App

गंभीर और सिराज में तकरार? बगल से गुजर गए हेड कोच, तेज गेंदबाज ने नहीं दिया भाव! VIDEO वायरल

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर उनके और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच अनबन की अटकलें लगाई जा रही हैं.

गंभीर और सिराज में तकरार? बगल से गुजर गए हेड कोच, तेज गेंदबाज ने नहीं दिया भाव! VIDEO वायरल
Image Credit: गंभीर और सिराज में तकरार? (BCCI/X)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट खेला जा रहा है. पहले मैच की इस तरह इस मुकाबले में भी स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है. टीम मैनेजमेंट का ये फैसला चौंकाने वाला है, क्योंकि सिराज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा सत्र में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. इस मामले में प्रीमियम पेसर जसप्रीत बुमराह भी उनसे पीछे हैं.

ऐसा लगता है जैसे सिराज न्यूजीलैंड दौरे पर एक टूरिस्ट की तरह गए हैं. इससे पहले 5 मैचों की ODI सीरीज में भी उन्हें सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौका मिला था. टेस्ट में उनके खेलने की पूरी उम्मीद लगाई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. सोशल मीडिया पर फैंस सवाल उठा रहे हैं कि आखिर क्यों सिराज को दरकिनार किया जा रहा है. इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर फैंस दावा कर रहे हैं कि गंभीर और सिराज के बीच सबकुछ ठीक नहीं है.

गंभीर-सिराज में अनबन?

न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट के बीच एक छोटा-सा वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देखकर फैंस के बीच बहस छिड़ गई है. वायरल हो रहे वीडियो क्लिप में देख सकते हैं कि बाउंड्री लाइन के पास मोहम्मद सिराज और गौतम गंभीर एक दूसरे के बेहद करीब से गुजरते हैं. दोनों एक दूसरे से आंख भी नहीं मिलाते. हैरान करने वाली बात ये है कि सिराज ने हेड कोच को बिल्कुल भाव नहीं दिया और उनसे बिना कुछ कहे बगल से निकल गए. हालांकि, हेड कोच और तेज गेंदबाज में सच में कोई दरार है? फिलहाल इस बात का पुख्ता सबूत नहीं है.

वीडियो पर बवाल, क्या है सच?

महज कुछ सेकेंड के इस वीडियो ने इंटरनेट का पारा बढ़ा दिया है. हालांकि, वीडियो में ये नहीं पता चल रहा है कि इस पल से ठीक पहले या बाद में क्या हुआ. सिराज प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए फैंस टीम मैनेजमेंट पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. लेकिन इस वीडियो से ये समझ लेना कि हेड कोच और तेज गेंदबाज के बीच अनबन है, ये कहीं से सही नहीं होगा.

सिराज के डेब्यू के बाद पहली बार हुआ ऐसा

हैदराबाद के मोहम्मद सिराज ने साल 2020 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. उसके बाद से वो लगातार टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं. हालांकि, उनके 6 सालों के करियर में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी विदेशी टेस्ट सीरीज में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है. दाएं हाथ के पेसर ने अब तक भारत के लिए 48 टेस्ट खेले हैं और 29.63 की औसत से 144 विकेट चटकाए हैं.

 

 

 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More