Facebook ने बदल दिया ऐप खोलने का अंदाज! अब सबसे पहले दिखेंगी Reels, भारत में टेस्टिंग शुरू
मेटा ने भारत में फेसबुक का नया रील्स-फर्स्ट एक्सपीरियंस टेस्ट करना शुरू कर दिया है. अब ऐप खोलते ही पुरानी फीड की बजाय सीधे फुल-स्क्रीन वीडियो दिखेंगे, लेकिन इसके साथ ही यूजर्स के पास पुराने फॉर्मेट पर लौटने का ऑप्शन भी रहेगा.
अगर आप भी फेसबुक यूजर हैं और आपकी भी आदतफोन खोलते ही सबसे पहले फेसबुक की पुरानी फीड देखने की है, तो अब यह आदत थोड़ी बदलने वाली है. दरअसल, मेटा ने भारत में फेसबुक का एक नया और बिल्कुल अलग अंदाज टेस्ट करना शुरू कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस नए बदलाव के तहत ऐप खोलते ही यूजर्स को ट्रेडिशनल होमपेज की बजाय सीधे फुल-स्क्रीन वीडियो यानी रील्स का एक्सपीरियंस मिलने लगा है.
मेटा भारत में Facebook के एक नए Reels-First एक्सपीरियंस की टेस्टिंग कर रहा है. इस टेस्ट में शामिल कुछ यूजर्स को ऐप खोलते ही सामान्य फीड की जगह सीधे फुल स्क्रीन वीडियो दिखाई दे रहे हैं. यानी Facebook खोलने पर सबसे पहले पोस्ट, फोटो या सामान्य अपडेट की जगह Reels सामने आएंगी.
TechCrunch की रिपोर्ट के अनुसार, फेसबुक का यह नया एक्सपीरियंस फिलहाल भारत में चुनिंदा यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है. इसका मकसद ऐप में वीडियो को ज्यादा अहम जगह देना है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Facebook का पुराना Feed पूरी तरह खत्म हो जाएगा.
ऐप में अलग से मिलेगा Feed का ऑप्शन
नए Reels-First एक्सपीरियंस में यूजर्स को पुराने फीड का ऑप्शन भी मिलता रहेगा. रिपोर्ट के अनुसार, Facebook के मौजूदा Feed को ऐप में एक अलग टैब के तौर पर रखा जाएगा. अगर किसी यूजर को वीडियो से शुरुआत करने वाला नया इंटरफेस पसंद नहीं आता है, तो वह वापस Feed-First एक्सपीरियंस पर जा सकता है.
यानी Meta यूजर्स को पूरी तरह नए सिस्टम में भेजने के बजाय दोनों ऑप्शन उपलब्ध कराने की तैयार में है. जिन लोगों को फेसबुक पर पोस्ट, फोटो और दूसरे अपडेट देखना पसंद है, वे पुराने तरीके से ऐप इस्तेमाल कर सकेंगे.
भारत में ही क्यों हो रही है टेस्टिंग?
Facebook के इस बदलाव की पहली जानकारी जुलाई में सामने आई थी. उस समय Facebook के चीफ टॉम ने बताया था कि Meta उन देशों में इस नए एक्सपीरियंस को ट्राई करने की तैयारी कर रहा है, जहां अमेरिका के बाहर वीडियो ज्यादा पसंद है. भारत इसी प्लानिंग के तहत एक बड़ा मार्केट है.
Meta पहले भी भारत में अपने वीडियो से जुड़े कई बदलावों की टेस्टिंग कर चुका है. साल 2020 में TikTok पर बैन के बाद Instagram ने भारत में Reels के लिए अलग टैब की टेस्टिंग की थी. इसके बाद कंपनी ने पिछले साल भारत और दक्षिण कोरिया में कुछ Instagram यूजर्स के लिए Reels-First एक्सपीरियंस भी शुरू किया था. इसमें ऐप खोलते ही यूजर को सीधे वीडियो फीड दिखाई देती थी.
(ये भी पढ़ेंः दीवाली से पहले एयरटेल का बड़ा तोहफा! पोस्टपेड यूजर्स को हर साल मिलेगी फ्री इंटरनेशनल रोमिंग, जानिए प्लान्स की डिटेल्स)
Meta के लिए भारत है बड़ा मार्केट
वीडियो पर फोकस बढ़ाने की Meta की रणनीति में भारत की अहम भूमिका है. रिपोर्ट में Meta के विज्ञापन टूल्स के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि भारत में Facebook के 400 मिलियन से ज्यादा यूजर्स हैं. यूजर्स की संख्या के लिहाज से भारत Meta का सबसे बड़ा मार्केट बताया जाता है.
फिलहाल Reels-First एक्सपीरियंस टेस्टिंग तक सीमित है. Meta इसे सभी यूजर्स के लिए कब उपलब्ध करेगा, इस बारे में अभी कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है.