SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज में ये 3 गेंदबाज मचा सकते हैं तहलका, दिल्ली की पिच पर करेंगे विकेट्स की बारिश?

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज में मोहम्मद नबी, राशिद खान और वरुण चक्रवर्ती सबसे ज्यादा विकेट लेने के दावेदार हो सकते हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 13, 2026, 02:12 PM IST | Updated: Sep 13, 2026, 02:54 PM IST
Image Credit: India vs Afghanistan T20I
Join

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज आज यानी 13 सितंबर से होने जा रहा है. दोनों टीमें इस सीरीज में अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं. जहां टीम इंडिया अपनी शानदार जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, वहीं अफगानिस्तान की नजरें भारत के खिलाफ बड़ा उलटफेर करने पर होंगी. इस सीरीज में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों की भूमिका भी बेहद अहम रहने वाली है. अफगानिस्तान के अनुभवी स्पिनर राशिद खान और मोहम्मद नबी से लेकर भारत के वरुण चक्रवर्ती तक, इस T20I सीरीज में अपनी फिरकी से मुकाबले का रुख बदल सकते हैं. आइए जानते हैं उन 3 गेंदबाजों के बारे में, जो भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने के दावेदार हो सकते हैं.

1. मोहम्मद नबी

अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी दुनिया भर की टी20 लीग में खेलने का काफी अनुभव रखते हैं. उनकी ऑफ स्पिन गेंदबाजी किसी भी टीम के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है. भारत के खिलाफ आगामी सीरीज में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी. मोहम्मद नबी ने CPL 2026 में गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया है. मोहम्मद नबी ने 7 मुकाबलों में 13 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 11.15 और इकॉनमी रेट 5.80 रहा. भारत में खेले गए 29 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में मोहम्मद नबी ने 24 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 24.58 और इकॉनमी रेट 7.25 रहा है.

टी20 इंटरनेशनल में कुल 152 मुकाबलों में नबी के नाम 109 विकेट हैं. उनका औसत 27.77 और इकॉनमी रेट 7.31 है. भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाज मौजूद हैं. ऐसे में नबी अपनी घातक ऑफ स्पिन गेंदबाजी से इन तीनों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं. अगर वह शुरुआती ओवरों में सही लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हैं, तो भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बना सकते हैं. इस सीरीज में अफगानिस्तान के लिए नबी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है.

2. राशिद खान

अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान को दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 गेंदबाजों में गिना जाता है. उनकी तेज लेग स्पिन, गुगली और मुश्किल परिस्थितियों में गेंदबाजी करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है. भारत के खिलाफ सीरीज से पहले राशिद खान शानदार फॉर्म में नजर आए हैं. आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने सिर्फ 3 मुकाबलों में 12 विकेट हासिल किए. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 10.58 और इकॉनमी रेट 4.59 रहा. राशिद खान ने द हंड्रेड 2026 में 5 मुकाबलों में 7 विकेट लिए. उनका गेंदबाजी औसत 17.28 और इकॉनमी रेट 7.64 रहा. 

राशिद खान के पास आईपीएल में खेलने का लंबा अनुभव है. राशिद खान ने 153 IPL मुकाबलों में 179 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उनका औसत 23.92 और इकॉनमी रेट 7.27 रहा. राशिद खान ने 115 T20I मुकाबलों में 193 विकेट लिए हैं. राशिद खान का गेंदबाजी औसत 13.73 और इकॉनमी रेट 6.04 है. भारत में खेले गए 26 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में राशिद खान ने 53 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 11.62 और इकोनॉमी रेट 6.09 रहा है. भारत की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ राशिद खान का अनुभव अफगानिस्तान के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकता है. अगर वह बीच के ओवरों में विकेट निकालते हैं, तो टीम इंडिया के रन बनाने की रफ्तार पर लगाम लगा सकते हैं.

3. वरुण चक्रवर्ती

टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती इस T20I सीरीज में भारतीय गेंदबाजी अटैक के लिए सबसे बड़े हथियार साबित हो सकते हैं. चोट और खराब फॉर्म के कारण उन्हें हाल के दिनों में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. अब उनकी नजरें अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार वापसी करने पर होंगी. वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वापसी की थी, लेकिन 3 मुकाबलों में वह सिर्फ 1 विकेट हासिल कर सके. आईपीएल 2026 में चोट की वजह से वरुण चक्रवर्ती केवल 11 मुकाबले खेल सके, जिसमें उन्होंने 11 विकेट हासिल किए. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 32.72 रहा.

वरुण चक्रवर्ती का यह प्रदर्शन उनकी क्षमता के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वह अपनी लय हासिल करने की कोशिश करेंगे. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की धरती पर वरुण चक्रवर्ती ने 23 T20I मुकाबलों में 45 विकेट हासिल किए हैं. उनका गेंदबाजी औसत 15.57 और इकॉनमी रेट 8.24 रहा है. वरुण चक्रवर्ती ने भारत के लिए कुल 48 T20I मुकाबलों में 74 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका औसत 17.36 और इकॉनमी रेट 7.67 रहा है. अगर वरुण अपनी मिस्ट्री स्पिन और वैरायटी के साथ गेंदबाजी करते हैं, तो अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES