App

एशिया कप में खेलेंगे आर्यवीर और अन्वय: विरासत आगे बढ़ाने को तैयार द्रविड़-सहवाग के लाडले, जाने स्क्वॉड और शेड्यूल

भारत के महान क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों को अंडर-19 एशिया कप के लिए टीम इंडिया में चुन लिया गया है. यह टूर्नामेंट 5 से 14 नवंबर तक ओमान में खेला जाएगा. दोनों के पास सीनियर टीम की ओर धीरे-धीरे बढ़ने का बेहतरीन मौका है.

एशिया कप में खेलेंगे आर्यवीर और अन्वय: विरासत आगे बढ़ाने को तैयार द्रविड़-सहवाग के लाडले, जाने स्क्वॉड और शेड्यूल
Image Credit: राहुल द्रविड़ के बेटे अन्यव द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग. BCCI

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर चयन समिति ने मेंस अंडर-19 एशिया कप के लिए टीम की घोषणा कर दी है. देश के दो महान क्रिकेटरों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों का चयन भी टीम में हुआ है. अन्यव द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे. अन्वस 17 और आर्यवीर 19 साल के हैं. दोनों खिलाड़ियों ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाई है.

अंडर-19 एशिया कप का आयोजन अगले महीने ओमान की राजधानी मस्कट में होगा. टूर्नामेंट 5 से 14 नवंबर तक खेला जाएगा. अन्यर और आर्यवीर के पास इस बड़े टूर्नामेंट में सबको प्रभावित करने का मौका होगा. कर्नाटक के विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने इसी महीने गुजरात के खिलाफ 300 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 गेंदों पर 151 रन ठोके थे. इसके अलावा जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ हम्बनटोटा में भारतीय यूथ वनडे टीम के लिए 67 गेंदों पर 87 रन बनाए थे.

सहवाग के बेटे ने भी मचाया है धमाल

भारत के पूर्व ओपनर सहवाग के बेटे की बात करें तो आर्यवीर भी पिता की तरह विस्फोटक बल्लेबाजी ही करते हैं. उन्होंने दिल्ली के लिए खेलते हुए वीनू मांकड़ ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ विजयनगरम में 143 गेंद पर 173 रन मारे थे. एक तरह आर्यवीर अपने पिता की तरह ही आक्रामक अंदाज में बल्ला चलाते हैं तो दूसरी ओर, अन्वय अपने पिता के विपरीत अंदाज में बैटिंग करते हैं. राहुल द्रविड़ भारत के 'दीवार' और 'मिस्टर भरोसेमंद' कहे गए. वह धैर्य के साथ टिककर बल्लेबाजी करने के लिए मशहूर हुए. वहीं अन्वय तेजी से रन बनाते हैं.

 

 

टूर्नामेंट में भारत का ग्रुप

भारतीय टीम की कप्तानी इस टूर्नामेंट में लक्ष्य रायचंदानी के हाथों में है. भारत ग्रुप ए में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, नेपाल और यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के साथ है. दूसरी ओर, ग्रुप बी में बांग्लादेश के साथ श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया है. दोनों ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का करेंगी.

अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम

लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्य पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद.

भारत का शेड्यूल

तारीख- खिलाफ- जगह
6 नवंबर- नेपाल- मस्कट
8 नवंबर- पाकिस्तान- मस्कट
10 नवंबर- यूएई- मस्कट.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More