SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ऋषभ पंत की मैदान पर कब होगी वापसी? वेलिंगटन टेस्ट से पहले फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट

भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत जल्द ही न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भर सकते हैं. वह पूरी तरह फिट हो गए हैं और उन्हें जल्द ही टीम से जुड़ने की इजाजत मिल जाएगी. पंत ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 10, 2026, 04:36 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 04:58 PM IST
Image Credit: ऋषभ पंत. BCCI
Join

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं. वह पेशेवर क्रिकेट में जल्द वापस लौटने वाले हैं. अगले कुछ घंटों में उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल जाएगी और वह गुरुवार (12 नवंबर) को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं. पंत टी20 और वनडे सीरीज के लिए नहीं चुने गए थे.

पंत ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए चोटिल हुए थे. वह उस मैच में कप्तानी कर रहे थे और उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ था. उन्हें शुरू में फिटनेस के आधार पर अनऑफिशियल टेस्ट के लिए इंडिया ए के लिए चुना गया था, लेकिन वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से जरूरी क्लियरेंस हासिल नहीं कर पाए थे. इस कारण वह न्यूजीलैंड में अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं ले पाए थे.

श्रीलंका में लगाए थे तीन अर्धशतक

पिछले महीने ईरानी कप के दौरान पंत सिर्फ 10 और आठ रन की पारी ही खेल पाए थे. वह श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान टीम इंडिया के सदस्य थे. उन्होंने वहां तीन पारियों में 39, 66 और 63 रनों का योगदान दिया था. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंत पूरी तरह फिट हैं और वह सीओई में मैच सिमुलेशन ड्रिल कर रहे हैं. बुधवार को एक और राउंड तय है. दोनों राउंड में सफल होने के बाद वह 12 नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें: सहवाग के बेटे ने रचा इतिहास: आर्यवीर का ऐतिहासिक कारनामा, शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के खास रिकॉर्ड की बराबरी

न्यूजीलैंड में पंत का रिकॉर्ड

पंत के पास न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलने का अनुभव है. वह 2020 में वहां दौरे पर गए थे. 29 साल के इस अनुभवी क्रिकेटर ने अब तक 52 टेस्ट मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 43.82 की औसत से 3725 रन बनाए हैं. उनके नाम आठ शतक और 21 अर्धशतक है. पंत ने 2020 के न्यूजीलैंड दौरे पर दो मैचों में 60 रन बनाए थे. वहां उनका उच्चतम स्कोर 25 रन है.

ये भी पढ़ें: टेस्ट में 1000+, ODI में 400+, T20I में 300+ रन: जिसके लिए तरस रहा भारत-ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे ने वो अजूबा कर दिया

न्यूजीलैंड में शतक का इंतजार

पंत ने SENA (ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड) देशों में कुल छह शतक लगाए हैं. इनमें से इंग्लैंड में सबसे ज्यादा चार शतक ठोके हैं. ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में उन्होंने एक-एक सेंचुरी लगाई है. SENA देशों में सिर्फ न्यूजीलैंड ही एक ऐसी जगह है जहां वह एक भी टेस्ट सेंचुरी नहीं लगा पाए हैं. इस बार उनकी नजर वहां भी रिकॉर्ड सुधारने पर होगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES