704 टेस्ट विकेट वाले दिग्गज के करियर का ऐसा अंत, जेम्स एंडरसन के लिए उठी सम्मान की आवाज, स्टुअर्ट ब्रॉड ने लंकाशायर को जमकर सुनाया
जेम्स एंडरसन को लंकाशायर ने कॉन्ट्रैक्ट देने से इनकार किया तो स्टुअर्ट ब्रॉड भड़क उठे. जेम्स एंडरसन दुनिया के सबसे सफल टेस्ट तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं.
टेस्ट क्रिकेट में 704 विकेट लेने वाले महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के साथ लंकाशायर क्रिकेट क्लब ने जिस तरह से बर्ताव किया वह उनके साथी क्रिकेटर रहे स्टुअर्ट ब्रॉड को बिलकुल भी पसंद नहीं आया है. स्टुअर्ट ब्रॉड इस बात से नाराज हैं कि जेम्स एंडरसन का कॉन्ट्रैक्ट लंकाशायर ने रिन्यू नहीं करने के बाद उन्हें बहुत ही अपमानजनक तरीके से टीम से बाहर कर दिया. स्टुअर्ट ब्रॉड ने लंकाशायर क्रिकेट क्लब को जमकर सुनाई है. स्टुअर्ट ब्रॉड के मुताबिक उन्होंने एंडरसन की विदाई को जिस तरह से हैंडल किया, वह इंग्लैंड क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है.
लंकाशायर ने रविवार को बताया कि जेम्स एंडरसन को कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू करने का प्रस्ताव नहीं दिया जाएगा. यह फैसला 44 वर्षीय तेज गेंदबाज के लिए एक शानदार सीजन के बाद आया है. जेम्स एंडरसन ने काउंटी चैंपियनशिप में 17 की औसत से 50 विकेट लिए थे और उन्हें लंकाशायर का 'प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना गया था. जेम्स एंडरसन की बातों से ऐसा लगा कि क्लब के साथ उनका जुड़ाव जिस तरह से खत्म हुआ, उसमें उनकी कोई खास राय नहीं थी. उन्होंने कहा, 'अगर यह मेरे हाथ में होता, तो चीजें इस तरह खत्म नहीं होतीं, लेकिन मैं खिलाड़ियों और फैंस को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.'
जेम्स एंडरसन के लिए उठी सम्मान की आवाज
स्टुअर्ट ब्रॉड, जिन्होंने इंग्लैंड के पेस अटैक में जेम्स एंडरसन के साथ एक बेहतरीन जोड़ी बनाई थी, उन्होंने अपने पूर्व साथी खिलाड़ी के साथ हुए इस बर्ताव पर निराशा जताई. उन्होंने क्लब की लीडरशिप और जिस तरीके से यह फैसला उन तक पहुंचाया गया, उस पर सवाल उठाए. 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' पॉडकास्ट पर ब्रॉड ने कहा, 'मुझे लगता है कि लंकाशायर ने जिस तरह से उन्हें यह खबर दी, वह काफी अपमानजनक था. मुझे लगता है कि खेल के दिग्गजों या महान खिलाड़ियों को इससे कहीं बेहतर विदाई मिलनी चाहिए थी. यह उस क्लब में नेतृत्व की कमी और सही तरीके से काम न कर पाने को दर्शाता है.'
स्टुअर्ट ब्रॉड ने लंकाशायर को जमकर सुनाया
जेम्स एंडरसन ने 2024 में 704 विकेट के साथ अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहा. इसके साथ ही वे टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल तेज गेंदबाज बन गए. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में केवल स्पिनर मुथैया मुरलीधरन (800 विकेट) और शेन वॉर्न (708 विकेट) ही उनसे आगे हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड ने लंकाशायर से एंडरसन की विदाई की तुलना 2024 में अपने खुद के इंग्लैंड टेस्ट करियर के अंत से भी की.
स्टुअर्ट ब्रॉड ने तर्क दिया कि उस समय यह तेज गेंदबाज संन्यास लेने के लिए तैयार नहीं था. ब्रॉड ने कहा, 'मुझे जिमी के लिए बुरा लग रहा है, क्योंकि इससे पहले क्रिकेट डायरेक्टर रॉब की और पूर्व कोच ब्रेंडन मैकुलम ने एक तरह से उनके टेस्ट करियर को खत्म ही कर दिया था. यह जिमी के लिए यकीनन एक बड़ा झटका था, और जिस तरीके से ऐसा किया गया, वह काफी गलत था.' उन्होंने आगे कहा, 'मुझे यह बात बिल्कुल भी ठीक नहीं लग रही है, और मुझे लगता है कि वह इससे कहीं बेहतर के हकदार हैं.'