इंसानों को भूल जाइए! अब मशीनें ही खुद बना रही हैं रोबोट, चीन में शुरू हुआ दुनिया का पहला प्लांट, देखिए वीडियो
अब रोबोट को बनाने के लिए इंसानों की जरूरत नहीं होगी! चीन ने दुनिया का पहला ऐसा हैरान करने वाला प्लांट शुरू कर दिया है, जहां मशीनें खुद अपने जैसी नई मशीनों को तैयार कर रही हैं. इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या आपने कभी सोचा है कि जिस मशीन को इंसान बनाता है, वही मशीन खुद ही किसी दूसरी मशीन को जन्म देने लगे? टेक्नोलॉजी की दुनिया से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर शायद ही आप यकीन कर पाएंगे. चीन की जानी-मानी टेक कंपनी Xpeng ने रोबोटिक्स की दुनिया में एक ऐसा कदम उठाया है, जो साइंस-फिक्शन फिल्मों की कहानी जैसा लगता है. चीपी कंपनी ने दुनिया की पहली ऐसी ऑटोमैटेड फैक्ट्री लॉन्च की है, जहां रोबोट खुद अपने जैसे नए रोबोट तैयार कर रहे हैं. इस प्लांट में इंसानों की मदद के बिना रोबोट्स को असेंबल किया जाता है.
Xpeng के चेयरमैन और सीईओ शियाओपेंग हे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसका एक वीडियो भी शेयर किया है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक आयरन ह्यूमेनॉइड रोबोट खुद-ब-खुद असेंबल होकर अपनी लाइन से बाहर निकलता है और चलकर कंपनी के चीफ के पास जाता है. इसके बाद रोबोट वहां रुक जाता है और CEO उसके गले में एक कार्ड पहनाते हैं.
80% से ज्यादा काम ऑटोमैटिक
Xpeng का दावा है कि इस प्रोडक्शन लाइन के 80 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरी तरह ऑटोमैटिक हैं. इसमें कारों को बनाने वाले हाई-क्वालिटी सिस्टम और सटीक रोबोट मैन्युफैक्चरिंग तकनीक का प्रयोग किया गया है. कंपनी इस साल के आखिरी तक इन रोबोट्स का बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन शुरू करने की योजना बना रही है. शुरुआत में इन्हें कंपनी के अपने स्टोर और कैंपस में उतारा जाएगा, वहीं चीन और दूसरे देशों के मार्केट में इनकी डिलीवरी साल 2027 तक शुरू हो सकती है.
क्या है Xpeng का IRON रोबोट?
इस रोबोट को सबसे पहले पिछले साल नवंबर में Xpeng के AI डे पर लॉन्च किया गया था. इस रोबोट की बनावट और चलने का तरीका इतना शानदार है कि लोगों को लगा था कि शायद इसके अंदर कोई इंसान सूट पहनकर चल रहा है. इस बात को साबित करने के लिए इंजीनियर्स ने रोबोट के पैर को काटकर भी दिखाया था कि यह पूरी तरह मशीन है.
इस रोबोट के शरीर में कुल 76 डिग्री ऑफ फ्रीडम हैं, और अकेले इसके दोनों हाथों में 21 डिग्री ऑफ फ्रीडम दिए गए हैं.
यह रोबोट Xpeng के इन-हाउस बने तीन ट्यूरिंग AI चिप्स पर काम करता है, जो इसे शानदार कंप्यूटिंग पावर देते हैं.
इसमें ऐसा फिजिकल AI मॉडल लगा है, जिससे यह बिना किसी इंसान की रिमोट मदद के अपने आप मुश्किल काम कर सकता है.
चीन में रोबोटिक्स की रफ्तार तेज
चीन लगातार रोबोटिक्स के सेक्टर में नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है. हाल ही में हुए वर्ल्ड ह्यूमेनॉइड रोबोट गेम्स में यूनिट्री और एजीबॉट जैसी कंपनियों ने भी अपनी एडवांस तककीनों को दुनिया के सामने लाया. इस दौरान बीजिंग ह्यूमेनॉइड रोबोट इनोवेशन सेंटर से बनाए गए तियांगोंग अल्ट्रा रोबोट ने 100 मीटर की दूरी सिर्फ 9.39 सेकंड में पूरी कर ली, जो कि महान धावक उसेन बोल्ट के वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी तेज है.
(ये भी पढे़ंः Apple Event 2026: iPhone 18 Pro Max में क्या पुराना डिजाइन चिपकाएगा एप्पल? क्या 10 फीचर्स भी रहेंगे वही के वही?)
कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में ये रोबोट इंसानों के लिए खतरनाक और थकाऊ काम आसानी से संभाल सकेंगे और एक दिन हमारे अच्छे दोस्त या परिवार का हिस्सा बन जाएंगे.
(ये भी पढ़ेंः 'हैलो! मैं कौआ बोल रहा हूं...' AI की मदद से जानवर करेंगे आपसे बात, मगर ये 1 गलती पड़ेगी भारी!)