App

Android फोन यूजर्स सावधान! सरकार ने जारी की बड़ी चेतावनी, एक गलती से खतरे में पड़ सकता है आपका पर्सनल डेटा

Android स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. CERT-In के मुताबिक, फोन में मौजूद कुछ खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स पर्सनल डेटा चुरा सकते हैं. इस खतरे से बचने के लिए यूजर्स को जल्द से जल्द फोन का सिक्योरिटी अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है.

Android फोन यूजर्स सावधान! सरकार ने जारी की बड़ी चेतावनी, एक गलती से खतरे में पड़ सकता है आपका पर्सनल डेटा
Image Credit: Android फोन सिक्योरिटी अलर्ट

अगर आप भी Android स्मार्टफोन यूजर हैं, तो जरा सावधान हो जाइए. एक छोटी सी गलती आपकी प्राइवेसी को बड़े खतरे में डाल सकती है. इसी को लेकर भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने अलर्ट जारी किया है. सरकारी साइबर सुरक्षा एजेंसी ने Android फोन में मौजूद कुछ सुरक्षा खामियों को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस चेतावनी में Android 14, Android 15, Android 16, Android 16 QPR2 और Android 17 पर चलने वाले डिवाइस शामिल हैं. एजेंसी ने यूजर्स और संस्थानों को जल्द से जल्द अपने फोन अपडेट करने की सलाह दी है.

CERT-In ने इस संबंध में सिक्योरिटी नोट CIVN-2026-0536 जारी किया है. एजेंसी के मुताबिक, फोन के कुछ जरूरी सिस्टम में ऐसी कमियां मिली हैं, जिनका फायदा उठाकर साइबर अपराधी डिवाइस को निशाना बना सकते हैं. ऐसे में फोन इस्तेमाल करने वालों को इस चेतावनी को हल्के में नहीं लेना चाहिए.

फोन में मौजूद इन खामियों से क्या खतरा है?

CERT-In की रिपोर्ट के मुताबिक, Android के Framework और System जैसे जरूरी हिस्सों में कई सुरक्षा कमियां पाई गई हैं. इनका फायदा उठाकर हैकर्स फोन में अपनी मर्जी से खतरनाक कोड चला सकते हैं. खास बात यह है कि कुछ मामलों में इसके लिए यूजर को किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत भी नहीं पड़ सकती.

अगर कोई साइबर अपराधी इन खामियों का फायदा उठाने में कामयाब हो जाता है, तो वह फोन में अपनी पहुंच बढ़ा सकता है. इससे उसे उन फीचर्स और जानकारियों तक पहुंच मिल सकती है, जिनकी अनुमति आमतौर पर किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं होती. इसका सीधा असर यूजर की पर्सनल जानकारी पर पड़ सकता है. हैकर्स फोन में मौजूद जरूरी डेटा चुरा सकते हैं, सुरक्षित जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं या डिवाइस को क्रैश करके उसका काम करना बंद कर सकते हैं.

Google ने जारी कर दिया है सिक्योरिटी अपडेट

इस मामले में राहत की बात यह है कि Google ने इन सुरक्षा खामियों को ठीक करने के लिए अपडेट जारी कर दिया है. कंपनी ने 2 नवंबर को अपना नवंबर 2026 Android Security Bulletin भी जारी किया था. इसमें इन खामियों और उनसे बचाव के लिए किए गए सुधारों की जानकारी दी गई है. Google ने इन समस्याओं को ठीक करने के लिए 1 नवंबर और 5 नवंबर 2026 के सिक्योरिटी पैच जारी किए हैं. ऐसे में सिर्फ फोन में Android का नया वर्जन होना काफी नहीं है. यह देखना भी जरूरी है कि आपके डिवाइस में कौन सा सिक्योरिटी पैच इंस्टॉल है.

लेकिन, सभी स्मार्टफोन में अपडेट एक साथ नहीं पहुंचता. Samsung, Xiaomi, OnePlus और दूसरी कंपनियां अपने फोन के हिसाब से अपडेट जारी करती हैं. इसलिए कुछ यूजर्स को इस अपडेट के लिए कुछ दिन या हफ्तों का इंतजार करना पड़ सकता है.

ऐसे चेक करें अपने फोन का सिक्योरिटी अपडेट

अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके फोन में नया सिक्योरिटी अपडेट आया है या नहीं, तो इसके लिए सेटिंग्स में जाकर चेक कर सकते हैं.

सबसे पहले फोन की Settings खोलें.

अब System या Software Update के विकल्प पर जाएं.

यहां Check for Updates पर टैप करें.

अगर नया अपडेट दिखाई देता है, तो उसे डाउनलोड करके इंस्टॉल कर लें.

अगर आपके फोन में नवंबर का सिक्योरिटी अपडेट अभी नहीं आया है, तो किसी अनजान वेबसाइट से अपडेट डाउनलोड करने की गलती न करें. फिलहाल संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान ऐप इंस्टॉल करने से बचें. इसके साथ ही फोन में Google Play Protect को ऑन रखें. यह फीचर फोन में मौजूद ऐप्स को स्कैन करता है और नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्स की पहचान करने में मदद करता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More