SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

WTC 2027 फाइनल की जंग: इस टीम की सीट लगभग कन्फर्म! भारत की उम्मीदें खत्म या पिक्चर अभी बाकी? समझें समीकरण

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की जंग रोचक होते जा रही है. WTC के मौजड़ा सत्र का फाइनल मैच अगले साल जून में खेला जाएगा. इस रेस में साउथ अफ्रीकी टीम सबसे आगे है और लगातार दूसरी बार उनका फाइनल खेलना लगभग कन्फर्म है. भारत की राह मुश्किल हो गई है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 24, 2026, 07:06 IST | Updated: Nov 24, 2026, 07:17 IST
Image Credit: WTC 2027 फाइनल की जंग: इस टीम की सीट लगभग कन्फर्म! (BCCI/X)
Join

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा सत्र का फाइनल मैच अगले साल जून में खेला जाएगा. लंदन के ओवल मैदान पर किन दो टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी? ये जानने के लिए फैंस उत्साहित हैं. टीम इंडिया इस रेस में पिछड़ते जा रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ होने से भारत का अंक प्रतिशत घटकर 50.00% रह गया है, जिससे उसकी राह काफी मुश्किल हो गई है. WTC 2027 फाइनल में जगह बनाने के लिए अब भारतीय टीम को अपने बाकी बचे 6 मैचों में जीत हासिल करनी होगी, लेकिन परेशानी का सबब ये है कि 6 जीत भी फाइनल की गारंटी नहीं देती.

भारत ने जो आखिरी दो टेस्ट खेले हैं, वो दोनों ड्रॉ रहे हैं. मजबूत स्थिति में होने के बावजूद टीम इंडिया को जीत नसीब नहीं हुई है, जिससे उन्हें 16 अंकों का नुकसान हुआ है. ये 16 पॉइंट्स काफी अहम साबित हो सकते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में भी टीम इंडिया 720 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बावजूद जीत दर्ज नहीं कर सकी. आखिरी दोनों टेस्ट में गेंदबाजों ने निराश किया है.

WTC 2027 की जंग में कौन सबसे आगे?

WTC 2027 की मौजूदा रैंकिंग में साउथ अफ्रीका का दबदबा है. डिफेंडिंग चैंपियन इस सत्र में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे उनका लगातार दूसरी बार फाइनल खेलना लगभग कन्फर्म है. टेम्बा बावुमा की अगुआई वाली टीम ने इस साइकिल में अभी तक 8 मुकाबले खेले हैं. जिसमें से 6 में उन्हें जीत मिली है और 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. 75.00 पॉइंट प्रतिशत के साथ प्रोटियाज टॉप पर हैं.

WTC 2025-27 सत्र में साउथ अफ्रीका का दबदबा

साउथ अफ्रीकी टीम फिलहाल अपने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है. प्रोटियाज ने पहले टेस्ट में 9 विकेट से बाजी मारी, जबकि दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने बांग्लादेश को बैकफुट पर धकेल दिया है. सेंचुरियन में जारी मुकाबले में बांग्लादेश की टीम पहली पारी में महज 91 रनों पर ढेर हो गई. कुछ बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो इस मैच में भी साउथ अफ्रीका की जीत कन्फर्म है. जिसका मतलब है कि उनका पॉइंट प्रतिशत 77.77 हो जाएगा.

न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच जबरदस्त टक्कर

भारत के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ होने से न्यूजीलैंड का भी नुकसान हुआ है. कीवी टीम अब 66.67 पॉइंट प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गई है. दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिनका पॉइंट प्रतिशत 69.23 है. साउथ अफ्रीका की सीट इसलिए भी लगभग कन्फर्म है, क्योंकि इस सत्र में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी बाकी है. इसका मतलब है कि इन दोनों में से किसी एक का पत्ता कटना तय है. इस लिहाज से भी देखें तो WTC 2027 फाइनल के लिए साउथ अफ्रीका का रास्ता साफ एकदम साफ है.

WTC पॉइंट्स टेबल पर कौन कहां?

भारत रेस से बाहर या पिक्चर अभी बाकी?

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारत की राह और कठिन हो गई है. अब किस्मत उनके हाथ में नहीं है. इस सत्र में टीम इंडिया को 6 और मुकाबले खेलने हैं. एक न्यूजीलैंड के खिलाफ और 5 ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर पर. कहते हैं कि उम्मीद पर दुनिया कायम है. भारतीय फैंस को उम्मीद करनी होगी कि शुभमन गिल एंड कंपनी ये सभी मुकाबले जीते और पॉइंट प्रतिशत में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से आगे रहे. इसी स्थिति में वो फाइनल में जगह बना सकती है, लेकिन संभावना लगभग समाप्त है.

ये भी पढ़ें: दांव पर WTC फाइनल और बिना मैच हारे गंवा दिए 16 अंक, गंभीर-शुभमन की बढ़ी टेंशन, कहां हुई बड़ी गलती?
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES