सावधान इंडिया! T20 में वेस्टइंडीज के ये 3 खिलाड़ी हैं बहुत 'डेंजर', एक ओवर में बाजी पलटने की काबिलियत
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. आइए नजर डालते हैं वेस्टइंडीज के उन 3 प्लेयर्स पर जो आगामी T20I सीरीज में भारत के लिए खतरा साबित हो सकते हैं.
India vs West Indies T20 Series: वनडे क्रिकेट में भारत को चुनौती देने के बाद अब वेस्टइंडीज की टीम वो फॉर्मेट खेलने के लिए कमर कस चुकी है, जिसमें वो सबसे ज्यादा मजबूत है. जी हां, दो बार की वर्ल्ड चैंपियन T20I में टीम इंडिया को टक्कर देने के लिए तैयार है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसकी शुरुआत मंगलवार, 06 अक्टूबर को होगी. पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा.
कागज पर देखेंगे तो लगेगा कि श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम काफी मजबूत है, लेकिन इस फॉर्मेट में वेस्टइंडीज को कम आंकने की गलती टीम इंडिया कभी नहीं करना चाहेगी. T20 में ये टीम बिल्कुल अलग नजर आती है. टीम में कई ऐसे खिलाड़ी भी जुड़ने वाले हैं, जो ODI सीरीज का हिस्सा नहीं थे. इन खिलाड़ियों के जुड़ने से वेस्टइंडीज की टीम और खतरनाक साबित हो सकती है. आइए नजर डालते हैं वेस्टइंडीज के उन 3 प्लेयर्स पर जो आगामी टी20 सीरीज में भारत के लिए खतरा साबित हो सकते हैं.
शाई होप (Shai Hope)
शानदार फॉर्म में चल रहे स्टार बल्लेबाज शाई होप टी20 में भी भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. ODI सीरीज में उन्होंने तीन पारियों में दो शतक सहित 278 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 139.00 का रहा. आगामी टी20 सीरीज में भी शाई होप वेस्टइंडीज के सबसे बड़े 'Hope' साबित हो सकते हैं. दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने अब तक 70 T20I में 136.59 के स्ट्राइक रेट से 1743 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं.
शिमरन हेटमायर (Shimron Hetmyer)
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में खतरनाक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर भी खेलेंगे. उन्हें ODI टीम में जगह नहीं मिली थी. हेटमायर के पास दुनियाभर के अलग -अलग टी20 लीग में खेलने का अनुभव है. वो लंबे समय से आईपीएल में हिस्सा ले रहे हैं, जिसकी वजह से भारत की पिचों से अच्छी तरह से वाकिफ हैं. हेटमायर मिडिल ओवरों में मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं. अगर उन्हें जल्दी पवेलियन नहीं भेजा तो भारत के लिए खतरा बन सकते हैं. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब तक खेले गए 85 T20I मुकाबले में 140.41 के स्ट्राइक रेट से 1678 रन बनाए हैं, जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं.
रोमारियो शेफर्ड (Romario Shepherd)
शिमरन हेटमायर की तरह रोमारियो शेफर्ड भी ODI टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन टी20 क्रिकेट में वेस्टइंडीज उनकी अहमियत जानती है. रोमारियो गेंद और बैट दोनों से योगदान देते हैं. आखिरी ओवरों में वो बल्ले से बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं. वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो इसी साल की शुरुआत में हुए टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने हैट्रिक लिया था. रोमारियो शेफर्ड ने अभी तक वेस्टइंडीज के लिए 81 T20I मुकाबले खेले हैं. उनके नाम 81 विकेट और 144.97 के स्ट्राइक रेट से 909 रन है.
भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का शेड्यूल
पहला टी20 इंटरनेशनल मैच: 6 अक्टूबर, लखनऊ (इकाना स्टेडियम)
दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच: 9 अक्टूबर, रांची (JSCA स्टेडियम)
तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच: 11 अक्टूबर, इंदौर (होल्कर स्टेडियम)
चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच: 14 अक्टूबर, हैदराबाद (राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम)
पांचवां टी20 इंटरनेशनल मैच: 17 अक्टूबर, बेंगलुरु (एम चिन्नास्वामी स्टेडियम)
यह भी पढ़ें: खतरे में रोहित का बड़ा रिकॉर्ड: इतने छक्के जड़ते ही नंबर-1 बन जाएगा वेस्टइंडीज का ये सबसे खतरनाक बल्लेबाज