गंभीर के भरोसे से चमके तिलक... न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसे पलटी हारी हुई बाजी? मैच के बाद बताया मास्टरप्लान
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्ट चर्च में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मैच को भारत ने 4 विकेट से जीत लिया. दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले मुकाबले में तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर 51 रनों की मैच विनिंग पारी खेली. नमन धीर और नीतीश रेड्डी का भी अहम रोल रहा.
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में 'हैदराबादी पावर' को देख पूरा भारत खुशी से झूम उठा. जी हां, हैगली ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 मैच में तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी कर महफिल लुट ली. हैदराबाद के ही उनके साथी नीतीश कुमार रेड्डी ने भी जीत में अहम योगदान दिया और दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली. ब्लॉकबस्टर मुकाबले में भारत ने 4 विकेट से बाजी मारी और 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. शानदार जीत के बाद तिलक वर्मा ने बड़ा खुलासा किया. जब उनसे पूछा गया कि 5 विकेट गिरने के बाद वो क्या सोच रहे थे, तो उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर का जिक्र कर टीम मैनेजमेंट का प्लान बताया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में तबाही मचाकर भारत को हारी हुई बाजी जीता दी. उनकी इस पारी को देखकर 2025 में हुए एशिया कप फाइनल की यादें ताजा हो गईं, जब उन्होंने ऐसी ही पारी खेलकर पाकिस्तान की जीत की उम्मीदों पर पानी फेरकर भारत को जीत दिलाई थी.
गंभीर के भरोसे से चमके तिलक
क्राइस्टचर्च में जीत का 'तिलक' लगाने के बाद स्टार बल्लेबाज ने इस मैच के दौरान अपने गेम प्लान के बारे में बताया. तिलक वर्मा की ये पारी इसलिए भी खास है क्योंकि 181 रनों का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 70 रन पर 5 विकेट खो दिए थे. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल पवेलियन लौट चुके थे. जीत दिलाने की जिम्मेदारी नमन धीर और तिलक वर्मा के कंधों पर थी. पहले नमन ने काउंटर अटैक कर जीत की उम्मीद जगाई और फिर बाकी का काम तिलक वर्मा ने किया. मैच के बाद उन्होंने कहा,
'' 5 विकेट गिरने के बाद मैं बस अंत तक खेलने के बारे में सोच रहा था. आज के मैच से ठीक पहले, मेरी बात कोच गौतम सर और सितांशु कोटक सर से हुई थी. उन्होंने कहा कि हम सभी को और पूरे भारत को आप पर भरोसा है. अगर आप अंत तक टिके रहे, तो आप हमारे लिए मैच जिता देंगे. बस यही बात मेरे दिमाग में चल रही थी. मैं मैच को जितना हो सके उतना आगे तक ले जाना चाहता था, और अंत में, वही हुआ जिस पर सबको भरोसा था.''
हेड कोच गौतम गंभीर के भरोसे और प्लान पर तिलक वर्मा पूरी तरह खरे उतरे और क्राइस्टचर्च में भारत को यादगार जीत दिलाई. इस जीत में उनके अलावा नमन धीर और नीतीश रेड्डी का भी अहम योगदान रहा. 5 विकेट गिरने के बाद नमन धीर ने ही पहले आक्रामक रवैया अपनाया और कीवी गेंदबाजों पर दबाव बनाया. 15 गेंदों पर 30 रन बनाने के बाद वो आउट हो गए.
उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा अटैकिंग मोड में आए. नीतीश ने भी उनका भरपूर साथ दिया. भारत को आखिरी 18 गेंदों पर जीत के लिए 46 रनों की दरकार थी. तिलक-रेड्डी इस लक्ष्य के लिए तैयार थे. 18वें ओवर में 17 रन बने और फिर 19वें ओवर में तिलक ने अकेले 18 रन बनाकर सनसनी मचा दी. भारत ने आखिरी ओवर में आसानी से 11 रन बनाकर शानदार जीत हासिल की.
ये भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च में जीत का 'तिलक': ब्लॉकबस्टर मुकाबले में भारत ने मारी बाजी, न्यूजीलैंड के जबड़े से छीना मैच