)
आज के दौर में लगभग सभी के पास स्मार्टफोन पहुंच गया है. एक तरफ जहां स्मार्टफोन और इंटरनेट आने से लोगों के काम आसान हुआ है, तो वहीं इसके साथ ही बच्चों 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए कुछ चिंताएं भी तेजी से बढ़ रही हैं. इसी बीच, टेक जगत की दिग्गज कंपनी Apple ने अपने App Store के नियमों में एक ऐसा सख्त बदलाव किया है, जिसकी चर्चा पूरी टेक दुनिया में हो रही है. अगर आपके घर में भी टीनेजर्स या बच्चे आईफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. ऐप्पल ने साफ कर दिया है कि अब कम उम्र के बच्चों की ऑनलाइन दुनिया को सुरक्षित रखने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे. आइए जानते हैं कि ऐप्पल का यह नया फरमान क्या है और इससे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर क्या असर पड़ने वाला है.
टेकक्रंच की रिपोर्ट के अनुसार Apple ने 16 नवंबर से App Store पर ऐप्स के लिए एज से जुड़ी नई जानकारी मांगी जाएगी. डेवलपर्स को यह बताना होगा कि उनका ऐप किस तरह का कंटेंट और सुविधाएं देता है. इसके आधार पर ऐप की उम्र रेटिंग तय की जाएगी. जो ऐप लोगों को डेटिंग के लिए दूसरे यूजर्स से जोड़ते हैं या रोमांटिक रिश्तों से जुड़ी बातचीत की सुविधा देते हैं, उन्हें सीधे 18+ कैटेगरी में रखा जाएगा.
Apple के इस फैसले का असर खासतौर पर उन ऐप्स पर पड़ सकता है, जिनमें यूजर्स वर्चुअल दोस्तों या पार्टनर से बातचीत कर सकते हैं. इनमें Character.AI और Replika जैसे ऐप शामिल हैं. इन प्लेटफॉर्म पर लोग अपनी पसंद के काल्पनिक किरदारों से बात कर सकते हैं. कुछ ऐप्स में रोमांटिक बातचीत और वर्चुअल रिलेशनशिप जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.
इस तरह के ऐप्स का चलन तेजी से बढ़ रहा है. पिछले साल गर्मियों तक Apple और Google के ऐप स्टोर से AI कंपेनियन ऐप्स को दुनियाभर में लगभग 22 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका था. वहीं, xAI ने भी पिछले साल 3D वर्चुअल कंपेनियन पेश किए थे, जिनमें एडल्ट कंटेंट से जुड़ी सुविधाएं दी गई थीं. नए नियम लागू होने के बाद ऐसे ऐप्स को अपनी उम्र रेटिंग बदलनी होगी. अगर किसी ऐप में रोमांटिक या यौन बातचीत की सुविधा है, तो उसे 18+ रेटिंग देना जरूरी होगा. Apple ने डेवलपर्स को नए नियमों के मुताबिक बदलाव करने के लिए 12 जनवरी 2027 तक का समय दिया है.
Apple ने ऐप्स में लोकेशन शेयरिंग को लेकर भी नए नियम बनाए हैं. अब अगर कोई ऐप यूजर की असली लोकेशन किसी दूसरे व्यक्ति या ग्रुप के साथ शेयर करता है, तो उसे इस बारे में साफ जानकारी देनी होगी. इसके लिए ऐप डेवलपर्स को खास लेबल का इस्तेमाल करना होगा. इस बदलाव का मकसद यूजर्स को यह बताना है कि उनकी लोकेशन किसके साथ शेयर हो रही है. इससे लोग अनजाने में किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी लोकेशन शेयर करने से बच सकेंगे.
Apple ने ब्राजील के ऐप डेवलपर्स के लिए भी नियमों में बदलाव किया है. वहां परिवार के सदस्यों के बीच लोकेशन शेयर करने की सुविधा देने वाले ऐप अब सरकार के न्याय और सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय से ऑफिशियल ऐज रेटिंग मांग सकते हैं. इससे ऐसे ऐप्स को लोकल A16 रेटिंग के नियम से अलग ऑप्शन मिल सकेगा. कंपनी का यह कदम बच्चों और 18 साल से कम उम्र के लोगों को ऑनलाइन मिलने वाले कंटेंट और अनजान लोगों से होने वाली बातचीत से सुरक्षित रखने की कोशिश का हिस्सा है. आने वाले समय में इसका असर उन ऐप्स पर साफ दिखाई दे सकता है, जहां कम उम्र के यूजर्स वर्चुअल दोस्तों और पार्टनर से बातचीत करते हैं.