SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चोरी हो सकता है वॉट्सऐप यूजर्स का प्राइवेट डेटा, सरकारी एजेंसी ने जारी किया हाई-रिस्क अलर्ट; कहा- तुरंत कर लें ये काम

साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने 26 नवंबर को वॉट्सऐप में मौजूद पांच गंभीर बग्स को लेकर हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है. इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स प्राइवेट डेटा चुरा सकते हैं और डिवाइस तक पहुंच बना सकते हैं, जिसके चलते एजेंसी ने तुरंत ऐप अपडेट करने की सलाह दी है.

Written By Harsh Singh
Published: Nov 27, 2026, 13:20 IST | Updated: Nov 27, 2026, 13:30 IST
Join

आज के समय में वॉट्सऐप को लगभग सभी लोग इस्तेमाल करते हैं. इस ऐप में कई बग्स पकड़े गए हैं, जिसको लेकर साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने 26 नवंबर को एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि हैकर्स वॉट्सऐप के इन बग्स का फायदा उठाकर यूजर्स के प्राइवेट डेटा को चुरा सकते हैं.

इसमें कहा गया है कि इसका खतरा सिर्फ मोबाइल फोन वालों को ही नहीं, बल्कि मैक और विंडोज का इस्तेमाल करने वाले लोगों को भी हो सकता है. ऐसे में एजेंसी का कहना है कि यूजर्स तुरंत अपने वॉट्सऐप को नए वर्जन में अपडेट कर लें.

खास मैसेज और लिंक के जरिए हो सकता है हमला

सरकारी एजेंसी के मुताबिक साइबर अपराधी इन खामियों का इस्तेमाल करने के लिए खास तरह से तैयार किए गए मैसेज, अटैचमेंट या लिंक भेज सकते हैं. एडवाइजरी में वॉट्सऐप के अलग-अलग वर्जन में मौजूद कुल पांच बग्स की पहचान की गई है.

पहले बग की बात करें तो वो CVE-2026-102769 है, जो एंड्रॉयड यूजर्स पर अटैक करती है. इसमें ऑर्डर डिटेल्स जैसा दिखने वाला एक खास मैसेज भेजा जाता है.

अगर यूजर इस पर टैप करता है, तो फोन में मौजूद वॉट्सऐप की फाइलें डिलीट हो सकती हैं और ऑनलाइन रहने पर चैट डेटाबेस से जुड़ी जानकारी भी लीक होने का खतरा रहता है.

सर्टिफिकेट जांच और विज्ञापन वाले लिंक से भी खतरा

दूसरा बग CVE-2026-44908 है, जो मेटा के कंप्यूटिंग सिस्टम से जुड़े सर्टिफिकेट चेन की गलत जांच से जुड़ा है. इसके जरिए अंदरूनी नेटवर्क में मौजूद कोई व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर डिवाइस तक पहुंच सकता है, लेकिन वॉट्सऐप ने साफ किया है कि इसका अब तक दुरुपयोग नहीं हुआ है.

तीसरा बग CVE-2026-23871 एंड्रॉयड पर बाहरी विज्ञापन के जवाब वाले लिंक से जुड़ी है. इसके जरिए हैकर अपने सर्वर से मीडिया फाइल लोड करवाकर पीड़ित यूजर का आईपी एड्रेस हासिल कर सकता है. वॉट्सऐप का मानना है कि कुछ स्पैम मैसेज में इस तरीके का इस्तेमाल हुआ हो सकता है.

रील्स लिंक और विंडोज फाइलों में छिपा जोखिम

एडवाइजरी में शामिल दो बाकी बग्स के बारे में वॉट्सऐप ने सबसे पहले मई महीने में जानकारी दी थी. इनमें CVE-2026-23866 के तहत इंस्टाग्राम रील से जुड़े एक खास जवाब के जरिए एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस को खतरनाक लिंक प्रोसेस करने के लिए मजबूर किया जा सकता है.

वहीं पांचवां बग CVE-2026-23863 विंडोज यूजर्स के लिए बड़ा खतरा पैदा करती है. इसमें कोई अटैचमेंट भेजा जाता है, जो देखने में नॉर्मल फाइल जैसा लगता है, लेकिन खोलते ही वो कंप्यूटर में खतरनाक प्रोग्राम की तरह चलने लगता है. कंपनी के अनुसार इन दोनों खामियों के इस्तेमाल के कोई सबूत नहीं मिले हैं.

वॉट्सऐप वेब को लेकर भी पहले दी गई थी चेतावनी

ये ताजा अलर्ट भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र यानी I4C की उस चेतावनी के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिसमें वॉट्सऐप वेब को खुला छोड़ने के खतरों पर आगाह किया गया था.

एजेंसी ने बताया था कि कंप्यूटर पर केवल ब्राउजर का टैब बंद कर देने से वॉट्सऐप लॉग आउट नहीं होता है. ऐसे में कोई भी अनजान व्यक्ति आपकी निजी चैट पढ़ सकता है, आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर सकता है और ठगी को अंजाम दे सकता है.

इसलिए सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब चलाने से बचने और काम खत्म होते ही मैन्युअल रूप से लॉग आउट करने की सलाह दी गई है.

बढ़ते साइबर हमलों के बीच सतर्क रहना जरूरी

आज के समय में हैकर्स ने चारों तरफ बवाल मचाकर रखा है. पहले भी CERT-In एंड्रॉयड व गूगल क्रोम की खामियों पर भी अलर्ट जारी कर चुका है. साइबर अपराधी अब एडवांस टेक्नोलॉजी का सहारा लेकर बड़े पैमाने पर डेटा में सेंध लगा रहे हैं.

कुछ दिन पहले  दुनिया भर में करीब 3.5 अरब रिकॉर्ड लीक होने की खबरें सामने आ चुकी हैं, जबकि एसएपी और भारतीय स्टेट बैंक जैसे बड़े संस्थानों को भी साइबर हमलों का सामना करना पड़ा है.

इसके अलावा पिछले महीने क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस को भी साइबर हमले में 6.3 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था, जो दिखाता है कि ऐप अपडेट रखना और सतर्क रहना कितना जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES