VIDEO: वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज को दिन में दिखाए तारे, जड़ दिया 'मॉन्स्टर सिक्स', बल्ले से मचाई तबाही
दलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की. वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान अपने एक 'मॉन्स्टर सिक्स' से चर्चा लूट ली.
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है. दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले ही दिन ईस्ट जोन के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से महफिल लूट ली है. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने साउथ जोन के तेज गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और खास तौर पर मोहम्मद सिराज को निशाना बनाया. वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान मोहम्मद सिराज की एक गेंद पर 'मॉन्स्टर' छक्का जड़ते हुए हर किसी को हैरान कर दिया.
दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और साउथ जोन को पहले गेंदबाजी करने का जिम्मा सौंपा. वैभव सूर्यवंशी ने अपने अनुभवी ओपनिंग पार्टनर अभिमन्यु ईश्वरन के साथ ईस्ट जोन के लिए पारी की शुरुआत की. दोनों ने मिलकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और एक बार फिर अपनी अच्छी पार्टनरशिप से विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया. वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान साउथ जोन के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के एक ओवर में 14 रन कूट डाले.
वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज को दिन में दिखाए तारे
वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की पहली पारी के सातवें ओवर में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की जमकर धुनाई कर दी. वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के इस ओवर में 2 चौके और 1 छक्का जड़ दिया. वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ पूरी तरह आक्रामक अंदाज अपना लिया. ओवर की दूसरी गेंद को वैभव सूर्यवंशी ने शानदार तरीके से कट करते हुए पॉइंट के फील्डर को छकाया और चौका हासिल किया. इसके बाद अगली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने अपने हाथ खोले और मोहम्मद सिराज की गेंद पर 'मॉन्स्टर' छक्का जड़ दिया. इस शॉट में उनकी टाइमिंग और आक्रामक सोच साफ नजर आई.
इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने इस ओवर में मोहम्मद सिराज की आखिरी गेंद पर चौका जड़ दिया. मोहम्मद सिराज ने ओवर की आखिरी गेंद के लिए राउंड द विकेट से गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन एक बार फिर गेंद वैभव सूर्यवंशी के एरिया में पड़ गई और उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए बड़ा शॉट खेला जिसके बाद गेंद बाउंड्री तक पहुंच गई. वैभव सूर्यवंशी इस तरह ओवर में अपना दूसरा चौका जरूर हासिल कर लिया.वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के इस ओवर में कुल 14 रन बटोर लिए. वैभव सूर्यवंशी 37 गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हो गए. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का उड़ाया.
मोहम्मद सिराज की खराब गेंदबाजी
दलीप ट्रॉफी फाइनल में मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी अभी तक बहुत साधारण रही है. उन्होंने शुरुआती पांच ओवर में 41 रन खर्च किए और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला.मोहम्मद सिराज की गेंदों में वह सामान्य रफ्तार भी नजर नहीं आई, जिसके लिए वह जाने जाते हैं. मोहम्मद सिराज श्रीलंका के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज के दोनों मुकाबलों में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे. ऐसे में दलीप ट्रॉफी फाइनल में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी.
वैभव सूर्यवंशी कैसे आउट हुए?
वैभव की आक्रामक पारी का अंत करने के लिए साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने स्पिन का सहारा लिया, लेकिन सूर्यवंशी का विकेट आखिरकार चामा मिलिंद की गेंद पर आया. ईस्ट जोन की पहली पारी के 15वें ओवर में चामा मिलिंद ने शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर वैभव ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. हालांकि इस बार उनका शॉट सही तरीके से कनेक्ट नहीं हुआ और डीप स्क्वायर लेग पर तनय त्यागराजन ने शानदार कैच पकड़कर उनकी पारी खत्म कर दी. इस तरह वैभव ने छोटी, लेकिन बेहद आक्रामक पारी खेली.