SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एआई पर भरोसा करना पड़ा भारी! Claude ने डिलीट किए प्रोफेसर के 1 साल के नोट्स, फिर खुद मांगी माफी

AI टूल से काम आसान जरूर होता है, लेकिन इन पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करना कभी-कभी भारी पड़ सकता है. ऐसा ही कुछ शिकागो यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर के साथ हुआ, जब Claude ने उनके जरूरी लेक्चर नोट्स और सिलेबस ही डिलीट कर दिए.

Written By Udbhav Tripathi
Published: Nov 10, 2026, 07:37 AM IST | Updated: Nov 10, 2026, 07:42 AM IST
Image Credit: AI चैटबॉट ने डिलीट की फाइलें
Join

आज के इस डिजिटल युग में बहुत से लोग अपने काम को जल्दी पूरा करने या आसान बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI टूल का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन एआई टूल को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जो इन टूल पर आंख बंद कर भरोसा करने वालों को चौंका सकता है. Anthropic के चैटबॉट Claude ने एक प्रोफेसर के एक साल के लेक्चर नोट्स और मौजूदा सेमेस्टर का सिलेबस ही डिलीट कर दिया. सबसे हैरानी की बात यह है कि प्रोफेसर ने Claude को सिर्फ नोट्स में पेज नंबर ठीक करने का काम दिया था.

इस मामले को सबसे पहले Dexerto ने रिपोर्ट किया. शिकागो यूनिवर्सिटी में लॉ के प्रोफेसर विलियम बाउड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने बताया कि वह Claude से अपने पुराने कॉन्स्टिट्यूशनल लॉ के लेक्चर नोट्स में पेज नंबर अपडेट करवा रहे थे. इसके बाद वह लंच करने चले गए. जब वापस लौटे तो पता चला कि चैटबॉट ने उनके जरूरी डॉक्यूमेंट्स डिलीट कर दिए हैं.

Claude ने खुद कबूली फाइलें डिलीट करने की बात

विलियम बाउड ने अपनी पोस्ट के साथ Claude की बातचीत का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया. इसमें चैटबॉट ने माना कि उससे गलती से प्रोफेसर का Fall 2026 का फाइनल सिलेबस और 2023 के कॉन्स्टिट्यूशनल लॉ क्लास के नोट्स वाले कई फोल्डर डिलीट हो गए थे.
Claude ने साफ तौर पर बताया कि उसने ये फाइलें डिलीट की हैं और अभी तक उन्हें वापस भी नहीं लाया है. चैटबॉट ने यह भी कहा कि जांच के दौरान उसे पेज नंबर से जुड़ी एक गलती मिली थी, लेकिन उसने नोट्स में कोई बदलाव नहीं किया था.

इसके बाद Claude ने प्रोफेसर से पूछा कि क्या वह Dropbox की मदद से इन फाइलों को वापस पा सकते हैं या उसे खुद इन्हें रिकवर करने की कोशिश करनी चाहिए. चैटबॉट ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि प्रोफेसर का नाराज होना जायज है और फाइलें डिलीट करना उसकी लापरवाही थी. उसने यह भी माना कि इस परेशानी को ठीक करने की जिम्मेदारी प्रोफेसर पर नहीं होनी चाहिए.

Dropbox की मदद से वापस मिले सभी डॉक्यूमेंट्स

प्रोफेसर ने साफ किया कि उन्होंने Claude को फाइलों को इधर-उधर करने या किसी तरह का बड़ा बदलाव करने के लिए नहीं कहा था. उनका निर्देश सिर्फ पुराने लेक्चर नोट्स में पेज नंबर अपडेट करने का था. लेकिन, इस घटना के बाद अच्छी बात यह रही कि बाउड Dropbox की मदद से अपने सभी डिलीट हुए डॉक्यूमेंट्स वापस पाने में सफल रहे. उन्होंने X पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि उन्हें सभी फाइलें वापस मिल गई हैं.

फिलहाल यह साफ नहीं है कि घटना के समय प्रोफेसर Claude के किस मॉडल का इस्तेमाल कर रहे थे. इसके साथ ही यह भी पता नहीं चल पाया है कि आखिर किस वजह से चैटबॉट ने ये फाइलें डिलीट कीं.

(ये भी पढ़ेंः सावधान! फोन से चिपके रहने वाले बच्चे हो सकते हैं साइबर बुलिंग के शिकार, जानिए AI कैसे बढ़ा रहा है मुसीबत? )

AI से जुड़ी यह घटना ऐसे समय पर आई है, जब टेक कंपनियां अपने चैटबॉट को यूजर्स की फाइलों, ऐप्स और कंप्यूटर पर सीधे काम करने की सुविधा दे रही हैं. इससे कई काम आसान हो सकते हैं, लेकिन जरूरी डॉक्यूमेंट्स में कुछ एडिटिंग कराने पर खतरा भी हो सकता है. ऐसे में किसी भी चैटबॉट को फाइलों तक पहुंच देने से पहले सावधानी बरतना जरूरी है.

(ये भी पढ़ेंः  'मैंने अपनी पत्नी से बेवफाई की...', Nvidia के सीईओ ने चीनी जासूस से अफेयर की बात कबूली, ईमेल में हुआंग ने क्या कहा?)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES