)
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का आठ साल पुराना जख्म एक बार फिर हरा हो गया है. साल 2018 के चर्चित बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर अब ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पूर्व खिलाड़ियों के बीच नई बहस छेड़ दी है. इस बार पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा ने बताया है कि आखिर उस समय उन्होंने मीडिया के सामने खुलकर बोलने का फैसला क्यों बदल दिया था. उस्मान ख्वाजा के मुताबिक, तत्कालीन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने उन्हें सार्वजनिक रूप से कुछ भी बोलने से रोक दिया था. स्टीव स्मिथ खुद इस पूरे विवाद की जिम्मेदारी लेना चाहते थे. उस्मान ख्वाजा ने यह भी बताया कि इस फैसले को लेकर दोनों के बीच बहस तक हुई थी.
उस्मान ख्वाजा ने हाल ही में एंटोनेट लाटौफ के पॉडकास्ट 'दे यूज्ड टू बी' में 2018 के विवाद से जुड़ी कई अहम बातें बताईं. उन्होंने खुलासा किया कि जब बॉल टेम्परिंग मामले में खिलाड़ियों को सजा सुनाई गई थी, तब वह मीडिया के सामने अपनी बात रखना चाहते थे. उस्मान ख्वाजा को लगा था कि स्टीव स्मिथ को जो सजा मिली, वह सही नहीं थी. वह इस फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर करना चाहते थे, लेकिन स्मिथ ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. उस्मान ख्वाजा ने कहा, 'जब बाकी खिलाड़ियों को सजा मिली, तो मैंने 'स्मज' (स्टीव स्मिथ) से कहा कि मैं मीडिया के सामने सब कुछ सच-सच बता दूंगा. मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि उन्हें (स्मिथ को) इतनी कड़ी सजा मिली है.'
उस्मान ख्वाजा ने कहा, 'एक लीडर होने के नाते, और जैसे इंसान वे हैं, उन्होंने मुझे ऐसा करने से रोक दिया. वे खुद पूरी जिम्मेदारी लेना चाहते थे. मैंने उनसे बहस भी की, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े रहे.' उस्मान ख्वाजा का यह बयान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक के दौरान हुई बातचीत की एक झलक पेश करता है. यह उनकी किताब (मेमॉयर) की नई चर्चाओं के बीच आया है, जिसने इस पुरानी धारणा को चुनौती दी है कि केपटाउन टेस्ट से पहले सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में किसे पता था.
उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' (Sabr) के रिलीज होने से पहले स्टीव स्मिथ के साथ हुई बातचीत के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि वह बातचीत थोड़ी अजीब थी, और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के हालिया टेस्ट मैच के खत्म होने का इंतजार किया, जिसके बाद उन्होंने पूर्व कप्तान से बात की.
ख्वाजा ने कहा, 'स्टीव स्मिथ थोड़े असहज थे, क्योंकि वे उस टेस्ट (पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) में खेल रहे थे. मैंने मैच खत्म होने का इंतजार किया और फिर उनसे बात की.' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर ने यह भी बताया कि डेविड वॉर्नर को किताब के रिलीज होने से कुछ समय पहले तक यह नहीं पता था कि इसमें क्या-क्या खुलासे किए गए हैं. ख्वाजा ने कहा कि 2020 में वॉर्नर से किए गए एक वादे के कारण, उन्होंने 2020 से 2026 के बीच इस विवाद पर वॉर्नर से लगभग कोई बात नहीं की थी.
ख्वाजा ने कहा, 'मैंने उन्हें सिर्फ दो महीने पहले ही बताया था.' उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने वॉर्नर को किताब का वह अध्याय पब्लिश होने से सिर्फ एक हफ्ते पहले भेजा था, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि इसमें लिखी बातें पहले ही लीक हो जाएं. ख्वाजा की किताब में दावा किया गया है कि बॉल-टेम्परिंग की घटना के बारे में स्मिथ, वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट के अलावा और भी लोगों को पता था. उन्होंने यह सवाल भी उठाया है कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान ड्रेसिंग रूम में मौजूद होने के बावजूद, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती जांच में उनसे पूछताछ क्यों नहीं की गई.
इस खुलासे के बाद पूर्व साथियों के बीच गहरी दरार सामने आ गई है. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने ख्वाजा के इन दावों को 100 प्रतिशत गलत और पूरी तरह से बकवास बताया है कि गेंदबाजों के ग्रुप को पता था कि मैदान पर सैंडपेपर ले जाया जा रहा है. वहीं, मिचेल स्टार्क ने 2021 में गेंदबाजों की ओर से दिए गए संयुक्त बयान का समर्थन किया है. उनका कहना है कि उन्हें टेम्परिंग के बारे में तब पता चला, जब केपटाउन में इसे बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया. वॉर्नर ने ख्वाजा का सपोर्ट किया है. उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन जैसे खिलाड़ियों से कभी पूछताछ नहीं की गई. उन्होंने इस जांच को एक तरह का 'कवर-अप' बताया है.