इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा फैसला लिया है. मंगलवार (6 अक्टूबर) को फ्रेंचाइजी ने ऐलान किया कि पूर्व भारतीय दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के अगले हेड कोच होंगे. आईपीएल में एक बार फिर फैंस को 'दादागीरी' देखने को मिलेगी. गांगुली को नए रोल में देखने के लिए उनके लाखों प्रशंसक उत्साहित हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था.
ऐसी भी रिपोर्ट सामने आ रही है कि सौरव गांगुली कोचिंग टीम में अपने पुराने साथी युवराज सिंह को शामिल करेंगे. युवराज दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच नियुक्त किए जा सकते हैं, जबकि पूर्व दिग्गज स्पिनर अमित मिश्रा स्पिन कोच और श्रीलंका के पूर्व दिग्गज चमिंडा वास तेज गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा सकते हैं.
इस बात की अटकलें पहले से लगाई जा रही थी कि सौरव गांगुली आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच की भूमिका निभा सकते हैं. अब इसपर मुहर लग गई है. फ्रेंचाइजी ने स्पेशल वीडियो शेयर कर 'दादा' का स्वागत किया, जिसके कैप्शन में लिखा है, ''दिल्ली, यह दादागीरी का समय है. सौरव गांगुली टाइगर्स के मुख्य कोच होंगे. गांगुली तो DC के हेड कोच बन गए हैं, अब इंतजार इस बात का है कि युवराज सिंह दादा की कोचिंग ग्रुप का हिस्सा बनते हैं या नहीं.
Dilli, it's time for Dadagiri 🐅 Sourav Ganguly, Head Coach of the Tigers 🔥 https://t.co/EMTPQ9TB64
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 6, 2026
बता दें कि सौरव गांगुली 2019 से कैपिटल्स के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने पुरुष और महिला दोनों टीमों के लिए 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' समेत कई पदों पर काम किया है. इस नियुक्ति के साथ ही वे पहली बार IPL हेड कोच की भूमिका निभाएंगे. दादा हेमांग बदानी की जगह लेंगे, जो दो सीजन तक इस भूमिका में थे. दिल्ली कैपिटल्स ने बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल, टीम डायरेक्टर वेणुगोपाल राव और असिस्टेंट कोच इयान बेल को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया था. पिछले सीजन में पांचवें स्थान पर रहने के बाद, दिल्ली IPL 2026 में छठे स्थान पर रही.
दिल्ली कैपिटल्स अभी भी पहली आईपीएल ट्रॉफी की तलाश कर रही है. 19 सालों के इतिहास में ये टीम सिर्फ एक बार फाइनल तक का सफर तय कर सकी है. 2020 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स फाइनल तक पहुंची, जहां मुंबई इंडियंस ने उन्हें 5 विकेट से हरा दिया. बतौर हेड कोच सौरव गांगुली के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस टीम को पहली बार खिताब जिताने की होगी.