)
वैसे तो विराट कोहली मैदान पर अक्सर विरोधी टीम के खिलाड़ियों को आंख दिखाते नजर आते हैं, लेकिन बात जब अपने खिलाड़ियों की आती है तो वो हमेशा प्यार और हंसी मजाक से पेश आते हैं. ऐसा ही दिल जीतने वाला नजारा भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा ODI शुरू होने से पहले देखने को मिला. केएल राहुल के साथ उनकी दोस्ती कितनी गहरी है, ये दुनिया के सामने दिखा. वेलिंगटन में खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टीम इंडिया के खिलाड़ी मैदान पर उतरे, लेकिन केएल राहुल की जर्सी में कुछ दिक्कत थी.
जब केएल राहुल को जर्सी पहनने में दिक्कत हुई तो सपोर्ट स्टाफ ने उनकी जर्सी का कुछ हिस्सा कैंची से काट दिया. हालांकि, इसके बावजूद राहुल की परेशानी दूर नहीं हुई. दोस्त को परेशान देख विराट कोहली से रहा नहीं गया और उन्होंने उनकी मदद की. कोहली ने जिस अंदाज में राहुल को तैयार किया, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा भाई अपने छोटे भाई को तैयार कर रहा हो.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि विराट कोहली बड़े भाई की तरह केएल राहुल की जर्सी ठीक कर रहे हैं. वो पूरे लगन से उनकी मदद कर रहे हैं. पूर्व भारतीय कप्तान को ऐसा करते देख राहुल भी खुश हुए और उन्हें निहारते दिखे. दोनों का ये 'ब्रोमांस' फैंस को बेहद पसंद आया. कुछ लोगों को तो अपनी मां की याद आ गई.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने लिखा, ''जरा देखिए कि विराट कोहली, केएल राहुल की इनर शर्ट की आस्तीनें बाहर खींचकर उन्हें मैच के लिए तैयार होने में कैसे मदद कर रहे हैं. इसे देखकर मुझे याद आ गया कि जब मैं बच्चा था, तो मेरी मां मुझे स्कूल के लिए तैयार होने में कैसे मदद करती थीं. कोहली और राहुल के बीच का रिश्ता वाकई कमाल का है.''
Look at the way Virat Kohli is helping KL Rahul get ready for the match by pulling his inner shirt sleeves out. 😂❤️ This reminds me of how my mom used to help me get ready for school when I was a kid. Kohli and Rahul's bond is truly unreal! https://t.co/JzCsJnKQMI
— Sonu (@Cricket_live247) November 7, 2026
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे को जीतकर टीम इंडिया ने करोड़ों फैंस को दिवाली का स्पेशल तोहफा दिया है. वेलिंगटन में खेले गए मुकाबले में तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने कहर बरपाते हुए 4 विकेट चटकाए. उनके इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को 134 रनों पर ऑलआउट कर दिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 46 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने 39 रनों की कीमती पार्टनरशिप की. राहुल 26 रन बनाकर अंत तक डटे रहे और भारत को जीत दिलाई. 135 रनों का पीछा करते हुए भारत ने 26 ओवर में 7 विकेट खोकर 113 रन बनाए थे. इसके बाद बारिश ने एंट्री मारी और खेल रुक गया. DLS मेथड से भारत 4 रन से आगे था और इसी वजह से उन्हें जीत मिली.