SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सूर्यवंशी फिर से बाहर: वैभव के लिए गौतम नहीं 'गंभीर', अभिषेक शर्मा-संजू सैमसन के साथ क्यों नहीं देते मौका?

वैभव सूर्यवंशी को लेकर अचानक खूब चर्चा हो रही है. इस 15 साल के बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर को विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की वजह से टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा है.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 07, 2026, 10:22 AM IST | Updated: Oct 07, 2026, 07:55 PM IST
Image Credit: Vaibhav Sooryavanshi, Gautam Gambhir, Abhishek Sharma And Sanju Samson
Join

लखनऊ में वेस्टइंडीज के खिलाफ मंगलवार को खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया. वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में शानदार रहा है. इसके बावजूद उन्हें लगातार मौके नहीं मिल रहे हैं. हेड कोच गौतम गंभीर की प्लेइंग-11 में वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर से जगह नहीं मिली. हेड कोच गौतम गंभीर ने वैभव सूर्यवंशी को इससे पहले सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी बेंच पर बिठाए रखा था.

वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले भारतीय टीम जापान में एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट कॉम्पिटीशन में खेल रही थी. एशियन गेम्स 2026 में नियमित हेड कोच गौतम गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण भारतीय टीम के लिए कार्यवाहक हेड कोच का रोल निभा रहे थे. गौतम गंभीर इस दौरान भारत की ODI टीम के साथ मौजूद थे, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेल रही थी.

ये भी पढ़ें - लखनऊ में फिरकी का जादू: डेब्यू में चमके नमन धीर, 3 विकेट लेकर कर ली प्रज्ञान ओझा और अक्षर पटेल के रिकॉर्ड की बराबरी

एशियन गेम्स 2026 में कार्यवाहक हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण ने वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा तीनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में मौका दिया था. सितंबर-अक्टूबर में खेले गए एशियन गेम्स 2026 के दौरान टीम इंडिया के लिए यह रणनीति कारगर साबित हुई और भारत ने गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया था. 6 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए जैसे ही गौतम गंभीर ने भारतीय टीम की कोचिंग संभाली तो वैभव सूर्यवंशी का प्लेइंग इलेवन से पत्ता कट गया. 

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में वैभव प्लेइंग-11 से बाहर

वेस्टइंडीज के खिलाफ मंगलवार को टॉस के बाद जैसे ही भारत की प्लेइंग इलेवन सामने आई तो उसमें वैभव सूर्यवंशी का नाम मौजूद नहीं था. वैभव सूर्यवंशी की जगह प्लेइंग इलेवन में बतौर ओपनर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को तरजीह दी गई. संजू सैमसन के ओपनिंग पार्टनर के तौर पर अभिषेक शर्मा इस मैच में खेल रहे थे. विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को नंबर तीन पर मौका दिया गया, जबकि प्लेइंग इलेवन से वैभव सूर्यवंशी को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. 

ये भी पढ़ें - Analysis: सूर्य को प्रमाण की जरूरत नहीं... वर्ल्ड कप में विराट कोहली क्यों होंगे भारत की सबसे बड़ी ताकत? दबंग रिकॉर्ड्स दे रहे महानता की गवाही

लक्ष्मण कार्यवाहक कोच थे तो सैमसन और वैभव दोनों को दे दिया था मौका

एशियन गेम्स 2026 के दौरान टीम इंडिया के कार्यवाहक हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण ने सभी दुविधाओं का सटीक तोड़ निकालते हुए वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा तीनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में जगह दी थी. वीवीएस लक्ष्मण ने इस दौरान सिर्फ एक ही स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह दी. जसप्रीत बुमराह के साथ शिवम दुबे को तेज गेंदबाजी के मोर्चे पर लगाया गया. वहीं, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई को स्पिन डिपार्टमेंट में जगह दी गई. कार्यवाहक हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण का ये प्लान काम कर गया और भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया. वीवीएस लक्ष्मण ने 6 बल्लेबाज, 1 फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर, 1 स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर, 1 स्पेशलिस्ट स्पिनर और 1 स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज का कॉम्बिनेशन उतारा.

गौतम गंभीर के आते वैभव क्यों हो गए बाहर?

गौतम गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए जैसे ही कोचिंग संभाली तो उन्होंने टीम इंडिया के एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीतने वाले चैम्पियन कॉम्बिनेशन को फिर से बदल दिया. गौतम गंभीर ने 5 बल्लेबाज, 1 फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर, 2 स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर, 1 स्पेशलिस्ट स्पिनर और 2 स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज का कॉम्बिनेशन उतारा.

गौतम गंभीर ने इससे पहले सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत की 3-0 से जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक बयान दिया था. गौतम गंभीर ने जियो स्टार के 'फॉलो द ब्लूज' शो में कहा था, 'हां, वैभव सूर्यवंशी अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन मैंने उन्हें समझाया कि कभी-कभी, लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों की वजह से उन्हें अपने मौके का इंतजार करना पड़ सकता है और एक और बात, सोशल मीडिया या बाहर की बातें 'प्लेइंग इलेवन' तय नहीं करतीं. यह इस बात पर निर्भर करता है कि ड्रेसिंग रूम में किसे, या कोच और कप्तान को कौन लगता है कि हमें मैच जिता सकता है, या सबसे अच्छी 'प्लेइंग इलेवन' क्या है, और किसने लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन किया है.'

एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली प्लेइंग-11 के सदस्य

एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह आदि खिलाड़ी शामिल थे. वीवीएस लक्ष्मण ने इस टीम कॉम्बिनेशन के साथ सफलता हासिल की और भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया.

वैभव सूर्यवंशी ने लगाए 8 मैच में 2 फिफ्टी और 18 छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक भारत के लिए 8 टी20 इंटरनेशनल मैचों में दो अर्धशतकों की मदद से 246 रन बनाए हैं. इस 15 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक हाईएस्ट स्कोर 81 रन का बनाया है. वैभव सूर्यवंशी ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 22 चौके और 18 छक्के लगाए हैं. वैभव सूर्यवंशी ने इस इंटरनेशनल फॉर्मेट में अभी तक 5 कैच लपके हैं.

वैभव ने पिछले 5 मैचों में ही दो अर्धशतक लगाए

वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने पिछले पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में दो बेहतरीन अर्धशतक लगाए हैं. वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 जुलाई 2026 को हरारे में 50 रन बनाए. 15 साल के इस बाएं हाथ के ओपनर ने इसके दो दिन बाद 26 जुलाई 2026 को हरारे के इसी मैदान पर जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ 49 गेंद पर 81 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. वैभव सूर्यवंशी की इस तूफानी पारी में 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पिछली पांच टी20 इंटरनेशनल पारियों में 50, 20, 81, 38 और 15 रन के शानदार स्कोर बनाए हैं. ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक वैभव सूर्यवंशी का बल्लेबाज औसत 30.75 और स्ट्राइक रेट 186.36 है.

क्या सैमसन और अभिषेक के रहते वैभव नहीं खेल पाएंगे?

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन तीनों एक साथ भारत की प्लेइंग इलेवन में खेल सकते हैं. इसके लिए हेड कोच गौतम गंभीर की अगुवाई वाली भारतीय टीम मैनेजमेंट को अपनी रणनीति में थोड़ा बदलाव करना होगा. भारत को 6 बल्लेबाज, 1 फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर, 1 स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर, 1 स्पेशलिस्ट स्पिनर और 2 स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज के कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES