रणजी में स्टारडम की निकली हवा: यशस्वी जायसवाल शून्य पर हुए ढेर, केएल राहुल भी नहीं जमा सके रंग
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल का बल्ला खामोश रहा. यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि केएल राहुल सिर्फ 4 रन बना सके.
रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आगाज होते ही टीम इंडिया के अनुभवी टेस्ट सितारों की पोल खुल गई है. घरेलू क्रिकेट में अपने बल्ले से दम दिखाने उतरे यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पहले ही दिन बुरी तरह फ्लॉप हो गए. यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि केएल राहुल सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. रविवार को देश भर के 18 वेन्यू पर रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन शुरू हुआ, जिसमें भारत के अनुभवी टेस्ट खिलाड़ियों की शुरुआत खराब रही. भारत के ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल मुंबई और मुलापाडु में अपने-अपने मैचों में पहले घंटे में ही आउट हो गए.
मुंबई की ओर से वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ ओपनिंग करने उतरे यशस्वी जायसवाल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. वह सिर्फ 13 गेंदों का सामना करने के बाद बिना कोई रन बनाए जीरो पर आउट हो गए. दूसरी तरफ, आंध्र प्रदेश के खिलाफ मुलापाडु में खेले जा रहे मुकाबले में कर्नाटक के बल्लेबाज केएल राहुल भी कुछ खास नहीं कर सके. वह सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. पिछले सीजन की उपविजेता कर्नाटक की टीम को शुरुआती झटके भी लगे. आंध्र के तेज गेंदबाज कावुरी साई तेजा और केवी सासिकांत ने शुरुआती दौर में चार विकेट लेकर कर्नाटक की मुश्किलें बढ़ा दीं.
रणजी में स्टारडम की निकली हवा
यशस्वी जायसवाल हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम में चुने गए थे, लेकिन उन्हें तीनों मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. 24 वर्षीय बल्लेबाज ने इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया था. श्रीलंका के दौरे पर यशस्वी जायसवाल ने तीन पारियों में कुल 77 रन बनाए थे. अब रणजी ट्रॉफी के जरिए यशस्वी जायसवाल के पास घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर अपनी लय हासिल करने का मौका है. हालांकि, टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में उनका खाता नहीं खुलना उनके लिए अच्छी शुरुआत नहीं कही जा सकती.
यशस्वी जायसवाल शून्य पर हुए ढेर
रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले मैच से पहले यशस्वी जायसवाल को मुंबई के प्रैक्टिस मैच के दौरान विकेटकीपिंग करते देखा गया था. मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, 'वह भविष्य में शायद मुंबई या भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग करना चाहते हैं, उनका यही लक्ष्य है. मुझे ऐसा लगता है, लेकिन इस बारे में मुझे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.' वहीं, केएल राहुल वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की 2-1 से वनडे सीरीज जीत के दौरान टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे.
केएल राहुल भी नहीं जमा सके रंग
केएल राहुल ने 3 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे ODI मैच में 82 गेंदों में शानदार शतक लगाया था. यह ODI में उनका नौवां शतक था. केएल राहुल ने 87 गेंदों पर 129 रनों की नाबाद पारी खेली थी, लेकिन भारत यह ODI मैच 5 विकेट से हार गया. केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के अलावा मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और वाशिंगटन सुंदर भी मैदान पर रणजी ट्रॉफी मैच खेल रहे हैं.