पाकिस्तान का फ्यूचर है ब्राइट... कौन हैं वो प्लेयर्स जिनके सामने बेबस दिखे टीम इंडिया के धुरंधर? आंकड़ों से सुलझेगी गुत्थी
भारतीय क्रिकेट की तूती इन दिनों दुनियाभर में बोलती है. पाकिस्तान से तुलना करें तो भारतीय क्रिकेट के आस-पास भी नजर नहीं आता है. लेकिन एसीसी राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 में पाकिस्तान ए ने जब इंडिया ए को मात दी तो सवाल उठे क्या पाकिस्तान का फ्यूचर ब्राइट है. आइए इस गुत्थी को आंकड़ों से सुलझाते हैं.
पाकिस्तान क्रिकेट का ग्राफ हर दिन गिरता दिख रहा है. एक दौर था, जब पाकिस्तान की तूती दुनियाभर में बोलती थी और टीम इंडिया को पाकिस्तान से जीतने के लिए पापड़ बेलने पड़ते थे. लेकिन हालिया आंकड़े उठाकर देखें तो इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत, पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज करता है. फॉर्मेट कोई भी हो, लेकिन पाकिस्तान को सालों से हार मिलती आई है. लेकिन 22 नवंबर को पाकिस्तान ए के सामने जब टीम इंडिया के धुरंधर फेल हो गए तो ये किसी उलटफेर से कम नहीं लगा. इस मुकाबले में पाकिस्तान के युवाओं का प्रदर्शन देखें तो पाकिस्तान का फ्यूचर ब्राइट नजर आता है, लेकिन आंकड़े क्या बताते हैं आइए समझते हैं.
पाकिस्तान ए के खिलाफ इंडिया ए में तिलक वर्मा कप्तान थे, जो भारत की इंटरनेशनल टीम में कई बार शानदार पारियां खेल चुके हैं. लेकिन कप्तान तिलक पाकिस्तान के युवा गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आए. इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर गेंदबाजों की धुलाई करने वाले वैभव सूर्यवंशी की भी शक्तियां फेल दिखीं. टीम इंडिया के स्टार रिंकू सिंह भी चारों खाने चित नजर आए. भारत को इस मुकाबले में 48 रन की हार का सामना करना पड़ा. भारतीय स्टार 314 रन के लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहे. आइए जानते हैं, वो कौन से 5 खिलाड़ी हैं, जो पाकिस्तान को भविष्य में काफी आगे ले जा सकते हैं.
हसन नवाज
ये वो खिलाड़ी है, जो पाकिस्तान के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकता है. हसन नवाज गेंद और बल्ले दोनों से मैच पलटने का माद्दा रखते हैं. इंडिया ए के खिलाफ हसन जीत के नायक थे, उन्होंने पहले बल्ले से चौथे नंबर पर बैटिंग करते हुए 82 गेंद में 79 रन की पारी खेली. फिर गेंद से 3 विकेट भी झटके. हसन के सामने न भारत के हर्षित राणा, प्रिंस यादव जैसे गेंदबाजों का जादू चला, न ही अभिषेक, वैभव और रिंकू जैसे बल्लेबाज उन्हें टारगेट कर पाए. हसन पहले ही पाकिस्तान की सीनियर टीम में अपनी जगह बना चुके हैं उन्होंने भारत के खिलाफ टी20 में शानदार बैटिंग भी की. उन्होंने अभी तक 30 T20I मैच में इंटरनेशनल में 616 रन ठोके हैं. वहीं, वनडे में भी 9 मैचों में 298 रन उनके नाम हैं. ऐसे में वह पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सकते हैं.
माज सदाकत
माज सदाकत पाकिस्तान ए के ओपनर थे और उन्होंने इंडिया ए के खिलाफ 63 गेंदों में 59 रन बनाकर जीत की नीव रख दी थी. सदाकत स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं, लेकिन उन्होंने इंडिया ए के खिलाफ बॉलिंग नहीं की. पाकिस्तान के लिए उनका इंटरनेशनल करियर 2026 में शुरू हुआ. अब तक 8 वनडे में 147 रन और 5 टी20 इंटरनेशनल में 184 रन बना चुके माज का टी20 इंटरनेशनल स्ट्राइक रेट 170 से ज्यादा है. पाकिस्तान के लिए सदाकत भी फ्यूचर में दमदार ऑप्शन हो सकते हैं.
फरहान यूसुफ
फरहान यूसुफ फ्यूचर में पाकिस्तान की टी20 टीम में पॉवर हिटर के तौर पर बेस्ट ऑप्शन हो सकते हैं. इंडिया ए के खिलाफ उन्होंने छठे नंबर पर बैटिंग करते हुए उन्होंने 48 गेंदों में 56 रन ठोके. अभी उन्होंने इंटरनेशनल करियर शुरू नहीं किया, लेकिन जल्द ही पाकिस्तान टीम में नजर आ सकते हैं.
अली रजा
गेंदबाजी यूनिट में पाकिस्तान के महज 18 साल के गेंदबाज अली रजा ने टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों को बेबस कर दिया. अली रजा ने 10 ओवर के स्पेल में 56 रन देकर 3 विकेट झटके और शानदार प्रदर्शन किया. शाहीन और हारिस के बाद अली रजा इंटरनेशनल टीम में दहाड़ते नजर आ सकते हैं.