SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सूर्यकुमार यादव बने मुंबई के कप्तान: चोट के बाद शार्दुल ठाकुर की वापसी, शिवम दुबे और सरफराज खान स्क्वॉड में शामिल

भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटाए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव अब फिर से कप्तानी की भूमिका में वापस लौट आए हैं. इस बार वह मुंबई की कमान संभालने वाले हैं. उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीम की कमान सौंपी गई है.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 09, 2026, 11:06 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 11:10 PM IST
Image Credit: सूर्यकुमार यादव. BCCI
Join

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के आगामी सीजन के लिए दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को मुंबई टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है. टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर को होगी. सूर्या ने अपनी कप्तानी में इसी साल भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाया था. वह रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मैचों से बाहर रहने के बाद घरेलू क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं.

श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में सूर्यकुमार को कप्तानी सौंपी दी जानी तय थी. अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज में व्यस्त हैं और राष्ट्रीय टीम की प्राथमिकताओं के कारण घरेलू टी20 मैचों में नहीं खेल पाएंगे. सूर्या आईपीएल 2026 के बाद से क्रिकेट मैदान पर नहीं उतरे हैं. वह अब कप्तानी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

सूर्या के पास सुनहरा मौका

सूर्या को टी20 वर्ल्ड कप में जीत के बाद पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने कप्तानी से हटा दिया था. उनके स्थान पर श्रेयस अय्यर को कमान सौंपी गई. सूर्या को रेड बॉल से ज्यादा ट्रेनिंग करने का मौका नहीं मिला था. इस कारण उन्हें रणजी ट्रॉफी टीम में नहीं चुना गया था. 36 वर्षीय बल्लेबाज के पास अब प्रज्ञान ओझा की अध्यक्षता वाली चयन समिति को प्रभावित करने का सुनहरा मौका होगा.

सूर्यकुमार ने क्या कहा?

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के आधिकारिक बयान में सूर्यकुमार यादव ने कहा, ''मुंबई की टीम का प्रतिनिधित्व करना हमेशा से मेरे लिए गर्व की बात रही है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम का नेतृत्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है. मुंबई की एक समृद्ध क्रिकेट विरासत और जीतने की संस्कृति रही है. हम उन परंपराओं को आगे ले जाने का प्रयास करेंगे.''

ये भी पढ़ें: सीरीज जीतने उतरेगी शुभमन गिल की सेना: बेंच पर बैठे खिलाड़ियों की खुलेगी किस्मत, मोहम्मद सिराज को मिलेगा मौका?

मुंबई की टीम में कौन-कौन स्टार?

मुंबई की टीम में सूर्यकुमार के अलावा ऑलराउंडर शिवम दुबे, बल्लेबाज सरफराज खान और उनके छोटे भाई मुशीर खान भी हैं. हाथ में लगी चोट के कारण रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में नहीं खेलने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की भी वापसी हुई है. मुंबई की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना पहला मैच कोलकाता में 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी.

ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड दौरे पर क्यों बंटा कोचिंग स्टाफ? बैटिंग और बॉलिंग कोच जाएंगे वेलिंगटन, माउंट माउंगानुई में रहेंगे गौतम गंभीर

मुंबई की 16 सदस्यीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, दिव्यांश सक्सेना, सुवेद पारकर, मुशीर खान, सरफराज खान, साईराज पाटिल, शिवम दुबे, अथर्व अंकोलेकर, शम्स मुलानी, मैक्सवेल स्वामीनाथन, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर).

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES