SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वियान मुल्डर का ऐतिहासिक प्रदर्शन: साउथ अफ्रीका ने अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत

साउथ अफ्रीका ने अपने घर में खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी जीत हासिल की है. सेंचुरियन में खेले गए मुकाबले में प्रोटियाज ने बांग्ला टाइगर्स को एक पारी और 219 रनों से रौंदा. ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 25, 2026, 22:56 IST | Updated: Nov 25, 2026, 23:04 IST
Image Credit: साउथ अफ्रीका ने अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत (@ProteasMenCSA/X)
Join

स्टार ऑलराउंडर वियान मुल्डर के ऐतिहासिक प्रदर्शन के दम पर साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को एक पारी और 219 रनों से रौंद दिया. मुल्डर ने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी धमाका किया. उन्होंने 100 रनों की शानदार पारी खेली और दूसरी पारी में गेंद से कमाल दिखाते हुए बांग्लादेश के 7 बल्लेबाजों का शिकार किया. वियान मुल्डर बांग्लादेश बनाम साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट मैचों में बेस्ट प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं. उन्होंने 11 ओवर में 31 रन देकर 7 विकेट चटकाए.

साउथ अफ्रीका ने अपने घर में खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. अपनी सरजमीं पर खेलते हुए बांग्लादेश के खिलाफ सबसे बड़ी जीत साउथ अफ्रीका ने साल 2017 में दर्ज की थी, जब टीम ने बांग्लादेश को एक पारी और 254 रनों से रौंदा था.

घरेलू मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी जीत

ब्लूमफोन्टेन में पारी और 254 रन से जीत, 2017
सेंचुरियन में पारी और 219 रन से जीत, 2026
पोटचेफस्ट्रूम में पारी और 160 रन से जीत, 2002
ब्लूमफोन्टेन में पारी और 129 रन से जीत, 2008
किम्बर्ली में पारी और 107 रन से जीत, 2002
सेंचुरियन में पारी और 48 रन से जीत, 2008

बांग्लादेश के खिलाफ साउथ अफ्रीका का दबदबा कायम

साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ ही बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में कभी भी ना हारने का रिकॉर्ड भी कायम रखा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 18 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 16 साउथ अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं.

वियान मुल्डर रहे जीत के हीरो

दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका की इस जीत के हीरो वियान मुल्डर रहे. मुल्डर ने पहली पारी में शतक लगाने के बाद दूसरी इनिंग में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट चटकाए. वो साउथ अफ्रीका की ओर से एक ही टेस्ट में शतक लगाने और पांच विकेट चटकाने वाले महज पांचवें खिलाड़ी बने. इसके साथ ही वो साउथ अफ्रीका के लिए एक ही टेस्ट में सेंचुरी और एक पारी में 7 विकेट चटकाने वाले पहले खिलाड़ी बने. मुल्डर ने यह 7 विकेट सिर्फ 64 गेंदों में झटके.

वियान मुल्डर 1983 के बाद एक ही टेस्ट मैच में शतक लगाने और 6 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी भी बने हैं. 1983 में यह कारनामा पाकिस्तान के इमरान खान ने किया था. बांग्लादेश का बल्लेबाजी क्रम दूसरी इनिंग में भी ताश के पत्तों की तरह बिखर गया.

टीम की ओर से तौहीद हिरदॉय ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि महफिजुल इस्लाम ने 38 रनों का योगदान दिया. पहली पारी में बांग्लादेश की पूरी टीम सिर्फ 91 रन बनाकर सिमट गई थी, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट गंवाकर 494 रन बनाने के बाद अपनी पारी घोषित की थी और 403 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी.

(इनपुट- आईएएनएस)

ये भी पढ़ें: बल्ले से शतक, फिर गेंद से तहस-नहस: साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी ने बनाया सबसे तेज 7 विकेट लेने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES