)
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र में बीड शहर के एक होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक प्रोफेसर पर अपनी ही एक छात्रा के साथ महीनों तक यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. छात्रा के मुताबिक, आरोपी इलाज के बहाने रोज उसके साथ दुर्व्यवहार करता था और किसी को बताने पर फेल करने की धमकी देता था. मामले को लेकर शिवाजीनगर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ आगे की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 22 साल की पीड़िता होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में सेकेंड ईयर की छात्रा बताई जा रही है. वह PCOD की समस्या से जूझ रही थी, जिसकी जांच के लिए वह लगातार अस्पताल जाती रहती थी. जनवरी 2026 में जांच के बहाने कॉलेज में प्रोफेसर के तौर पर काम कर रहे डॉक्टर अनीस अहमद ने उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की, उसे गलत तरीके से छुआ और उसे यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया. छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में थी, तब आरोपी प्रोफेसर ने जांच के बहाने उसके साथ दुर्व्यवहार किया. छात्रा के विरोध करने पर आरोपी प्रोफेसर उसे धमकी देने लगा.
पीड़ित छात्रा के मुताबिक, आरोपी प्रोफेसर ने उससे कहा,' अगर तुमने किसी को इस बारे में बताया, तो मैं तुम्हें परीक्षा में फेल कर दूंगा और अगले 5 साल तक इसी एकेडमिक ईयर में अटकाए रखूंगा. पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि यह उसके साथ हुई कोई पहली घटना नहीं है. उसका दावा है कि जनवरी 2026 से प्रोफेसर ने बार-बार उसे मेडिकल इलाज या जांच के बहाने बुलाया और 11 महीने की अवधि में 3-4 बार इसी तरह लगातार उसका उत्पीड़न किया. आरोपी लगातार उसे चेकअप के बहाने बार-बार अस्पताल बुलाता था. छात्रा ने भी फेल होने के डर से ग्यारह महीने तक आरोपी के दुर्व्यवहार को सहन किया.
लगातार हो रहे उत्पीड़न और धमकियों से डरी हुई छात्रा ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तुरंत मामला दर्ज किया और आरोपी डॉक्टर अनीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना से मेडिकल और एजुकेशन इंडस्ट्री में भारी आक्रोश फैल गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.