'सचिन पाजी हमेशा...', विराट कोहली ने तेंदुलकर से तुलना पर तोड़ी चुप्पी, मास्टर ब्लास्टर के लिए दिया दिल जीतने वाला बयान
विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर से तुलना पर बड़ा बयान दिया है. 55वें ODI शतक और 15,000 रन के रिकॉर्ड के बावजूद कोहली ने सचिन के क्रिकेट पर प्रभाव को रिकॉर्ड्स से कहीं ऊपर बताया है.
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर से अपनी तुलना को लेकर बड़ा बयान दिया है. विराट कोहली का मानना है कि सचिन तेंदुलकर ने अपने 24 साल के शानदार करियर में क्रिकेट के लिए जो योगदान दिया, वह अपने आप में अनोखा है. पिछले एक दशक से दोनों दिग्गजों की तुलना लगातार होती रही है और हर नए रिकॉर्ड के साथ यह बहस और तेज होती गई है.
विराट कोहली ने साल 2017 में भी सचिन तेंदुलकर से तुलना पर अपनी राय रखी थी. उस समय उन्होंने कहा था कि सचिन तेंदुलकर की क्षमता उनसे बेहतर थी. करीब 9 साल बाद भी विराट कोहली की सोच में कोई बदलाव नहीं आया है. भले ही अब उनके नाम सचिन से ज्यादा वनडे शतक हैं, लेकिन क्रिकेट की एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित करने वाले सचिन तेंदुलकर के लिए उनका सम्मान आज भी वैसा ही है.
सचिन को लेकर विराट कोहली का बड़ा बयान
विराट कोहली ने कहा, 'मेरे लिए, सचिन पाजी हमेशा सचिन पाजी ही रहेंगे. एमएस धोनी हमेशा मेरे पहले कप्तान के तौर पर एमएस धोनी ही रहेंगे. ये बातें मेरे अंदर कभी नहीं बदल सकतीं. मैंने खुद को कभी ऐसा इंसान नहीं माना, जिसने सब कुछ हासिल कर लिया हो या अपना नाम बना लिया हो. आप कभी ऐसी स्थिति में नहीं पहुंचते जहां आप कहें कि बस हो गया, मैंने सब कर लिया.'
कोहली खुद को नहीं मानते महान
विराट कोहली ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी खुद को ऐसा खिलाड़ी नहीं माना जिसने सब कुछ हासिल कर लिया हो. उनके मुताबिक खेल में लगातार तैयारी, मेहनत और सही चीजें करने पर ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी को यह सोचने की स्थिति में नहीं पहुंचना चाहिए कि वह बाकी सभी से बेहतर है.
विराट कोहली ने कहा, 'आप संतुष्ट हो सकते हैं, लेकिन अगर आप पूरी लगन और विनम्रता के साथ खेल की तैयारी करते हैं और सही चीजें करते हैं, तो अहंकार के नजरिए से आप कभी ऐसी स्थिति में नहीं पहुंच सकते जहां आप कहें कि मैं बाकी सबसे बेहतर हूं, क्योंकि वही अंत है. उन्होंने अपने समय में खेल में क्रांति ला दी थी और मेरे लिए यह बात आंकड़ों और तुलनाओं से कहीं ऊपर है. लोगों पर उन्होंने जो छाप छोड़ी, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.'
सचिन ने अपने दौर में क्रिकेट को बदलने का काम किया
विराट कोहली के मुताबिक सचिन ने अपने दौर में क्रिकेट को बदलने का काम किया था. यही वजह है कि सचिन का प्रभाव केवल शतकों और रिकॉर्ड्स से नहीं मापा जा सकता. विराट कोहली के अनुसार सचिन ने लोगों पर जो असर छोड़ा, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. विराट कोहली ने कहा, 'सचिन पाजी ने अपने समय में खेल में क्रांति ला दी. मेरे लिए यह आंकड़ों और तुलना से कहीं आगे है. लोगों पर उन्होंने जो प्रभाव छोड़ा, वह कभी नहीं भुलाया जाएगा.'
कोहली ने तोड़ा सचिन का बड़ा रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ODI में विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 55वां शतक जड़ा. इसी मुकाबले में उन्होंने ODI क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. कोहली ने यह उपलब्धि 303 पारियों में हासिल की, जबकि सचिन तेंदुलकर को 15,000 वनडे रन तक पहुंचने में 377 पारियां लगी थीं. कोहली ने इस मामले में सचिन से 74 पारियां कम लीं.
खुद को दूसरों की नजर से अलग देखते हैं कोहली
विराट कोहली ने अपने बारे में लोगों की राय पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि वह फैंस के प्यार के लिए बेहद आभारी हैं, लेकिन लोग उन्हें जिस नजर से देखते हैं, वह खुद को उस तरह नहीं देखते. विराट कोहली के मुताबिक फैंस उन्हें उनकी उपलब्धियों और भारतीय क्रिकेट के लिए किए गए प्रदर्शन के आधार पर जानते हैं, लेकिन वह खुद जानते हैं कि वह कहां से आए हैं. उनके मुताबिक इंसान को अपनी असल पहचान नहीं भूलनी चाहिए.
विराट कोहली ने कहा, 'मैं खुद को उसी नजर से नहीं देखता, जिस नजर से दूसरे लोग मुझे देखते हैं. मेरे लिए मैदान पर प्रदर्शन और बाहर मिली लोकप्रियता से अलग अपनी पहचान है.' विराट कोहली ने अपने फैंस को लेकर कहा, 'मैं वह इंसान नहीं हूं, जो उन्होंने मुझे मान लिया है, क्योंकि वे मुझे दूर से जानते हैं. वे मेरे प्रदर्शन और मेरे क्रिकेट खेलने के बारे में जानते हैं. असल में, मैं जानता हूं कि मैं कहां से आया हूं और आप कभी भी वह इंसान नहीं बदलते जो आप असल में हैं. मैं खुद को उस नजरिए से नहीं देखता जिससे दूसरे लोग देखते हैं.'