App

20वीं एनिवर्सरी पर बड़ा दांव खेलेगा Apple, आ सकता है खास सिरेमिक वाला iPhone 20 Pro; जानें क्या कुछ होगा नया?

एप्पल 2027 में आईफोन के 20 साल पूरे होने पर बड़े बदलाव के साथ आईफोन 20 प्रो लाने की तैयारी कर रहा है, जिसका एक लिमिटेड-एडिशन सिरेमिक वर्जन भी पेश किया जा सकता है. नई रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें चारों तरफ से मुड़ा हुआ ग्लास डिस्प्ले, टाइटेनियम फ्रेम, नया 17nm कैमरा सेंसर और फिजिकल बटन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

20वीं एनिवर्सरी पर बड़ा दांव खेलेगा Apple, आ सकता है खास सिरेमिक वाला iPhone 20 Pro; जानें क्या कुछ होगा नया?

एप्पल साल 2027 में अपने आईफोन के 20 साल पूरे होने का जश्न मनाने जा रहा है. इस खास मौके पर कंपनी एक बड़े बदलाव के साथ नया मॉडल लाने की तैयारी कर रही है. पिछले कुछ हफ्तों से फोन के डिस्प्ले, फ्रेम और बटन को लेकर कई जानकारियां सामने आ रही हैं.

अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एप्पल इस सालगिरह वाले फोन का एक खास सिरेमिक वर्जन भी ला सकता है. ये एक लिमिटेड-एडिशन मॉडल हो सकता है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि फोन के किन हिस्सों में सिरेमिक का इस्तेमाल होगा.

सिरेमिक पार्ट्स और लिमिटेड एडिशन की तैयारी

मैक रूमर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के जाने-माने टिप्स्टर फिक्स्ड फोकस डिजटल ने दावा किया है कि उन्हें एप्पल के 20वीं सालगिरह वाले आईफोन के लिए बने सिरेमिक कंपोनेंट्स मिले हैं.

टिप्स्टर के हिसाब से इन हिस्सों के बहुत कम यूनिट बनाए जाएंगे, जिससे ये पक्का होता है कि कंपनी आईफोन 20 प्रो का कोई स्पेशल एडिशन लाने पर सोच रही है. उन्होंने ये भी बताया कि अगर ये प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग वैलिडेशन टेस्टिंग पास कर लेता है, तो इसका बड़े लेवल पर उत्पादन शुरू हो जाएगा.

फिलहाल ये साफ नहीं है कि सिरेमिक का इस्तेमाल फोन के पिछले पैनल, बॉडी के किसी हिस्से या किसी छोटे बाहरी पुर्जे में किया जाएगा.

एप्पल वॉच में पहले भी हो चुका है इस्तेमाल

एप्पल के लिए सिरेमिक मटेरियल कोई नया नहीं है, क्योंकि कंपनी पहले भी कुछ एप्पल वॉच मॉडल्स के केस में इसका इस्तेमाल कर चुकी है.

उदाहरण के लिए एप्पल वॉच सीरीज 12 एल्यूमीनियम और टाइटेनियम के साथ पर्ल व्हाइट और नाइट ब्लू सिरेमिक फिनिश में आती है. इससे पहले कंपनी Series 5 का सफेद सिरेमिक वर्जन भी उतार चुकी है.

ये आम आईफोन में मिलने वाले सिरेमिक शील्ड से बिल्कुल अलग होगा, जिसमें कांच के अंदर सिरेमिक क्रिस्टल मिलाए जाते हैं, जैसे आईफोन एयर के आगे और पीछे देखने को मिलते हैं.

चारों तरफ से मुड़ा हुआ ग्लास और टाइटेनियम फ्रेम

20वीं सालगिरह वाला ये आईफोन मौजूदा मॉडल्स के मुकाबले देखने में काफी अलग हो सकता है. खबरों के मुताबिक एप्पल फिलहाल चार प्रोटोटाइप की टेस्टिंग कर रहा है, जिनमें दो फ्लैट ग्लास कवर वाले हैं और दो ऐसे हैं जिनका पैनल चारों किनारों से मुड़ा हुआ है.

एक और टिप्स्टर ने पहले दावा किया था कि कंपनी करीब तीन साल से इस डिजाइन और घुमावदार किनारों को बेहतर बनाने पर काम कर रही है.

एक लीक वीडियो में इसका ग्लास कवर भी दिखा था, जिसमें गोल कोने और फ्रंट कैमरा व फेस आईडी सेंसर के लिए कटआउट नजर आए थे.

नए कैमरा सेंसर के साथ टाइटेनियम की वापसी

आईफोन 20 प्रो के डिस्प्ले पर चारों तरफ से मुड़ा हुआ ग्लास कवर मिल सकता है, जिसके किनारे सीधे टाइटेनियम फ्रेम में जाकर मिलेंगे. कैमरे के मोर्चे पर भी बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है.

रिपोर्ट्स के अनुसार एप्पल मेन रियर कैमरा सेंसर के लिए नए 17nm लॉजिक प्रोसेस का इस्तेमाल कर सकता है. इससे कम रोशनी में बेहतर फोटो और तेज प्रोसेसिंग मिलने की उम्मीद है, जो इसे मौजूदा प्रो मॉडल्स से एक कदम आगे ले जाएगा.

लॉन्च की टाइमलाइन क्या हो सकती है?

फोन के फिजिकल बटन में भी एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. चर्चा है कि एप्पल अलग से दिए जाने वाले एक्शन बटन को हटाकर उसके काम कैमरा कंट्रोल बटन में ही जोड़ सकता है.

ऐसे में एक बार दबाने पर कैमरा ऐप खुलेगा, जबकि थोड़ी देर दबाए रखने पर एक्शन बटन वाला काम शुरू हो जाएगा. ये खास आईफोन साल 2027 की दूसरी छमाही में लॉन्च हो सकता है.

लेकिन कई रिपोर्ट्स में इसे आईफोन 20 प्रो नाम दिया जा रहा है, लेकिन एप्पल ने अभी तक इसके आधिकारिक नाम की पुष्टि नहीं की है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More