App

स्पेशल टैलेंट या गॉड गिफ्ट... कम ताकत का इस्तेमाल कर वैभव सूर्यवंशी कैसे जड़ देते हैं इतने लंबे-लंबे छक्के?

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ मैच में करिश्माई पारी खेली. दोहा में तहलका मचाते हुए उन्होंने महज 52 गेंदों पर डबल सेंचुरी जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. खास बात ये रही कि इस धमाकेदार पारी के दौरान उन्होंने 28 छक्के जड़े.

स्पेशल टैलेंट या गॉड गिफ्ट... कम ताकत का इस्तेमाल कर वैभव सूर्यवंशी कैसे जड़ देते हैं इतने लंबे-लंबे छक्के?
Image Credit: वैभव सूर्यवंशी की पावर हिटिंग का क्या है राज? (AI Graphic)

हिंदी में एक बहुत पुरानी कहावत है- छोटा तीर, घाव करे गंभीर. भारत के 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर ये लाइन बिल्कुल सटीक फिट होती है. मंगलवार (24 नवंबर) को वैभव ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में बल्ले से ऐसा कोहराम मचाया कि पूरा क्रिकेट जगत ये सोचने पर मजबूर हो गया कि आखिर ये हो कैसे सकता है. 'बिहार के लाल' ने इंडिया ए की तरफ से खेलते हुए यूएई के खिलाफ मैच में 53 गेंदों पर 204 रनों की करिश्माई पारी खेली. जी हां, वैभव सूर्यवंशी शायद भूल गए थे कि ये मैच 50-50 ओवर का है. उन्होंने टी20 के अंदाज में तांडव मचाते हुए यूएई के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. 250 रनों के लक्ष्य को भारत ने महज 14.2 गेंदों पर हासिल कर लिया.वैभव ने 52 गेंदों पर रिकॉर्ड ब्रेकिंग डबल सेंचुरी जड़ी. 

204 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 28 छक्के लगाए. खिलाड़ी तो छोड़ दीजिए... ODI क्रिकेट के इतिहास में किसी टीम ने भी एक पारी में इतने छक्के नहीं ठोके हैं. इंग्लैंड के नाम ODI के एक पारी में 26 सिक्स जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. वैभव तो उनसे भी आगे निकल गए हैं. बड़ा सवाल ये है कि महज 15 साल की उम्र में कोई खिलाड़ी इतने लंबे-लंबे छक्के कैसे मार सकता है?

वैभव की पावर हिटिंग का क्या है राज?

ऐसा माना जाता है कि लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए ताकत की जरूरत होती है. इस मामले में अक्सर वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की चर्चा होती है. क्रिस गेल, आंद्रे रसेल और किरोन पोलार्ड जैसे बल्लेबाज पावर का इस्तेमाल कर सिक्स जड़ते थे. वैभव सूर्यवंशी अभी सिर्फ 15 साल के हैं और जाहिर है कि उनमें इन तीनों खिलाड़ियों इतनी ताकत नहीं है. लेकिन देखिए ना... किसी वनडे मैच में सबसे अधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड किसी पावरफुल बल्लेबाज के नाम नहीं, बल्कि वैभव सूर्यवंशी के नाम है. आखिर ऐसा क्यों है? वैभव कहां से पावर जेनरेट करते हैं? आइए विस्तार से समझते हैं.

टाइमिंग और बैट स्पीड का है पूरा खेल

असल में छक्के जड़ने की काबिलियत शारीरिक ताकत पर निर्भर ही नहीं करता है. सारा खेल टाइमिंग और बैट स्पीड का है. जब गेंद बल्ले के स्वीट पार्ट (बीच) से टकराती है और उसके साथ बैट स्पीड का तड़का लगता है तो गेंद सीधा बाउंड्री लाइन के बाहर जाती है. यही वो फॉर्मूला है, जिसे फॉलो कर वैभव सूर्यवंशी आसमानी छक्के उड़ाते हैं.

वैभव सूर्यवंशी के शॉट्स को देखकर कई बार ऐसा लगता है कि वो गेंद पर बहुत ज्यादा जोर नहीं लगा रहे, लेकिन बॉल फिर भी काफी दूर जा रही है. इसका कारण गेंद और बल्ले के बीच सही संपर्क है.

बल्ले के स्वीट स्पॉट पर गेंद लगने से कंपन और ऊर्जा के नुकसान को कम करने में मदद मिलती है. वहीं, गेंद की लाइन और लेंथ को पहले पढ़ लेने से बल्लेबाज अपने शॉट के लिए बेहतर स्थिति में आ सकता है. उसे आखिरी समय में अतिरिक्त ताकत लगाने या शरीर का संतुलन बिगाड़ने की जरूरत कम पड़ सकती है. इसके साथ बल्ले की गति, शॉट का एंगल और गेंद की गति भी मिलकर तय करती हैं कि गेंद कितनी दूर जाएगी. इसलिए सिर्फ मसल्स की ताकत को छक्कों की दूरी का पैमाना मानना सही नहीं है.

युवराज सिंह भी कर चुके हैं बैट स्पीड की तारीफ

'सिक्सर किंग' के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह भी वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग के मुरीद हैं. स्टारस्पोर्ट्स पर उनके बारे में बात करते हुए युवी ने कहा था कि वैभव की बैट स्पीड कमाल की है और उनसे भी बेहतर है. युवराज ने जोर देते हुए कहा कि बैट स्पीड की वजह से ही वो पावर हिटिंग कर पाते हैं.

निडर होने का भी फायदा

कहते हैं कि क्रिकेट एक शारीरिक खेल है, जिसे खेला मानसिक रूप से जाता है. टैलेंट, टाइमिंग और बैट स्पीड एक जगह है, लेकिन जब तक आप को खुद पर यकीन नहीं, ये सब बेकार है. वैभव सूर्यवंशी का रवैया बिल्कुल बेखौफ है. चाहे सामने बुमराह हों या मिचेल स्टार्क, वो गेंदबाज को नहीं बल्कि गेंद को खेलते हैं. वो निडर हैं और यही वजह है कि बॉल उनके पाले में गिरी तो पहली गेंद पर भी छक्का जड़ने से पीछे नहीं हटते.

गॉड गिफ्ट या स्पेशल टैलेंट?

वैभव सूर्यवंशी को फैंस 'वंडर बॉय' भी कहते हैं. यूएई के खिलाफ मैच में उन्होंने जिस तरह की पारी खेली, वो किसी करिश्मे से कम नहीं. तो ये सवाल उठना लाजमी है कि वो गॉड गिफ्टेड हैं या स्पेशल टैलेंट? वैभव की उम्र में 28 छक्के लगाकर दोहरा शतक जड़ना असाधारण है. उनके अंदर निश्चित तौर पर एक खास बल्लेबाजी क्षमता नजर आती है. लेकिन इसे सिर्फ गॉड गिफ्ट कहना उनकी बल्लेबाजी के बाकी पहलुओं को नजरअंदाज करना होगा.

टाइमिंग, बैट स्विंग, गेंद को पढ़ने की क्षमता, शरीर का संतुलन, आत्मविश्वास और अभ्यास- ये सभी चीजें एक बल्लेबाज की पावर हिटिंग में योगदान देती हैं. वैभव के मामले में इन सभी पहलुओं का सही संयोजन उनकी बल्लेबाजी को इतना खतरनाक बनाता है. आज UAE के खिलाफ 204 रनों की पारी और 28 छक्के उनके टैलेंट का बड़ा प्रमाण हैं. लेकिन उनकी असली खासियत शायद सिर्फ गेंद को दूर मारना नहीं, बल्कि इतनी कम उम्र में गेंद को समझना, सही समय पर हिट करना और बिना दबाव के अपने शॉट खेलना है.

वैभव सूर्यवंशी के बड़े कारनामे

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. गेंदबाज उन्हें गेंद डालने से पहले निश्चित तौर पर खौफ में रहते होंगे. वैभव सूर्यवंशी के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, सबसे तेज शतक, सबसे तेज 150 रन और सबसे तेज डबल सेंचुरी जड़ने का अद्भुत वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More