)
ड्वेन ब्रावो की गिनती टी20 क्रिकेट के महान ऑलराउंडर्स में की जाती है. ड्वेन ब्रावो ने 582 टी20 मैचों में 24.40 की कातिलाना गेंदबाजी औसत के साथ कुल 631 विकेट झटके हैं. टी20 क्रिकेट में ड्वेन ब्रावो का बेस्ट बॉलिंग फिगर 23 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है. ड्वेन ब्रावो टी20 क्रिकेट के एक बेहद विस्फोटक बल्लेबाज भी रहे हैं. ड्वेन ब्रावो ने 582 टी20 मैचों की 442 पारियों में 22.41 की बल्लेबाजी औसत के साथ 6970 रन बनाए हैं, जिसमें 20 अर्धशतक शामिल हैं. ड्वेन ब्रावो का हाईएस्ट टी20 स्कोर नाबाद 70 रन है. ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स (TKR) ने ऐलान किया है कि वे ड्वेन ब्रावो की मशहूर नंबर 47 जर्सी को रिटायर करेंगे. यह सम्मान उन्हें टीम, कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) और त्रिनिदाद और टोबैगो में क्रिकेट के लिए उनके शानदार योगदान के लिए दिया जा रहा है.
ड्वेन ब्रावो इस फैसले के साथ कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) के इतिहास में ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिनकी जर्सी का नंबर रिटायर किया गया है. यह ड्वेन ब्रावो के लिए बड़ा सम्मान है, जिनका नाम इस टूर्नामेंट और ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स की पहचान बन गया है. ड्वेन ब्रावो कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं. ड्वेन ब्रावो ने एक खिलाड़ी के तौर पर पांच CPL खिताब जीते हैं और ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स (TKR) के हेड कोच के तौर पर छठा चैंपियनशिप खिताब भी अपने नाम किया है.
ड्वेन ब्रावो ने अपने शानदार कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) करियर के दौरान 107 मैच खेले और 129 विकेट लिए, जिससे वे टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने. वे ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स (TKR) की चैंपियनशिप जीत वाली टीमों का अहम हिस्सा रहे और फ्रेंचाइजी को कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) की सबसे सफल टीम बनाने में अहम भूमिका निभाई. ड्वेन ब्रावो ने 2024 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया और अपने शानदार करियर का समापन किया, जिसमें वे T20 क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में से एक बने. इसके बाद उन्होंने अपनी पसंदीदा टीम ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स के हेड कोच की भूमिका संभाली और डगआउट से फ्रेंचाइजी के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखा.
इस ऐलान के दौरान नाइट राइडर्स ग्रुप के CEO वेंकी मैसूर ने कहा, 'नाइट राइडर्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में ड्वेन ब्रावो के योगदान को मापा नहीं जा सकता. नंबर 47 जर्सी को रिटायर करना यह सुनिश्चित करने का हमारा तरीका है कि उनकी विरासत हमेशा इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनी रहे. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) के इतिहास में यह सम्मान पाने वाले पहले खिलाड़ी के तौर पर उनसे बेहतर कोई और खिलाड़ी नहीं हो सकता था.' नंबर 47 जर्सी अब नाइट राइडर्स के साथ ड्वेन ब्रावो के शानदार सफर की परमानेंट निशानी होगी. नंबर 47 जर्सी एक चैंपियन खिलाड़ी से लेकर चैंपियन कोच बनने तक और आखिरकार फ्रेंचाइजी के इतिहास का एक अहम हिस्सा होगी.