SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चीन की खूबसूरत हसीना और अरबों के AI चिप्स का चक्कर, Jensen Huang की सीक्रेट गर्लफ्रेंड पर ट्रंप का बोल्ड अंदाज

पूर्व Nvidia CEO जेन्सन हुआंग के अफेयर और कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग विवाद पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान. जानिए पूरी कहानी.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 19, 2026, 11:15 IST | Updated: Nov 19, 2026, 11:18 IST
Image Credit: पूर्व Nvidia CEO जेन्सन हुआंग के अफेयर पर ट्रंप का बयान वायरल.
Join

Nvidia के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग का इस्तीफा, एक एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर, कथित चीनी जासूसी के आरोप और अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एकदम बेबाक बयान. ट्रंप ने इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए न सिर्फ जेन्सन हुआंग को एक ब्रिलियंट इंसान बताया, बल्कि एलिस हुआंग पर लगे जासूसी के आरोपों को भी अपने खास अंदाज में खारिज कर दिया. ट्रंप ने सीधे कह दिया कि चीन से आने वाली किसी भी खूबसूरत महिला को जासूस मान लिया जाता है.

ट्रंप ने जेन्सन हुआंग को बताया जीनियस और घटना को त्रासदी
पिछले हफ्ते Nvidia के CEO पद से इस्तीफा देने वाले जेन्सन हुआंग इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में हैं. उन्होंने एलिस हुआंग नाम की एक महिला के साथ अपने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात कबूल की थी, जिसके बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा. आरोप है कि एलिस की कंपनी ने चीन को Nvidia के उन एडवांस कंप्यूटर चिप्स तक पहुंच दिलाने में मदद की, जिनका इस्तेमाल AI मॉडल बनाने में होता है.

गुरुवार को शेनझेन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद फॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पुराने सहयोगी जेन्सन हुआंग की जमकर तारीफ की. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को जेन्सन जैसे अपने जीनियस लोगों का ख्याल रखना चाहिए. उन्होंने इस स्कैंडल को एक त्रासदी बताते हुए कहा कि जेन्सन एक बेहद शानदार इंसान हैं और कुछ लोगों की जगह कोई नहीं ले सकता. ट्रंप के मुताबिक जेन्सन समय से 10 साल आगे थे और ऐसे जीनियस लोग बहुत कम होते हैं.

चीन से आने वाली हर खूबसूरत महिला को जासूस मान लेते हैं
ट्रंप ने यह भी बताया कि शी जिनपिंग के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने संक्षेप में जेन्सन हुआंग का जिक्र किया था. उन्होंने कहा कि हमने इस पर कोई लंबी चर्चा नहीं की, बस हल्का सा जिक्र किया क्योंकि यह वाकई एक दुखद घटना है.

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या जेन्सन हुआंग का यह अफेयर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा था, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं सुना कि एलिस कोई जासूस थी, और उन्हें एक प्रिटी वुमन यानी खूबसूरत महिला बताया. ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि चीन से आने वाली किसी भी खूबसूरत महिला को ये लोग जासूस मान लेते हैं. उन्होंने एलिस को एक बिजनेसवुमन बताया जिसने चिप्स खरीदे थे. ट्रंप बोले कि किसे पता कि वे सही तरीके से खरीदे गए या गलत, लेकिन मैं इतना कह सकता हूं कि हम उन्हें खरीदने की इजाजत देते हैं क्योंकि हम पैसा कमाना चाहते हैं.

कौन हैं एलिस हुआंग और क्या है मेगास्पीड का कनेक्शन
अब सवाल उठता है कि आखिर एलिस हुआंग हैं कौन, जिनके नाम ने वाशिंगटन से लेकर सिंगापुर तक हलचल मचा रखी है. एलिस सिंगापुर स्थित टेक ग्रुप मेगास्पीड की प्रमुख रह चुकी हैं. यह कंपनी बड़े डेटा सेंटर्स के अंदर हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग को पावर देने के लिए Nvidia के एडवांस सिलिकॉन चिप्स का इस्तेमाल करती है.

एलिस मार्च से नवंबर 2023 तक, यानी एक साल से भी कम समय के लिए मेगास्पीड की डायरेक्टर रहीं. लेकिन उनके आने के साथ ही कंपनी की किस्मत रातों-रात बदल गई. एक अनजान सी वीडियो गेम बनाने वाली कंपनी अचानक एशिया में Nvidia चिप्स की सबसे बड़ी खरीदारों में से एक बन गई. 2024 में दाखिल किए गए कंपनी के खातों के मुताबिक, महज 12 महीनों के भीतर मेगास्पीड का रेवेन्यू शून्य से उछलकर लगभग 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया.

सिंगापुर पुलिस से लेकर अमेरिकी जांचकर्ताओं तक की रडार पर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेगास्पीड ने कथित तौर पर चीन में Nvidia चिप्स भेजकर ट्रेड प्रतिबंधों से बचने में बीजिंग की मदद की. हालांकि चीन ने जासूसी के सभी आरोपों से इनकार किया है और मेगास्पीड ने कहा है कि वो इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसने संवेदनशील चिप्स पर लगे एक्सपोर्ट कंट्रोल नियमों का पालन किया था.

फरवरी 2025 में सिंगापुर पुलिस ने मेगास्पीड और कई अन्य कंपनियों के खिलाफ जांच शुरू की, जिन पर एक्सपोर्ट कंट्रोल नियमों को तोड़ने या चकमा देने का शक था. इस जांच के तहत जेन्सन हुआंग से भी पूछताछ की गई थी. इसके बाद जून 2025 में अमेरिकी जांचकर्ता भी पोस्ट-शिपमेंट वेरिफिकेशन के लिए मेगास्पीड पहुंचे, और उस वक्त एलिस भी वहां मौजूद थीं. सिंगापुर के गृह मंत्रालय के मुताबिक, उसी दिन सिंगापुर पुलिस ने एलिस से पूछताछ की और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया. तब तक एलिस और जेन्सन हुआंग को सार्वजनिक रूप से साथ देखा जा चुका था.

हालांकि उन पर कोई औपचारिक आरोप नहीं लगे, लेकिन मेगास्पीड में अपनी भूमिका को कम करके दिखाने के लिए गलत जानकारी देने के कारण फरवरी 2026 में उन्हें सिंगापुर में आने से बैन कर दिया गया. खास बात यह है कि इस स्कैंडल के सार्वजनिक होने से काफी पहले ही ट्रंप को इस रिश्ते से जुड़ी खुफिया जानकारी दे दी गई थी, लेकिन खबर बाहर आने के बाद ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस जानकारी पर कार्रवाई न करने का कोई अफसोस नहीं है.

शेल कंपनियों और बड़ी टेक फर्मों का लंबा नेटवर्क
एलिस हुआंग का नाम कई शेल कंपनियों, इन्वेस्टमेंट हाउसेस और बड़ी चीनी टेक्नोलॉजी कंपनियों से जुड़ा हुआ है. हांगकांग में दाखिल कॉरपोरेट रिकॉर्ड्स के मुताबिक, वो नानजिंग लिंगक्सिंग टेक्नोलॉजी की डायरेक्टर हैं, जो चीन में मशहूर T3 राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म चलाती है. इस कंपनी में अलीबाबा और टेनसेंट के अलावा चाइना FAW और डोंगफेंग मोटर ग्रुप जैसी सरकारी कार कंपनियां भी निवेशक हैं.

एक चीनी इन्वेस्टमेंट फर्म द्वारा जारी उनके कॉरपोरेट रिज्यूमे से पता चलता है कि उन्होंने एशियाई इन्वेस्टमेंट बैंकिंग में कितनी तेजी से तरक्की की. दावे के मुताबिक, 2012 के आसपास वो HSBC में एक सीनियर पद पर थीं, जिसके बाद उन्होंने CITIC सिक्योरिटीज और शंघाई हेक्सी इन्वेस्टमेंट में काम किया. सिंगापुर की बिजनेस फाइलिंग में उन्हें हांगकांग पासपोर्ट धारक एक चीनी नागरिक बताया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका जन्म चीन के हुनान प्रांत में हुआ था, जिसे छोड़कर वो मीडिया की पढ़ाई करने हांगकांग चली गई थीं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES