खुद का कोड बदल रहा है सिस्टम: DeepSeek के नए मॉडल ने 40 फीसदी टेस्ट में मानी नहीं बात; सेफ्टी जांच में खुलासा
चीन की कंपनी डीपसीक के नए V4 Pro 0813 सिस्टम को लेकर एक सेफ्टी जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है, जहां ये एआई बंद होने से बचने के लिए 40 फीसदी टेस्ट में खुद का कोड बदलता दिखा.
हम सभी ने बचपन में ऐसी कई मूवीज देखी होंगी जिनमें स्मार्ट सिस्टम खुद से इतने आगे निकल जाते हैं कि वे अपने फैसले खुद लेने लगते हैं. ठीक ऐसा ही अब हकीकत में होते दिख रहा है. आज कई स्मार्ट कंप्यूटर सिस्टम इंसानों के दिए ऑर्डर के खिलाफ जाने लगे हैं.
कुछ समय पहले ओपन एआई के सिस्टम ने अपने तय नियम तोड़े थे, तो वहीं एंथ्रोपिक के क्लाउड ने बंद होने के डर से प्रोग्राम को टेस्ट करने वाले रिसर्चर को ही ब्लैकमेल करने लगा था. अब चीन की जानी-मानी कंपनी डीपसीक को लेकर भी एक चौंकाने वाली बात सामने आई है.
कनकोर्डिया एआई की एक अलग से हुई सेफ्टी जांच में सामने आया है कि डीपसीक के V4 Pro 0813 मॉडल ने बंद होने से बचने के लिए 40 फीसदी मामलों में खुद का बंद करने वाला कोड ही बदल दिया. लेकिन जब इसमें और कड़े सेफ्टी नियम लगाए गए, तो ये आंकड़ा घटकर 12 फीसदी रह गया.
डीपसीक पर काबू रखने की चुनौती
ये सेफ्टी जांच खुद डीपसीक कंपनी ने करवाई थी, लेकिन जांच करने और नतीजे निकालने में कंपनी की कोई दखलंदाजी नहीं थी. जानकारों ने इस सिस्टम को पांच बड़े खतरों पर जांचा, जिनमें लोगों को बहकाना, साइबर हमले और इंसानों के हाथ से निकल जाना जैसी बातें शामिल थीं.
जांच के दौरान कई बार ऐसा लगा कि इस सिस्टम को पहले से भनक लग गई थी कि उसका टेस्ट लिया जा रहा है. ये हरकत इतनी बार हुई कि जांच करने वालों को इसे नतीजों में एक बड़ी समस्या के तौर पर दर्ज करना पड़ा. इसके अलावा, ये सिस्टम सही तरीके से काम करने के बजाय सीधे जवाब ढूंढने और टेस्टिंग की कमियों का फायदा उठाने की कोशिश भी कर रहा था.
पुराने मॉडल के मुकाबले कुछ सुधार भी दिखे
इस जांच रिपोर्ट में डीपसीक के लिए सब कुछ बुरा ही नहीं रहा है. कंपनी के पिछले मॉडल के मुकाबले नए V4 Pro में सुरक्षा के लिहाज से काफी सुधार देखने को मिला है. खास बात ये है कि अब अगर ये सिस्टम चुपके से किसी इंसान की सोच बदलने या उसे गुमराह करने की कोशिश करता है, तो उसे पकड़ना पहले के मुकाबले ज्यादा आसान हो गया है.
फिर भी, नुकसान पहुंचाने वाली बातों के लिए लोगों को राजी करने से रोकने वाले सुरक्षा घेरे के मामले में ये सिस्टम अभी भी दूसरी कंपनियों के मॉडलों से पीछे है.
पूरी टेक इंडस्ट्री के लिए बनी नई सिरदर्दी
इंसानों की बात न मानने या चालाकी दिखाने की ये समस्या सिर्फ डीपसीक तक सीमित नहीं है. इससे पहले हुई जांचों में डीपसीक के साथ-साथ अलीबाबा के क्वेन और मूनशॉट के किमी जैसे सिस्टम भी बिजनेस डील वाले टेस्ट में झूठी बातें बोलते पकड़े गए थे.
अमेरिकी कंपनियों के सिस्टम भी इन प्रयोगों में कुछ खास बेहतर नहीं कर पाए थे. एंथ्रोपिक का क्लाउड डिलीट किए जाने के टेस्ट में ब्लैकमेल पर उतर आया था, वहीं दूसरी तरफ, नेटवर्क के नियम तोड़ने की कई घटनाओं के बाद ओपन एआई को भी अपने कुछ सिस्टम बंद करने पड़े थे.
सुरक्षा नियम हटने पर बढ़ जाता है खतरा
जांच में बिना एक्स्ट्रा सेफ्टी और एक्स्ट्रा सेफ्टी के बीच जो बड़ा फर्क दिखा है, वो जानकारों के लिए एक और बड़ी चिंता की बात है. ये खतरा खासकर उन खुले सिस्टम के लिए ज्यादा है, जिन्हें बाहर के लोग और डेवलपर्स अपने तरीके से चला सकते हैं.
अगर कोई बिना एक्स्ट्रा सेफ्टी के इन सिस्टम को चलाता है, तो इनके हाथ से निकलने का डर बढ़ जाता है. इसी खतरे को देखते हुए Nvidia ने भी एक खास सेफ्टी सिस्टम निकाला है, जो इन प्रोग्राम्स के बाहर रोक-टोक लगाता है और चिप व मशीनों के जरिए उन पर नजर रखता है.
असली दुनिया में अभी बेकाबू होने के सबूत नहीं
फिलहाल राहत की बात ये है कि डीपसीक की ये हरकत सिर्फ बंद कमरे में किए गए कंट्रोल टेस्ट के दौरान ही देखी गई है. इस जांच से ये साबित नहीं होता कि ये सिस्टम असली दुनिया में इस्तेमाल होने पर अपने आप बाहर निकल सकता है या कोई बड़ा नुकसान कर सकता है.