SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्यों नहीं खेल रहे सिराज? लाख रुपये का एक सवाल, सौरव गांगुली ने बताया कोच गंभीर के दिमाग में क्या चल रहा

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने हेड कोच गौतम गंभीर के फैसले की वजह समझने की कोशिश की और कहा कि हो सकता है कि वो शायद भारत के लिए भविष्य के तेज गेंदबाजों की तलाश कर रहे हैं, इसलिए सिराज को नहीं खिला रहे.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 28, 2026, 17:30 IST | Updated: Nov 28, 2026, 17:38 IST
Image Credit: क्यों नहीं खेल रहे सिराज? गांगुली ने दिया जवाब (AP/BCCI/X)
Join

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मोहम्मद सिराज प्लेइंग इलेवन का हिस्सा क्यों नहीं हैं? यकीन मानिए, करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैंस की जुबान पर पिछले कुछ दिनों से यही सवाल है. फैंस इसके पीछे की वजह जानना चाहते हैं, क्योंकि सिराज का फॉर्म भी उतना खराब नहीं रहा है, जिसके कारण उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाए. वो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा सत्र में दुनिया के चौथे और भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं. पिछले साल उन्होंने इंग्लैंड में शानदार गेंदबाजी कर टीम इंडिया की लाज भी बचाई थी.

हालांकि, इसके बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड में सिर्फ बेंच पर बैठाने के लिए टीम में शामिल किया गया. पूर्व भारतीय दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली ने इस फैसले के पीछे हेड कोच गौतम गंभीर की सोच को पढ़ने की कोशिश की है. उन्होंने बताया कि आखिर गंभीर के दिमाग में चल क्या रहा है.

क्या सोचकर सिराज को नहीं खिला रहे गंभीर?

मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने इस सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज, आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा को चार तेज गेंदबाजों के रूप में चुना है, जबकि स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा की जगह वाशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता दी गई है. गांगुली का मानना ​​है कि गंभीर शायद भारत के लिए भविष्य के तेज गेंदबाजों की तलाश कर रहे हैं, खासकर इसलिए क्योंकि बुमराह की उम्र बढ़ रही है.

द टेलीग्राफ के मुताबिक सौरव गांगुली ने कहा, ''हो सकता है कि वो (हेड कोच गौतम गंभीर) किसी युवा गेंदबाज को मौका देना चाहते हों. हो सकता है कि वह इन परिस्थितियों में यह देखना चाहते हों कि भविष्य के लिए कौन सा खिलाड़ी उनके काम आ सकता है, क्योंकि बुमराह की उम्र भी बढ़ रही है. इसलिए, शायद वो यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि भविष्य में कौन उनकी जगह ले सकता है. लेकिन हां, ऑस्ट्रेलिया में हारने के बाद, इंग्लैंड में ठीक-ठाक प्रदर्शन करने के बाद और अब न्यूजीलैंड आने पर, ये ऐसी परिस्थितियां हैं जहां एक कोच के तौर पर आपकी जिम्मेदारी और उम्मीदें बढ़ जाती हैं. मैं हर किसी को मौका देने के बजाय जीतना ज्यादा पसंद करूंगा. इसलिए, सिराज एक ऐसा खिलाड़ी है जिसे अगर मैं कप्तान होता, तो जरूर खिलाता.''

सिराज को क्यों खिलाते गांगुली?

बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और 49 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी कर चुके सौरव गांगुली ने सिराज और टीम में शामिल युवा तेज़ गेंदबाज कंबोज के बीच स्पष्ट अंतर बताया. उन्होंने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिराज के साबित हो चुके रिकॉर्ड की तुलना में, कंबोज के चयन को गुणवत्ता के आधार पर सही ठहराया जा सकता है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वो सिराज की जगह कंबोज को चुनेंगे, तो गांगुली ने जवाब दिया- बिल्कुल नहीं.

ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा जख्म किसे दिया? RCB, CSK सहित सभी टीमों के खिलाफ 'हिटमैन' की कप्तानी का रिकॉर्ड
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES