SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

17, 5 और 0... टेस्ट सीरीज से पहले हॉरर शो, न्यूजीलैंड में लगातार फ्लॉप हो रहे यशस्वी जायसवाल, क्या टीम से कट जाएगा पत्ता?

यशस्वी जायसवाल का खराब फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन गया है. न्यूजीलैंड दौरे पर लगातार तीसरी पारी में फ्लॉप होने के बाद क्या टेस्ट सीरीज में उनकी जगह खतरे में है.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 31, 2026, 12:35 PM IST | Updated: Oct 31, 2026, 01:01 PM IST
Image Credit: Yashasvi Jaiswal
Join

न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल का बल्ला खामोश नजर आ रहा है. न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के पहले दिन शनिवार (31 अक्टूबर) को यशस्वी जायसवाल एक बार फिर बुरी तरह फ्लॉप रहे. मौजूदा दौरे पर यह उनकी लगातार तीसरी नाकामी है, जिसने टीम मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ा दी हैं. न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तीन मैचों की रेड-बॉल सीरीज का मकसद मेन टेस्ट सीरीज से पहले खुद को ढालना था. 

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में भी बाएं हाथ के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल हालात का फायदा उठाने में नाकाम रहे. क्राइस्टचर्च की पिच पर स्विंग का पूरा फायदा उठाते हुए कीवी गेंदबाजों ने मैच की पहली ही सुबह भारतीय बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. मेजबान टीम ने शुरुआती एक घंटे के भीतर ही भारत-ए के चार विकेट झटक लिए. इससे पहले पहले अनऑफिशियल टेस्ट में भी यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था, जहां उन्होंने पहली पारी में 17 रन और दूसरी पारी में 5 रन बनाए थे. 

टेस्ट सीरीज से पहले हॉरर शो

दूसरे अनऑफिशियल मैच की शुरुआत में भी उनकी किस्मत नहीं बदली और वह फ्रेजर शीट के खिलाफ मैच के पहले ही ओवर में एलबीडब्ल्यू आउट होकर शून्य पर पवेलियन लौट गए. सिर्फ यशस्वी जायसवाल ही नहीं, बल्कि अन्य भारतीय बल्लेबाजों के गैर-जिम्मेदाराना शॉट्स भी टीम इंडिया के पतन की बड़ी वजह बने. देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने पारी संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन सुदर्शन जैरोड मैक्के की गेंद पर ऑफ स्टंप के बाहर एक ढीला शॉट खेल बैठे और विकेटकीपर को कैच दे बैठे.

न्यूजीलैंड में लगातार फ्लॉप हो रहे यशस्वी जायसवाल

यशस्वी जायसवाल की गिरती फॉर्म भारत के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है. यशस्वी जायसवाल का अगर खराब फॉर्म जारी रहता है, तो उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा सकता है.

24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने अगस्त के बाद से टेस्ट क्रिकेट में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है. पिछले हफ्ते न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच में, यशस्वी जायसवाल ने 17 और 5 रन बनाए थे. इस महीने की शुरुआत में, रणजी ट्रॉफी के अपने पहले मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के लिए ओपनिंग करते हुए, वह 13 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए थे.

9 पारियों में 4 बार बिना खाता खोले आउट

श्रीलंका दौरे के बाद से, यशस्वी जायसवाल लगातार 9 पारियों में 4 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं. गॉल में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में भी वह डक पर आउट हुए थे. ड्रॉ रही उस सीरीज की तीन पारियों में यशस्वी जायसवाल ने कुल 77 रन बनाए थे. उस टेस्ट से पहले SLC XI के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में भी वह बिना खाता खोले आउट हुए थे.

हाल ही में यशस्वी जायसवाल को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें तीनों मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला. हालांकि, 4 नवंबर से ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES