SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सेलेक्टर्स ने टीम इंडिया से किया बाहर... अब गरजा ये भारतीय क्रिकेटर, रणजी में 7 विकेट हॉल लेकर मचाया कहर

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने के बाद सारांश जैन ने रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन किया है. मध्य प्रदेश के स्पिनर ने बिहार के खिलाफ 40 रन देकर 7 विकेट झटके.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 26, 2026, 02:16 PM IST | Updated: Oct 26, 2026, 02:45 PM IST
Image Credit: Saransh Jain
Join

टीम इंडिया में जगह नहीं मिली, तो घरेलू क्रिकेट में गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि बिहार की पूरी टीम महज 99 रन पर ढेर हो गई. मध्य प्रदेश के धाकड़ ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने रणजी ट्रॉफी मुकाबले में 40 रन देकर 7 विकेट चटकाए. सारांश जैन का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में उन्हें जगह नहीं मिली थी. अब अपनी फिरकी से उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी काबिलियत का दमदार सबूत दिया है.

सारांश जैन ने बिहार के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया. उन्होंने 13 ओवर में सिर्फ 40 रन खर्च करते हुए 7 विकेट अपने नाम किए. इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी डाला. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने बिहार की पूरी टीम 30.3 ओवर में सिर्फ 99 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक पारी के दौरान यह सारांश जैन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. सारांश जैन ने शुरुआत से ही बिहार की बल्लेबाजी पर दबाव बना दिया. 

रणजी में गरजा ये भारतीय क्रिकेटर

सारांश जैन ने आयुष लोहारुका, कप्तान साकिबुल गनी और आकाश राज को आउट कर टीम को शुरुआती झटके दिए. इसके बाद भी उनकी विकेट लेने की रफ्तार नहीं रुकी. उन्होंने रघुवेंद्र प्रताप सिंह, आदित्य राज, सूरज कश्यप और हिमांशु सिंह को पवेलियन भेजकर अपना सात विकेट का स्पेल पूरा किया. उनकी गेंदबाजी के चलते मध्य प्रदेश मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंच गया.

7 विकेट हॉल लेकर मचाया कहर

सारांश जैन ने इसी साल श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारत के लिए डेब्यू किया था. उस समय उनकी उम्र 33 साल थी. वह 1998 में रॉबिन सिंह के बाद भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हुए. आरजेडी जमशेदजी भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 41 साल 27 दिन की उम्र में अपना डेब्यू किया था. सारांश जैन को श्रीलंका के खिलाफ उस मुकाबले के बाद अब तक भारतीय टीम की ओर से खेलने का दूसरा मौका नहीं मिला है.

सारांश जैन का रिकॉर्ड

सारांश जैन ने 23 अगस्त से लेकर 27 अगस्त तक खेले गए श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में तीन विकेट हासिल किए थे. फिलहाल यही उनके इंटरनेशनल करियर का एकमात्र टेस्ट मुकाबला है. न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में उनका चयन नहीं हुआ. हालांकि रणजी ट्रॉफी में उनका शानदार प्रदर्शन चयनकर्ताओं का ध्यान खींच सकता है, हालांकि टीम में वापसी को लेकर अभी कुछ भी तय नहीं है. सारांश जैन ने मध्य प्रदेश के लिए 59 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 28.23 की औसत से 2,312 रन बनाए हैं और 195 विकेट लिए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES