)
फरीदाबाद के एक होटल में दिल्ली विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में पता चला है कि छात्रा के साथ होटल में ठहरने वाले युवक ने पानी में चूहे मारने वाली दवा मिलाकर हत्या की है. फिलहाल आरोपी को उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वह छात्रा का पड़ोसी था और दोनों एक-दूसरे को जानते थे.
दरअसल, कुरेशीपुर गांव की रहने वाली छात्रा 23 नवंबर को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिजनों ने धौज थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्रा सेक्टर-37 स्थित एक होटल में रुकी हुई थी. जहां उसका शव कमरे से मिला है. इसके बाद उसके परिजनों ने अस्पताल और पुलिस की मदद से उसकी पहचान की.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा और आरोपी विपिन 23 नवंबर की सुबह करीब 9:45 से 10 बजे के बीच होटल में चेक-इन किया था. आरोप है कि विपिन रात करीब 10:30 बजे अकेला होटल से बाहर निकल गया. अगले दिन जब होटल कर्मचारी कमरे की सफाई के लिए पहुंचे तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. बाद में देखा गया कि कमरे में छात्रा का शव मिला. शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि आरोपी अपने साथ चूहे मारने की दवा लेकर आया था. उसके बाद उसने पानी में मिलाकर छात्रा को पिला दिया.
इस मामले में कमरे से दो सुसाइड नोट भी मिले. इनमें से एक में दोनों के रिश्ते और साथ में आत्महत्या करने का फैसले का जिक्र किया गया था. सुसाइड नोट में विपिन ने नहर में कूदकर जान देने की बात कही थी. दूसरा सुसाइड नोट अलग-अलग लोगों से साथ हुए पैसों के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें 50 हजार से लेकर 3.5 लाख रुपए तक की रकम के बारे में जानकारी दी गई है. पुलिस को आशंका है कि आत्महत्या की बात लिखकर आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की.
हालांकि, पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की. उसे शुक्रवार को अमेठी जिले से जिंदा गिरफ्तार किया है. वहीं पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके परिवार वाले इसके लिए मान नहीं रहे थे. आरोपी ने आगे बताया कि इसी वजह से दोनों ने एक साथ जान देने का फैसला किया था. हालांकि, पुलिस उसके बयानों और घटनास्थल पर मिले सबूतों की जांच पड़ताल कर रही है.
वहीं आरोपी को डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार करने के बाद फरीदाबाद की अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. उसके खिलाफ धौज थाने में बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. टाइम्स ऑफ इंडिया को पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने कोशिश कर रही है कि होटल में उस दिन क्या हुआ था? इसके अलावा, छात्रा के मौत के पीछे की वजय क्या है. साथ ही सभी सबूतों की जांच की जा रही है.