रणजी ट्रॉफी प्लेट टूर्नामेंट में मिजोरम के एक बल्लेबाज ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. मिजोरम के 29 साल के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने नागालैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 517 गेंदों पर नाबाद 400 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. इसके साथ ही वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 या उससे बड़ा स्कोर बनाने वाले दुनिया के 10वें और भारत के केवल दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. इस खास '400 क्लब' में अब उनके साथ सर डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा और हनीफ मोहम्मद जैसे महान खिलाड़ियों का नाम भी जुड़ गया है.
मुंबई के रहने वाले चिन्मय सुतार एक दाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज हैं. उन्होंने भारत के एज-ग्रुप और इमर्जिंग क्रिकेट के जरिए अपना करियर बनाया, लेकिन स्टेट लेवल पर वे कभी पूरी तरह अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए. इस साल जनवरी में जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ मुंबई के लिए अपना डेब्यू किया, जहां उन्हें यशस्वी जायसवाल से डेब्यू कैप मिली. उस मैच में वे पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के थ्रो पर रन आउट हो गए और केवल 2 रन ही बना सके.
चिन्मय सुतार ने बेहतर अवसरों की तलाश में मिजोरम का दामन थाम लिया. 11 अक्टूबर को मणिपुर के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने 35 और 99 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं. एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि उनका परिवार क्रिकेट से जुड़ा रहा है. चिन्मय सुतार के पिता राजेश सुतार भी क्रिकेट खेलते थे और एक बार सचिन तेंदुलकर के साथ पारी की शुरुआत भी कर चुके हैं. जब चिन्मय एज-ग्रुप क्रिकेट खेलना शुरू कर रहे थे, तब 15 साल की उम्र में एक गंभीर बीमारी के कारण उन्हें लगभग 10 से 11 महीने तक मैदान से दूर रहना पड़ा था.
चिन्मय सुतार के करियर में बड़ा ब्रेकथ्रू तब आया जब उनका चयन इंडिया इमर्जिंग टीम में हुआ. उन्होंने 14 नवंबर 2019 को सावर में नेपाल इमर्जिंग टीम के खिलाफ अपना लिस्ट ए डेब्यू किया और चार दिन बाद उसी मैदान पर हांगकांग इमर्जिंग के खिलाफ नाबाद 104 रनों की शानदार पारी खेली. इसके बाद उन्होंने मीरपुर में पाकिस्तान इमर्जिंग के खिलाफ भी नाबाद 28 रन बनाए. सुतार ने अगस्त और सितंबर 2021 में अल अमरात में ओमान के खिलाफ मैचों की सीरीज में मुंबई का प्रतिनिधित्व भी किया था.
घरेलू क्रिकेट के अलावा, चिन्मय सुतार ने इंग्लैंड में टॉप-डिवीजन क्रिकेट भी खेला है और 2025 मुंबई क्रिकेट लीग (MCL) में मराठा रॉयल्स के लिए 'ऑरेंज कैप' विजेता भी रहे हैं. चिन्मय सुतार ने 2025 मुंबई क्रिकेट लीग (MCL) में मराठा रॉयल्स के लिए 7 मैचों में 271 रन बनाए थे.उसी इंटरव्यू में चिन्मय सुतार ने कहा था कि वह आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए एमसीएल का उपयोग करने की उम्मीद रखते हैं. खुद को एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज मानने वाले चिन्मय सुतार नंबर 3 पर बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं, जबकि लेग-स्पिन गेंदबाजी उनकी दूसरी कला है.