481 गेंद पर 350 रन... 27 चौके और 10 छक्के, कौन हैं बांग्लादेश के तौहीद हृदोय? ऐतिहासिक पारी से हिलाई रिकॉर्ड-बुक
तौहीद हृदोय ने साउथ अफ्रीका के दौरे पर अपनी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को हैरान करके रख दिया है. तौहीद हृदोय ने साउथ अफ्रीका-A के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में तिहरा शतक जड़ दिया.
बांग्लादेश के धाकड़ बल्लेबाज तौहीद हृदोय की इस वक्त पूरी दुनिया में जबरदस्त चर्चा हो रही है. बांग्लादेश-A की टीम इन दिनों साउथ अफ्रीका के दौरे पर है. बांग्लादेश-A और साउथ अफ्रीका-A के बीच खेले गए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में बांग्लादेशी बल्लेबाज तौहीद हृदोय ने इतिहास रच दिया है. तौहीद हृदोय ने साउथ अफ्रीका-A के खिलाफ इस अनऑफिशियल टेस्ट मैच की पहली पारी में 481 गेंदों पर 350 रनों की नाबाद ऐतिहासिक पारी खेली. तौहीद हृदय ने बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास की सबसे बेहतरीन व्यक्तिगत पारियों में से एक खेली.
बांग्लादेश A के कप्तान तौहीद हृदोय ने अपनी इस पारी में 27 चौके और 10 छक्के जमाए. तौहीद हृदोय की पारी की बदौलत बांग्लादेश A टीम ने 8 विकेट पर 676 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाया और अपनी पारी घोषित कर दी. चौथे नंबर पर बैटिंग करने आए तौहीद हृदोय ने बांग्लादेश A को मुश्किल स्थिति से उबारा. साउथ अफ्रीका-A के पहली पारी के 512 रनों के जवाब में बांग्लादेश-A का स्कोर एक समय पर 3 विकेट पर 86 रन हो गया था.
तौहीद हृदोय ने ऐतिहासिक पारी से हिलाई रिकॉर्ड-बुक
तौहीद हृदोय ने इसके बाद जाकेर अली (94 रन) के साथ 151 रनों की साझेदारी की और फिर मोहम्मद सैफुद्दीन (87 रन) के साथ 185 रनों की अहम साझेदारी की. बांग्लादेश A ने 191 से ज्यादा ओवर खेले और तौहीद हृदोय ने कई फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड तोड़े. मैच ड्रॉ होने से पहले साउथ अफ्रीका-A ने अपनी दूसरी पारी में 12 ओवर में बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए थे. हालांकि बांग्लादेश-A की टीम दो मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज 1-0 से हार गई, लेकिन सीरीज का आखिरी मैच तौहीद हृदोय के नाम रहा, जिन्होंने शानदार तिहरा शतक लगाकर बांग्लादेश के लिए फर्स्ट-क्लास बैटिंग का नया रिकॉर्ड बनाया.
कौन हैं तौहीद हृदय?
तौहीद हृदोय बांग्लादेश के टैलेंटेड मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं. तौहीद हृदोय का जन्म 4 दिसंबर 2000 को बोगरा में हुआ था. दाएं हाथ के बल्लेबाज तौहीद हृदोय ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. तौहीद हृदोय साल 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली बांग्लादेशी टीम का हिस्सा थे. तौहीद हृदोय ने साल 2017 में राजशाही डिवीजन के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और धीरे-धीरे घरेलू क्रिकेट और फ्रेंचाइजी लीग के जरिए अपनी पहचान बनाई.
जून 2026 में टेस्ट डेब्यू किया
तौहीद हृदोय के अच्छे प्रदर्शन की वजह से उन्हें 2023 में इंटरनेशनल टीम में जगह मिली. तौहीद हृदोय ने 9 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ T20I डेब्यू किया और उसी महीने बाद में आयरलैंड के खिलाफ ODI डेब्यू किया. तब से, वह बांग्लादेश की लिमिटेड-ओवर्स टीम का रेगुलर हिस्सा बन गए हैं. तौहीद हृदोय सिलहट स्ट्राइकर्स, फॉर्च्यून बारिशाल, कोमिला विक्टोरियंस, जाफना किंग्स और रंगपुर राइडर्स जैसी फ्रेंचाइजी टीमों के लिए भी खेल चुके हैं. तौहीद हृदोय ने जून 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया, जो उनके इंटरनेशनल करियर का एक और अहम पड़ाव था.
तौहीद हृदोय की यादगार पारी
25 साल की उम्र में तौहीद हृदोय की नाबाद 350 रनों की पारी उनके करियर की सबसे यादगार पारी बन गई है. पॉचेफस्ट्रूम में खेली गई उनकी इस मैराथन पारी ने उनके खेल का एक अलग ही पहलू दिखाया, जिसमें उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ धैर्य, एकाग्रता और बेहतरीन सोच का शानदार तालमेल दिखाया. तौहीद हृदोय ने बांग्लादेश के लिए एक टेस्ट मैच में 12 रन, 56 ODI मैचों में 1698 रन और 65 T20I मैचों में 1409 रन बनाए हैं.