'कहां गए कुलदीप यादव और मानव सुथार?' ड्रॉ मैच से नाराज हुए सौरव गांगुली, टीम इंडिया के सेलेक्शन पर उठाए गंभीर सवाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद सौरव गांगुली ने टीम इंडिया के सेलेक्शन पर सवाल उठाए हैं. सौरव गांगुली ने कुलदीप यादव और मानव सुथार को लेकर बड़ा सवाल किया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में टीम इंडिया जीत की दहलीज तक पहुंचने के बावजूद मुकाबला अपने नाम नहीं कर सकी. पहली पारी में 352 रनों की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद भी भारतीय गेंदबाज दूसरी पारी में कीवी बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे. अब इस ड्रॉ मुकाबले के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने टीम इंडिया के सेलेक्शन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सौरव गांगुली का मानना है कि विदेशी जमीन पर टेस्ट मैच जीतने के लिए टीम के पास ऐसा विशेषज्ञ स्पिनर होना जरूरी है, जो सपाट पिच पर भी विकेट निकालने की क्षमता रखता हो.
सौरव गांगुली ने वॉशिंगटन सुंदर की रोल पर भी अपनी राय रखी और कुलदीप यादव के साथ मानव सुथार का जिक्र करते हुए बड़ा सवाल दागा है. सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारतीय टीम को अपने स्पिन कॉम्बिनेशन के बारे में गंभीरता से सोचने की जरूरत है. खासकर विदेशी पिचों पर. सौरव गांगुली ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, 'व्हाइट-बॉल और रेड-बॉल, दोनों तरह की क्रिकेट में भारत की बल्लेबाजी शानदार रही है. हालांकि, उनका मानना है कि घर से बाहर टेस्ट मैच जीतने के लिए एक ऐसे मुख्य स्पिनर की जरूरत होती है, जो पिच से कोई मदद न मिलने पर भी विकेट निकाल सके.'
ड्रॉ मैच से नाराज हुए सौरव गांगुली
सौरव गांगुली ने आगे लिखा, 'इस सीरीज में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है. व्हाइट-बॉल हो या रेड-बॉल, बल्लेबाजी बहुत अच्छी रही, लेकिन उन्हें यह समझना होगा कि विदेशी पिचों पर टेस्ट मैच जीतने के लिए, जो समय के साथ सपाट हो जाती हैं, एक असली स्पेशलिस्ट का होना बहुत जरूरी है.' सौरव गांगुली ने टेस्ट टीम में वॉशिंगटन सुंदर की भूमिका पर भी बात की.उन्होंने सुझाव दिया कि इस ऑलराउंडर को भारत के मुख्य स्पिन विकल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव और लेफ्ट-आर्म स्पिनर मानव सुथार को टीम में शामिल न किए जाने पर भी सवाल उठाए.
गांगुली ने टीम इंडिया के सेलेक्शन पर उठाए गंभीर सवाल
सौरव गांगुली ने लिखा, 'वॉशिंगटन एक ऑलराउंडर के तौर पर खेल सकते हैं, लेकिन कुलदीप या मानव सुथार कहां हैं?' सौरव गांगुली की यह टिप्पणी तब आई है, जब वेलिंगटन में मजबूत स्थिति में होने के बावजूद भारत जीत हासिल नहीं कर सका. पहली पारी में भारत ने 9 विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी और 352 रनों की बढ़त हासिल की थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में डटकर बल्लेबाजी की और 5 विकेट पर 239 रन बनाकर मैच ड्रॉ करा लिया. जैसे-जैसे पिच सपाट होती गई, भारतीय गेंदबाजों के लिए विकेट लेना मुश्किल होता गया. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया. आखिरी दिन डेरिल मिशेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार साझेदारी करके भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया.
'कहां गए कुलदीप यादव और मानव सुथार?'
सौरव गांगुली की टिप्पणियों ने ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के साथ एक विशेषज्ञ स्पिनर को टीम में रखने के महत्व को रेखांकित किया. वेलिंगटन टेस्ट के लिए भारत ने चार तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को मैदान में उतारा, जबकि रवींद्र जडेजा को बाहर रखा. इस फैसले पर क्रिकेट के जानकारों ने भी सवाल उठाए. अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव, जो शुरुआत में भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा थे, उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए टीम से मुक्त कर दिया गया और उनकी जगह गुरनूर बरार को टीम में शामिल किया गया. दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले, न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे ODI में कुलदीप खेले थे, जहां उन्होंने अपने आठ ओवरों में 73 रन दिए थे.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत का समीकरण क्या है?
मानव सुथार, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और उस मैच में सात विकेट लिए थे, उन्हें भी टीम में शामिल नहीं किया गया. इसके बाद, उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ भारत की 1-0 सीरीज जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और दो मैचों में कुल 16 विकेट लिए थे. भारत ने वेलिंगटन टेस्ट की प्लेइंग 11 से मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार को भी बाहर रखा. गौरतलब है कि इस ड्रॉ के बाद, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत का अंक प्रतिशत 51.52 से गिरकर 50 प्रतिशत हो गया है. मौजूदा चक्र में 12 मैच खेलने के बाद, भारत ने पांच जीत दर्ज की हैं, चार मैचों में हार का सामना किया है और तीन मैच ड्रॉ रहे हैं. टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है, जिससे अगले साल जून में होने वाले WTC फाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को झटका लगा है. अब भारत सीरीज के दूसरे और अंतिम टेस्ट में न्यूजीलैंड का सामना करेगा. यह मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरू होगा.