भारत के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज में शाई होप का तूफानी फॉर्म जारी है. रांची में शतक जड़कर वेस्टइंडीज को ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद स्टार बल्लेबाज ने हैदराबाद में भी रनों की बरसात की. 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. शाई होप ने नए ओपनिंग पार्टनर ज्वेल एंड्रयू के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया. वेस्टइंडीज ने महज 7.4 ओवर में 100 रन बनाकर इतिहास रच दिया.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में दूसरी बार भारतीय गेंदबाजों की इतनी बुरी तरह से पिटाई हुई है. दिलचस्प बात ये है कि दोनों बार जख्म वेस्टइंडीज ने ही दिया है. 10 साल पहले यानी 2016 में इसी टीम ने भारत के खिलाफ शुरुआती 46 गेंदों पर 100 रन बनाए थे.
हैदराबाद में 10 साल पुराना इतिहास दोहराकर वेस्टइंडीज ने भारतीय गेंदबाजों पर बड़ा दाग लगा दिया. T20I में भारत के खिलाफ किसी टीम ने इतने कम गेंदों पर 100 रनों का आंकड़ा नहीं छुआ है, लेकिन वेस्टइंडीज ने दो बार ये कारनामा कर दिया है. इससे पहले 2016 में लॉडरहिल में इतने ही ओवरों में उन्होंने 100 रन बनाए थे और कोई विकेट भी नहीं गंवाया था.
तूफानी फॉर्म में चल रहे शाई होप ने चौथे टी20 मैच में भी भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और पारी की अंतिम गेंद पर शतक जड़ा. 50 गेंदों पर 102 रनों की नाबाद पारी के दौरान वेस्टइंडीज के कप्तान ने 4 चौके और 9 छक्के जड़े. इस सेंचुरी के साथ ही उन्होंने 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. शाई होप अब वेस्टइंडीज की तरफ से T20I में सबसे अधिक शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. गेल ने दो सेंचुरी जड़ी थी, जबकि होप ने अभी तक तीन शतक ठोक दिए हैं, जिसमें से दो इसी सीरीज में आए हैं.
3 - शाई होप
2 - क्रिस गेल, एविन लुईस
1 - जॉनसन चार्ल्स, रोवमैन पॉवेल