App

ये कैसी जिंदगी जी रहे विनोद कांबली? वृद्धाश्रम में रहने पर मजबूर, लड़खड़ाती जुबान से जो कहा सुन हो जाएंगे भावुक

Vinod Kambli Video: भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज विनोद कांबली एक समय पर अपने शानदार खेल के कारण लाखों लोगों के दिलों में रहते थे. आज वो वृद्धाश्रम में रहने पर मजबूर हैं. उन्होंने वीडियो शेयर किया है जो आपको इमोशनल कर देगा.

ये कैसी जिंदगी जी रहे विनोद कांबली? वृद्धाश्रम में रहने पर मजबूर, लड़खड़ाती जुबान से जो कहा सुन हो जाएंगे भावुक
Image Credit: screengrabs/X

Vinod Kambli Video: समय से ज्यादा बलवान कोई नहीं होता है. जी हां, एक समय था जब पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली अपनी शानदार बैटिंग के कारण  लाखों लोगों के दिलों में रहते थे. आज वो वृद्धाश्रम में रहने पर मजबूर हैं. पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ अपने क्रिकेट करियर को शुरू करने वाले कांबली की ये हालत देखकर फैंस भी हैरान और परेशान हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देख सकते हैं कि पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ठाणे में स्थित एक वृद्धाश्रम में जिंदगी गुजार रहे हैं. उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसे देख फैंस भी इमोशनल हो रहे हैं.

वीडियो में, विनोद कांबली ने इस बात कि पुष्टि कर दी कि वो वृद्धाश्रम में रह रहे हैं. हालांकि, उन्होंने इस जगह की तारीफ की. लड़खड़ाती जुबान से उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी अच्छी देखभाल की जा रही है और जिम्मेदार लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया है.

वृद्धाश्रम में जिंदगी गुजार रहे विनोद कांबली

भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज विनोद कांबली पिछले कुछ समय से काफी बीमार हैं. कई पूर्व खिलाड़ियों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी जाहिर की और साथ में मदद के लिए हाथ भी बढ़ाया. हालांकि, आज का सच ये है कि कांबली ठाणे के किसी वृद्धाश्रम में रह रहे हैं. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए कहा,

''मैं विनोद कांबली हूं और मैं अभी निदान में हूं. मुझे यहां बहुत अच्छी सुविधाएं मिली हैं. साफ-सफाई और बाकी सब कुछ एकदम फर्स्ट क्लास है. यहां कहीं भी ऐसा नहीं लगता कि मैं घर पर नहीं हूं. मुझे यहां के लोगों से बहुत प्यार मिला है.''

विनोद कांबली भले ही वृद्धाश्रम की सुविधाओं की तारीफ कर रहे हैं और इसे घर जैसा बता रहे हैं, लेकिन उन्हें इस हाल में देख फैंस का कलेजा फट रहा है. एक समय था जब वो क्रिकेट की दुनिया के बड़े सितारे थे, लेकिन ना जाने कब वो सितारों से भरे आसमान में कहीं खो गए.


विनोद कांबली का क्रिकेट करियर

मैदान के बाहर सेहत से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे विनोद कांबली भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे स्वाभाविक रूप से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक रहे हैं. तेंदुलकर के साथ स्कूल के दिनों में 664 रन की मशहूर साझेदारी से चर्चा में आने के बाद, उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में जबरदस्त एंट्री की थी. उन्होंने भारत के लिए 17 टेस्ट मैच खेले और 54.20 के शानदार औसत से 1,084 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल थे.

कांबली के नाम सबसे तेजी से 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी है. उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 14 पारियों में हासिल की थी. हाल ही में यशस्वी जायसवाल इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंचे थे, लेकिन 16 पारियों में यह मुकाम हासिल करके दूसरे स्थान पर रहे. वनडे मैचों की बात करें तो कांबली ने 104 मैच खेले और 32.59 के औसत से 2,477 रन बनाए, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल थे.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More