SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अंडर-19 एशिया कप: आर्यवीर सहवाग के शतक से सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, अफगानिस्तान से होगी टक्कर

भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. उसने ग्रुप ए के तीसरे मैच में यूएई को परास्त कर दिया. आर्यवीर सहवाग के शतक की बदौलत भारत ने 309 रन बनाए और 70 रन से मैच को जीत लिया.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 10, 2026, 07:03 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 07:42 PM IST
Image Credit: अंडर-19 एशिया कप. X/@BCCI
Join

भारतीय अंडर-19 टीम ने ओमान के अल अमरात में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को एशिया कप में हरा दिया. ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में इस जीत के साथ ही टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई. वहां उसका मुकाबला अफगानिस्तान से गुरुवार (12 नवंबर) को होगा. भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में नेपाल को हराया था और दूसरे मुकाबले में उसे पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.

ग्रुप ए में भारत को तीन में से दो मैचों में जीत मिली है और एक में उसे हार मिली. चार अंक के साथ टीम इंडिया दूसरे स्थान पर रही. पाकिस्तान ने ग्रुप के सभी तीनों मैच जीते. उसके खाते में छह अंक है और वह पहले स्थान पर है. वह सेमीफाइनल-1 में पहुंच गया. वहां उसका मुकाबला बांग्लादेश अंडर-19 टीम से होगा. भारत सेमीफाइनल-2 में अफगानिस्तान से भिड़ेगा.

 

 

आर्यवीर ने ठोका शतक

यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 309 रन बनाए. टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने 168 गेंद पर 160 रन बनाए. उन्होंने 17 चौके और सात छक्के लगाए. वीके विनीत ने 69 गेंद पर 67 रन बनाए. पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ का बल्ला इस मैच में नहीं चला और वह नौ गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गए. यूएई के लिए नसीम खान ने चार विकेट लिए.

ये भी पढ़ें: ऋषभ पंत की मैदान पर कब होगी वापसी? वेलिंगटन टेस्ट से पहले फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट

आक्रामकता के साथ धैर्य

सहवाग ने पूरे करियर में गेंदबाजों की पहली गेंद से ही धज्जियां उड़ाई हैं. उनके बेटे आर्यवीर का रवैया थोड़ा अलग होता है. वह पिता की तरह आक्रामक होने के साथ-साथ संभलकर भी बल्लेबाजी करते हैं. उन्होंने अपना अलग तरीका बनाया है. मंगलवार को यूएई के खिलाफ उनकी पारी में यह पूरी तरह देखने को मिला. उन्होंने चौके-छक्कों के साथ विकेट को बचाकर भी रखा और टीम को 309 रनों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई.

ये भी पढ़ें: सहवाग के बेटे ने रचा इतिहास: आर्यवीर का ऐतिहासिक कारनामा, शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के खास रिकॉर्ड की बराबरी

गेंदबाजी में चमके ईशान सूद

भारत के लिए गेंदबाजी में ईशान सूद ने कहर बरपा दिया. उन्होंने सात ओवरों में 37 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए. यूएई के लिए अहमद खुदादाद ने सबसे ज्यादा 74 और नूरुल्लाह अयूबी ने 39 रन बनाए. यायिन राय ने 29 और कप्तान अयान मिस्बाह ने 27 रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES