)
आज के समय में वॉट्सऐप को लगभग सभी लोग इस्तेमाल करते हैं. इस ऐप में कई बग्स पकड़े गए हैं, जिसको लेकर साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने 26 नवंबर को एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि हैकर्स वॉट्सऐप के इन बग्स का फायदा उठाकर यूजर्स के प्राइवेट डेटा को चुरा सकते हैं.
इसमें कहा गया है कि इसका खतरा सिर्फ मोबाइल फोन वालों को ही नहीं, बल्कि मैक और विंडोज का इस्तेमाल करने वाले लोगों को भी हो सकता है. ऐसे में एजेंसी का कहना है कि यूजर्स तुरंत अपने वॉट्सऐप को नए वर्जन में अपडेट कर लें.
सरकारी एजेंसी के मुताबिक साइबर अपराधी इन खामियों का इस्तेमाल करने के लिए खास तरह से तैयार किए गए मैसेज, अटैचमेंट या लिंक भेज सकते हैं. एडवाइजरी में वॉट्सऐप के अलग-अलग वर्जन में मौजूद कुल पांच बग्स की पहचान की गई है.
पहले बग की बात करें तो वो CVE-2026-102769 है, जो एंड्रॉयड यूजर्स पर अटैक करती है. इसमें ऑर्डर डिटेल्स जैसा दिखने वाला एक खास मैसेज भेजा जाता है.
अगर यूजर इस पर टैप करता है, तो फोन में मौजूद वॉट्सऐप की फाइलें डिलीट हो सकती हैं और ऑनलाइन रहने पर चैट डेटाबेस से जुड़ी जानकारी भी लीक होने का खतरा रहता है.
दूसरा बग CVE-2026-44908 है, जो मेटा के कंप्यूटिंग सिस्टम से जुड़े सर्टिफिकेट चेन की गलत जांच से जुड़ा है. इसके जरिए अंदरूनी नेटवर्क में मौजूद कोई व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर डिवाइस तक पहुंच सकता है, लेकिन वॉट्सऐप ने साफ किया है कि इसका अब तक दुरुपयोग नहीं हुआ है.
तीसरा बग CVE-2026-23871 एंड्रॉयड पर बाहरी विज्ञापन के जवाब वाले लिंक से जुड़ी है. इसके जरिए हैकर अपने सर्वर से मीडिया फाइल लोड करवाकर पीड़ित यूजर का आईपी एड्रेस हासिल कर सकता है. वॉट्सऐप का मानना है कि कुछ स्पैम मैसेज में इस तरीके का इस्तेमाल हुआ हो सकता है.
एडवाइजरी में शामिल दो बाकी बग्स के बारे में वॉट्सऐप ने सबसे पहले मई महीने में जानकारी दी थी. इनमें CVE-2026-23866 के तहत इंस्टाग्राम रील से जुड़े एक खास जवाब के जरिए एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस को खतरनाक लिंक प्रोसेस करने के लिए मजबूर किया जा सकता है.
वहीं पांचवां बग CVE-2026-23863 विंडोज यूजर्स के लिए बड़ा खतरा पैदा करती है. इसमें कोई अटैचमेंट भेजा जाता है, जो देखने में नॉर्मल फाइल जैसा लगता है, लेकिन खोलते ही वो कंप्यूटर में खतरनाक प्रोग्राम की तरह चलने लगता है. कंपनी के अनुसार इन दोनों खामियों के इस्तेमाल के कोई सबूत नहीं मिले हैं.
ये ताजा अलर्ट भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र यानी I4C की उस चेतावनी के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिसमें वॉट्सऐप वेब को खुला छोड़ने के खतरों पर आगाह किया गया था.
एजेंसी ने बताया था कि कंप्यूटर पर केवल ब्राउजर का टैब बंद कर देने से वॉट्सऐप लॉग आउट नहीं होता है. ऐसे में कोई भी अनजान व्यक्ति आपकी निजी चैट पढ़ सकता है, आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर सकता है और ठगी को अंजाम दे सकता है.
इसलिए सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब चलाने से बचने और काम खत्म होते ही मैन्युअल रूप से लॉग आउट करने की सलाह दी गई है.
आज के समय में हैकर्स ने चारों तरफ बवाल मचाकर रखा है. पहले भी CERT-In एंड्रॉयड व गूगल क्रोम की खामियों पर भी अलर्ट जारी कर चुका है. साइबर अपराधी अब एडवांस टेक्नोलॉजी का सहारा लेकर बड़े पैमाने पर डेटा में सेंध लगा रहे हैं.
कुछ दिन पहले दुनिया भर में करीब 3.5 अरब रिकॉर्ड लीक होने की खबरें सामने आ चुकी हैं, जबकि एसएपी और भारतीय स्टेट बैंक जैसे बड़े संस्थानों को भी साइबर हमलों का सामना करना पड़ा है.
इसके अलावा पिछले महीने क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस को भी साइबर हमले में 6.3 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था, जो दिखाता है कि ऐप अपडेट रखना और सतर्क रहना कितना जरूरी है.