टेस्ट की असली जंग: आकाश दीप के हेलमेट तो गुरनूर के गर्दन पर लगी गेंद, दर्द से लड़ भारत ने बचाया फॉलोऑन
क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने 88 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की लाज बचाई. आकाश दीप और गुरनूर बरार ने भी बल्ले से उनका समर्थन किया. इस दौरान तीनों को चोटें भी लगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और फॉलोऑन बचाया.
क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया पहली पारी में 246 रन पर ऑलआउट हो गई. जब दूसरे दिन का खेल शुरू हुआ, तब भारत का स्कोर 116 पर 6 था. एक रन जुड़ते ही टीम को सातवां झटका लगा. अंशुल कंबोज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. कीवी गेंदबाज आग उगल रहे थे, लेकिन ध्रुव जुरेल ने हार नहीं मानी. इस लड़ाई में आकाश दीप और डेब्यूटेंट गुरनूर बरार ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और क्राइस्टचर्च में भारत की लाज बचा ली. इन तीनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के 'मिशन फॉलोऑन' पर पानी फेर दिया.
ध्रुव जुरेल की शानदार बल्लेबाजी और आकाश दीप के सपोर्ट के दम पर भारत ने 156 रनों का आंकड़ा पार कर फॉलो ऑन बचा लिया. गेंदबाजी से 5 विकेट लेकर प्रभावित करने वाले आकाश दीप ने बल्ले से भी जलवा दिखाया और 29 रनों की कीमती पारी खेली. उनके आउट होने के बाद नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने उतरे डेब्यूटेंट गुरनूर बरार ने भी जुरेल का अच्छा साथ निभाया.
आकाश दीप के हेलमेट पर लगी गेंद
आकाश दीप की 29 रनों की पारी इसलिए भी खास है, क्योंकि न्यूजीलैंड के गेंदबाज काइल जैमिसन के एक ओवर में दो बार गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी. वो थोड़े दर्द में भी थे. इसके बावजूद उन्होंने खेलना जारी रखा और जुरेल के साथ मिलकर टीम इंडिया की इज्जत बचाई. आकाश दीप के अलावा ध्रुव जुरेल को भी उंगली में चोट लगी. मैट हेनरी की गेंद पर गुरनूर बरार भी घायल हुए, जब बॉल सीधे जाकर उनके गर्दन पर लगी. लगातार लग रही चोटें और दर्द के बावजूद इन तीनों खिलाड़ियों ने बहादुरी से बल्लेबाजी कर फैंस का दिल जीत लिया.
स्पेशल क्लब में ध्रुव जुरेल की एंट्री
क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट की पहली पारी में न्यूजीलैंड ने 356 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में भारतीय टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और उन्होंने 116 रनों पर 6 विकेट खो दिए. ध्रुव जुरेल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मोर्चा संभाला और 170 गेंदों का सामना करते हुए 88 रन बनाए. वो न्यूजीलैंड में भारत के लिए 7वें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए दूसरे सबसे सर्वोच्च स्कोर करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने पूर्व भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज सैयद किरमानी को पीछे छोड़ा, जिन्होंने ऑकलैंड में 1981 में 78 रनों की पारी खेली थी.
न्यूजीलैंड में भारत के लिए 7वें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वोच्च स्कोर
118 - अजिंक्य रहाणे, वेलिंगटन, 2014
88 - ध्रुव जुरेल, क्राइस्टचर्च, 2026
78 - सैयद किरमानी, ऑकलैंड, 1981
78 - ध्रुव जुरेल, वेलिंगटन, 2026
76 - जवागल श्रीनाथ, हैमिल्टन, 1999
ये भी पढ़ें: गंभीर और सिराज में तकरार? बगल से गुजर गए हेड कोच, तेज गेंदबाज ने नहीं दिया भाव! VIDEO वायरल