App

WPL 2027 Auction: कोच्चि में महिला प्रीमियर लीग की नीलामी आज, किस टीम के पर्स में कितने पैसे? जानें सबकुछ

WPL 2027 Auction: विमेंस प्रीमियर लीग 2027 की नीलामी आज कोच्चि में होगी. विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के इस ऑक्शन में कई खिलाड़ियों की किस्मत खुल सकती है.

WPL 2027 Auction: कोच्चि में महिला प्रीमियर लीग की नीलामी आज, किस टीम के पर्स में कितने पैसे? जानें सबकुछ
Image Credit: WPL Auction 2027 Kochi

महिला क्रिकेट की दुनिया में एक बार फिर खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश होने वाली है. विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 की नीलामी के लिए मंच सज चुका है. आज यानी बुधवार को कोच्चि में 146 खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला होगा, लेकिन इनमें से सभी को खरीदार नहीं मिल पाएगा. इसकी वजह यह है कि पांचों फ्रेंचाइजी के पास कुल मिलाकर सिर्फ 27 खिलाड़ियों को खरीदने की जगह बची है. ऐसे में कुछ खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लग सकती है, जबकि कई बड़े नाम अनसोल्ड भी रह सकते हैं. 

भारतीय खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया की स्टार क्रिकेटरों पर भी फ्रेंचाइजी की नजरें टिकी होंगी. जिन खिलाड़ियों पर सबकी नजरें होंगी, उनमें भारतीय क्रिकेटर जी. कामलिनी, स्नेह राणा और सुषमा वर्मा के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया की स्टार खिलाड़ी ग्रेस हैरिस, जेस जोनासन और सोफी मोलिनक्स शामिल हैं. यूपी वॉरियर्स (UPW) नीलामी में सबसे सक्रिय टीम होगी, क्योंकि उन्हें 8 स्लॉट भरने हैं और उनके पास खर्च करने के लिए 3.75 करोड़ रुपये हैं. 

कोच्चि में महिला प्रीमियर लीग की नीलामी आज

मुंबई इंडियंस (MI) को 6 स्लॉट भरने हैं, लेकिन उनके पास केवल 90 लाख रुपये बचे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात जायंट्स (GG), ये तीनों टीमें पिछले सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची थी, इन्होंने अपने ज्यादातर मुख्य खिलाड़ियों को रिटेन किया है और इन्हें केवल कुछ ही स्लॉट भरने हैं. डिफेंडिंग चैंपियन RCB के पास इस सीजन में उनकी बेहतरीन ऑलराउंडर एलिस पेरी उपलब्ध रहेंगी. इसलिए, वे ऐसे स्थानीय बैकअप खिलाड़ियों की तलाश में होंगी जो उन्हें अपना तीसरा खिताब जीतने में मदद कर सकें. 

WPL से बहुत फायदा

JioStar के एक शो में बात करते हुए स्मृति मंधाना ने भविष्य के लिए खिलाड़ियों को खोजने में WPL की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा, 'WPL से हमें बहुत फायदा हुआ है, क्योंकि हमें यहां कई अच्छे खिलाड़ी मिले हैं. अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें आगे बढ़ाएं और उन्हें बड़े मैच-विनर के रूप में तैयार करें. हमारी टीम में अभी वाकई शानदार टैलेंट मौजूद है. हमारे पास 19 से 24 साल की उम्र की 8-9 खिलाड़ी हैं, जो बहुत अच्छी बात है. इन सभी ने 'इंडिया A' सीरीज के दौरान बेहतरीन क्रिकेट खेला है.' 

नीलामी में विकेटकीपर पर ज्यादा फोकस

स्मृति मंधाना ने कहा, 'हमने उन पर पूरी नजर रखी है और उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. अब यह हम पर निर्भर है कि हम उन्हें आगे बढ़ाएं और उन्हें भारत के लिए एक नई दिशा दिखाने वाली खिलाड़ी बनाएं.' दूसरी ओर, JioStar की एक्सपर्ट वेदा कृष्णमूर्ति ने बताया कि भारतीय विकेटकीपरों की काफी मांग रहने वाली है, क्योंकि कम से कम तीन टीमें नीलामी में अपने लिए मुख्य विकेटकीपर की तलाश कर रही हैं. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि भारतीय विकेटकीपरों की काफी मांग होगी, क्योंकि कई टीमें उनकी तलाश में हैं.'

सोफी मोलिन्यू एक बड़ा नाम

वेदा कृष्णमूर्ति ने कहा, 'कुछ घरेलू खिलाड़ी भी हैं, जिन्हें लेकर मैं उत्सुक हूं कि नीलामी में उनके साथ क्या होता है. सोफी मोलिन्यू एक बड़ा नाम हैं, जिन पर सबकी नजर रहेगी, क्योंकि उनके पास काफी अनुभव है. वह एक मैच-विनर हैं और RCB के साथ WPL का खिताब भी जीत चुकी हैं. यह देखना भी दिलचस्प होगा कि जी. कामलिनी के लिए क्या होता है और कौन सी टीमें उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहती हैं, क्योंकि वह भी एक विकेटकीपर हैं.'

स्लॉट बहुत सीमित

वेदा कृष्णमूर्ति ने कहा, 'हमारे पास विकल्प और उपलब्ध स्लॉट बहुत सीमित हैं. टीमों को अच्छी तरह पता है कि उन्हें किस तरह के खिलाड़ी चाहिए, इसलिए उनके लिए जरूरी है कि वे उपलब्ध क्रिकेटरों में से सही खिलाड़ियों को चुनें और अपने विकल्पों की पहचान करें. हर भूमिका के लिए उनके पास कम से कम 3-4 नाम होने चाहिए, क्योंकि नीलामी किसी भी दिशा में जा सकती है.'

WPL 2027 कब से शुरू होगा?

TATA WPL का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक आयोजित होगा. जहां चार बार की फाइनलिस्ट दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स अपने पहले खिताब की तलाश में हैं, वहीं RCB और MI अपनी-अपनी दो-दो खिताबी जीत में एक और जीत जोड़ने की कोशिश करेंगी. इस बीच, कोच्चि में सभी टीमें अपनी-अपनी स्क्वॉड को अंतिम रूप दे रही हैं. दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स की नजरें अपने पहले खिताब पर होंगी. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस अपने दो-दो खिताबों की संख्या बढ़ाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी.

WPL Auction 2027 से जुड़ी पूरी डिटेल्स

WPL Auction 2027 कितने बजे शुरू होगा?

WPL Auction 2027 बुधवार को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे कोच्चि में शुरू होगा. इसी दौरान भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला भी खेला जाना है.

WPL Auction 2027 में कितने खिलाड़ियों की लगेगी बोली?

WPL Auction 2027 में कुल 146 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. इनमें 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी हैं. विदेशी खिलाड़ियों के पूल में एसोसिएट देशों के छह क्रिकेटर भी शामिल हैं. हालांकि, पांचों टीमों के पास कुल 27 स्लॉट ही खाली हैं.

WPL Auction 2027: सभी टीमों के रिटेन और रिलीज खिलाड़ी

दिल्ली कैपिटल्स

रिटेन खिलाड़ी: एनाबेल सदरलैंड, चिनेल हेनरी, दीया यादव, जेमिमा रोड्रिग्स, लौरा वोल्वार्ट, लूसी हैमिल्टन, ममता माडीवाला, मारिजान कैप, मिन्नू मणि, एन श्री चरणी, नंदनी शर्मा, निकी प्रसाद और शेफाली वर्मा.

रिलीज खिलाड़ी: अलाना किंग, लिजेल ली, स्नेह राणा, तानिया भाटिया, प्रगति सिंह और एडला सृजना.

गुजरात जायंट्स

रिटेन खिलाड़ी: अनुष्का शर्मा, एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी, भारती फुलमाली, जॉर्जिया वेयरहैम, हैप्पी कुमारी, जिंतिमणि कलिता, कनिका आहूजा, काश्वी गौतम, किम गार्थ, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका सिंह, सोफी डिवाइन, तनुजा कंवर और यास्तिका भाटिया.

रिलीज खिलाड़ी: डैनी वायट-हॉज, आयुषी सोनी, तितास साधु और शिवानी सिंह.

मुंबई इंडियंस

रिटेन खिलाड़ी: अमनजोत कौर, अमेलिया केर, हरमनप्रीत कौर, हेली मैथ्यूज, नैट साइवर-ब्रंट, निकोला कैरी, राहिला फिरदौस, सजीवन सजना, संस्कृति गुप्ता, शबनिम इस्माइल और वैष्णवी शर्मा.

रिलीज खिलाड़ी: मिली इलिंगवर्थ, जी कमलिनी, क्रांति रेड्डी, पूनम खेमनार, साइका इशाक और त्रिवेणी वशिष्ठ.

RCB

रिटेन खिलाड़ी: अरुंधति रेड्डी, एलिस पेरी, जॉर्जिया वोल, लॉरेन बेल, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, प्रत्युषा कुमार, प्रेमा रावत, राधा यादव, ऋचा घोष, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल और स्मृति मंधाना.

रिलीज खिलाड़ी: ग्रेस हैरिस, लिन्से स्मिथ, डी हेमलता और गौतमी नायक.

यूपी वॉरियर्स

रिटेन खिलाड़ी: दीप्ति शर्मा, हरलीन देओल, क्रांति गौड़, मेग लैनिंग, फीबी लिचफील्ड, प्रतीका रावल, शिखा पांडे, शिप्रा गिरी, सिमरन शेख, सोफी एक्लेस्टोन और तारा नॉरिस.

रिलीज खिलाड़ी: एमी जोन्स, चार्ली नॉट, क्लो ट्रायोन, डिएंड्रा डॉटिन, आशा शोभना, जी त्रिशा, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत और सुमन मीणा.

WPL 2027: किस टीम के पास कितना पैसा?

1. यूपी वॉरियर्स ₹3.65 करोड़ बाकी - 7 स्लॉट बाकी (2 विदेशी खिलाड़ी)

2. गुजरात जायंट्स ₹1.25 करोड़ बाकी - 3 स्लॉट बाकी (1 विदेशी खिलाड़ी)

3. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ₹1.15 करोड़ बाकी - 5 स्लॉट बाकी (2 विदेशी खिलाड़ी)

4. दिल्ली कैपिटल्स ₹1.10 करोड़ बाकी - 5 स्लॉट बाकी (1 विदेशी खिलाड़ी)

5. मुंबई इंडियंस ₹1 करोड़ बाकी - 7 स्लॉट बाकी (1 विदेशी खिलाड़ी)

कुल ₹8.15 करोड़ बाकी - 27 स्लॉट बाकी (7 विदेशी खिलाड़ी)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More