खतरे में सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, अब केवल इतने पीछे रह गए जो रूट, टेस्ट क्रिकेट में बना सकते हैं नया इतिहास
जो रूट ने अभी तक 392 इंटरनेशनल मैचों की 517 पारियों में 22927 रन बना लिए हैं. जो रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक 61 शतक और 121 अर्धशतक ठोके हैं. जो रूट इंग्लैंड के महान बल्लेबाजों में शुमार हैं.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के टेस्ट रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब जो रूट की पहुंच से ज्यादा दूर नहीं है. जो रूट अब हर गुजरती टेस्ट पारी के साथ सचिन तेंदुलकर के 15921 रनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने की दिशा में एक-एक कदम बढ़ा रहे हैं. इंग्लैंड के महान बल्लेबाज और कप्तान जो रूट ने अभी तक 168 टेस्ट मैचों की 307 पारियों में 50.38 की औसत के साथ 14208 रन बना लिए हैं. जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 41 शतक और 68 अर्धशतक ठोके हैं. जो रूट अब सचिन तेंदुलकर के टेस्ट रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से केवल 1714 रन दूर हैं. हाल ही में जो रूट ने रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का मुकाम हासिल किया था और अपने शानदार करियर में उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ी है.
महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग के अपने घरेलू मैदान (ऑस्ट्रेलिया) पर 7578 टेस्ट रनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पार करने के लिए जो रूट को पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स में जारी दूसरे टेस्ट मैच में 13 रनों की जरूरत थी. जो रूट पहली पारी में 4 रन बनाकर आउट हुए थे. वहीं, दूसरी पारी में जो रूट ने 37 गेंदों पर 24 रन बनाए. इससे जो रूट के घरेलू टेस्ट (इंग्लैंड) में उनके रनों की कुल संख्या 7,591 हो गई. यह उपलब्धि जो रूट के इंग्लैंड में 89वें टेस्ट मैच में हासिल हुई. रिकी पोंटिंग ने अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान ऑस्ट्रेलिया में 92 टेस्ट मैचों में 7,578 रन बनाए थे. जो रूट की इस नई उपलब्धि ने उन्हें घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है.
खतरे में सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारत में 94 टेस्ट मैचों में 7,216 रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, जबकि महेला जयवर्धने और जैक कैलिस भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. हालांकि, सबसे बड़ा लक्ष्य अभी भी टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर का अंत 15921 टेस्ट रनों के साथ किया था, जबकि जो रूट अभी भी इस वर्ल्ड रिकॉर्ड से 1,714 रन दूर हैं. जो रूट खराब फॉर्म में चल रहे हैं. इंग्लैंड के कप्तान जो रूट लगातार 10 पारियों में शतक नहीं बना पाए हैं. इस सीजन में उनका बेस्ट स्कोर 77 रन रहा है, जो उन्होंने द ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बनाया था.
अभी 35 साल के हैं जो रूट
पाकिस्तान के खिलाफ जो रूट की दूसरी पारी भी बिना किसी बड़े योगदान के खत्म हुई. जो रूट ने 24 रन बनाए, जिसके बाद मोहम्मद अली ने 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्हें LBW आउट कर दिया. हालांकि, जो रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि के करीब पहुंच रहे हैं. जो रूट के नाम अभी इंग्लिश धरती पर 199 मैचों की 260 पारियों में 11,928 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं. घरेलू मैदान पर 12,000 इंटरनेशनल रन पूरे करने के लिए उन्हें 72 और रनों की जरूरत है. ऐसा करने पर वे इस मुकाम तक पहुंचने वाले छठे और इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस कैटेगरी में भी सचिन तेंदुलकर का ही रिकॉर्ड है. सचिन तेंदुलकर ने भारत में 258 मैचों की 313 पारियों में 14192 इंटरनेशनल रन बनाए हैं. सचिन तेंदुलकर के ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड को चुनौती देने के लिए जो रूट को अभी लंबा सफर तय करना है, लेकिन लॉर्ड्स में रिकी पोंटिंग से आगे निकलने के बाद, सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड अब उनकी नजर में आ गया है. जो रूट अभी 35 साल के हैं और उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है.