर सकता है.

प्रॉम्प्ट बनाने के दो तरीके बताए गए हैं. पहला तरीका एक फिल-इन-द-ब्लैंक टेम्पलेट जैसा हो सकता है, जबकि दूसरे तरीके में एक दूसरा लैंग्वेज मॉडल इस्तेमाल हो सकता है जो करंट न्यूज़, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और स्पोर्ट्स स्कोर्स से जानकारी उठाएगा. यानी जो दुनिया में चल रहा है, उसका तड़का आपके शो में भी लग सकता है.

साथ ही, कंटेंट इस बात पर भी बदल सकता है कि आप कौन सा डिवाइस इस्तेमाल कर रहे हैं. जैसे आपके फोन और स्मार्ट टीवी पर अलग-अलग तरह के वीडियो आ सकते हैं. Mashable की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस एप्लीकेशन में एक 'advertising stitcher' का भी जिक्र है, जो AI-जनरेटेड वीडियो चलने से पहले उनमें विज्ञापन जोड़ सकता है.

क्या आप खुद अपने शो के हीरो बन पाएंगे
इस पूरे कॉन्सेप्ट का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा यही है. सिस्टम में ऐसा ऑप्शन हो सकता है जिससे दर्शक खुद AI-जनरेटेड शो का मुख्य किरदार बन जाए. इसके लिए सिस्टम किसी व्यक्ति की फोटो या वीडियो का इस्तेमाल करके उससे मिलता-जुलता डिजिटल अवतार बना सकता है, और साथ ही उसकी आवाज का इस्तेमाल करके लीड कैरेक्टर के डायलॉग भी जनरेट कर सकता है.

इतना ही नहीं, यह सिस्टम उन ऑडियो रिकॉर्डिंग्स से भी मदद ले सकता है जो आपने अपने टेलीविजन असिस्टेंट को वॉयस कमांड देते समय बोली थीं. ये रिकॉर्डिंग्स यूजर के नाम से सर्वर पर स्टोर हो सकती हैं और बाद में आपकी आवाज में डायलॉग तैयार करने के काम आ सकती हैं. हालांकि इसमें यह भी कहा गया है कि यूजर्स के पास इस बात पर कुछ कंट्रोल हो सकता है कि कौन सी जानकारी कलेक्ट की जाए और कैसे इस्तेमाल हो, पर यह कंट्रोल कितना गहरा होगा, यह अभी साफ नहीं है.

क्रिकेट फैंस के लिए तो यह किसी सपने जैसा है
पेटेंट फाइलिंग में एक बड़े टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट फैन का उदाहरण दिया गया है, जो भारतीय क्रिकेट लवर्स को काफी रिलेटेबल लगेगा. सिस्टम स्पोर्ट्स से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल करके दर्शक की पसंद का कंटेंट बना सकता है.

उदाहरण के लिए, अगर किसी इंडियन फैन ने हाल ही में किसी खास क्रिकेटर के हाइलाइट्स देखे हैं, तो AI क्रिकेट वर्ल्ड कप से जुड़ा एक कस्टमाइज्ड वीडियो बना सकता है. उसमें दर्शक का डिजिटल अवतार स्टैंड्स में बैठकर टीम इंडिया को चीयर करता हुआ दिख सकता है, या फिर अपने पसंदीदा खिलाड़ी से सीधे बातचीत करता हुआ भी नजर आ सकता है. इसके अलावा, अगर आपको क्राइम, थ्रिलर और एक्शन पसंद है, तो सिस्टम इन तीनों थीम्स को मिलाकर एक नया शो भी तैयार कर सकता है.

तो क्या 'My Channel' जल्द लॉन्च होने वाला है
यहीं पर थोड़ा रियलिटी चेक जरूरी है. अभी के लिए 'My Channel' सिर्फ एक पेटेंट एप्लीकेशन में बताया गया कॉन्सेप्ट है, न कि Google का कोई कन्फर्म प्रोडक्ट. Patentlyze की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पेटेंट एग्जामिनर ने इस एप्लीकेशन को कथित तौर पर रिजेक्ट भी कर दिया है, हालांकि रिजेक्शन की सही वजह सामने नहीं आई है. Google के पास अभी भी अपने क्लेम्स में बदलाव करने या इस फैसले के खिलाफ अपील करने का रास्ता खुला है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES