न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में भारत ने 2-0 की बढ़त बना ली है. शनिवार (24 अक्टूबर) को खेले गए दूसरे मुकाबले में तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली. तिलक ने 26 गेंदों पर 51 रनों की यादगार पारी खेली. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए थे.
इसके बाद कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने 4 ओवर में 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी, लेकिन तिलक वर्मा ने आखिरी 18 गेंदों में आक्रामक रुख अपनाकर न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली. नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने भी उनका साथ दिया और कीमती पारी खेली. 5 मैचों की सीरीज में शुरुआती दो मुकाबले जीतकर भारत ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है. तीसरा मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा.
181 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया मुसीबत में थी. महज 70 रनों पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. उसके बाद नमन धीर ने काउंटर अटैक कर जीत की उम्मीद जगाई और फिर उनके आउट होने के बाद तिलक ने आक्रामक रुख अपनाकर मैच का पासा पलट दिया. 19वें ओवर में नाथन स्मिथ को आड़े हाथों लेते हुए तिलक ने 18 रन बना दिए. आखिरी ओवर में 11 रन की दरकार थी, जिसे भारत ने एक गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया. तिलक 26 गेंद पर 51 रन और नीतीश कुमार रेड्डी 13 गेंद पर 26 रन बनाकर नाबाद रहे. नमन धीर ने भी 17 गेंदों पर 30 रनों की अहम पारी खेली.
Tilak 𝐂𝐋𝐔𝐓𝐂𝐇 Varma 🫡 The #TeamIndia Vice-Captain walks away with a well-deserved POTM award 👏 Scorecard ▶️ https://t.co/FZtUFIFWS2 #NZvIND https://t.co/zyfDlnctxQ
— BCCI (@BCCI) October 24, 2026
दूसरे टी20 मैच में कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने शानदार स्पेल डाला. उन्होंने अपनी फिरकी के जादू में चार भारतीय बल्लेबाजों को फंसाया और सिर्फ 21 रन खर्च किए. उन्होंने न्यूजीलैंड की जीत लगभग पक्की कर दी थी, लेकिन तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी की साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया. इससे पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था. ग्लेन फिलिप्स और बेवॉन जैकब्स के अर्धशतक के दम पर कीवी टीम ने 180 रनों का स्कोर खड़ा किया था. फिलिप्स ने 43 गेंदों पर 70 रन और जैकब्स ने 46 गेंद पर 58 रन बनाए थे. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार काफी महंगे साबित हुए. अनुभवी तेज गेंदबाज ने अपने 4 ओवर में 50 रन देकर एक विकेट हासिल की.