)
न्यूजीलैंड ने भारत को पांच टी20 मैचों की सीरीज के चौथे मैच में 87 रन से हरा दिया. शुक्रवार (30 अक्टूबर) को ऑकलैंड के इडेन पार्क में मिली इस जीत से कीवी टीम ने खुद को क्लीन स्वीप से बचा लिया. भारत हार के बाद सीरीज में अब 3-1 से आगे है. पांचवां और आखिरी मैच हैमिल्टन में एक नवंबर को होगा. भारत ने क्राइस्टचर्च में पहले दो और वेलिंगटन में तीसरे मैच को जीतकर सीरीज में पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली थी. टीम आखिरी दो मैचों को अपने नाम करके न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करना चाहती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.
मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ और न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रनों का पहाड़ स्कोर खड़ा किया. यह न्यूजीलैंड का टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर है. उसने इससे पहले 2022 में स्कॉटलैंड के खिलाफ एडिनबर्ग में 5 विकेट पर 254 रन बनाए थे. यह भारत के खिलाफ भी किसी टीम का इस फॉर्मेट में सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले इसी साल इंग्लैंड ने साउथम्पटन में 3 विकेट पर 257 रन बनाए थे.
New Zealand win by 87 runs in Auckland. Our focus shifts to the 5th T20I in Hamilton on Sunday. Scorecard ▶️ https://t.co/fx264c9iLe #TeamIndia | #NZvIND https://t.co/mZccr7XMfl
— BCCI (@BCCI) October 30, 2026
ग्लेन फिलिप्स ने शतक से मचाई तबाही
न्यूजीलैंड के लिए मैच में विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने जोरदार शतक लगाया. उन्होंने 49 गेंद पर 107 रन की तूफानी पारी खेली. इस दौरान फिलिप्स ने छह चौके और 10 छक्के उड़ाए. उनके इस सीरीज में सबसे ज्यादा 276 रन हो गए हैं. फिलिप्स का साथ इस मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज माइकल ब्रैसवेल ने दिया. उन्होंने 25 गेंद पर 65 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया. ब्रैसवेल ने चार चौके और छह छक्के मारे. फिन एलन ने 17 गेंद पर 31 और डिरिल मिचेल ने 9 गेंद पर 24 रन का योगदान दिया.
Equalling his own record ✍️ Glenn Phillips lights up Eden Park with his third T20I century and the joint fastest for New Zealand, equalling his 46-ball ton against the West Indies at Bay Oval in 2020 💥 https://t.co/KHc852x3pp
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) October 30, 2026
महंगे साबित हुए भारतीय गेंदबाज
टीम इंडिया के गेंदबाजों की इस मैच में हालत खराब रही. सबने जमकर रन लुटाए. भुवनेश्वर कुमार के नहीं खेलने के बावजूद गेंदबाजी में कोई बदलाव नजर नहीं आया और कीवी टीम ने पहाड़ स्कोर खड़ा किया. मयंक यादव ने 4 ओवर में 48 रन लुटाए. हालांकि, उन्होंने तीन विकेट अपने नाम जरूर किए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 38, प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 49, नीतीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 64 और अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 43 रन लुटाए. नमन धीर ने एक ओवर में 16 रन दिए. नीतीश, अर्खदीप, अक्षर और नीतीश को एक-एक सफलता मिली.
भारत के टॉप-6 बल्लेबाजों ने किया निराश
कीवी टीम से मिले 260 रन के लक्ष्य का पीछा करने जब टीम इंडिया उतरी तो उसके बल्लेबाजों के फॉर्म को देखते हुए ऐसा लगा कि इस टारगेट को हासिल किया जा सकता है. भारतीय बल्लेबाजों ने हाल के कुछ मैचों में रनों की बारिश करके ऐसी उम्मीद जगाई है. हालांकि, उस मैच में ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ. टॉप-6 बल्लेबाजों में कोई भी 30 रन के स्कोर तक नहीं पहुंच पाए. अभिषेक शर्मा ने 27, कप्तान अय्यर ने 22 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 21 रन बनाए. अक्षर पटेल सात और संजू सैमसन 4 रन बनाकर आउट हुए. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी की जगह वापसी करने वाले ईशान किशन खाता नहीं खोल पाए.
तिलक और नमन ने बचाई लाज
एक समय तो ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 100 रनों के अंदर सिमट जाएगी. 89 रन पर 6 विकेट गिर गए थे. यहां से नमन धीर और तिलक वर्मा ने सातवें विकेट के लिए 16 गेंद पर 31 और तिलक और प्रिंस यादव ने नौवें विकेट के लिए 43 गेंद पर 37 रनों की साझेदारी करके भारत को 150 रन के पार पहुंचाया. तिलक 35 गेंद पर सबसे ज्यादा 35 रन बनाए. नमन धीर 13 गेंद पर 28 रन बनाकर पवेलियन पहुंचे और प्रिंस यादव 17 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे. न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी ने मैच में सबसे ज्यादा चार विकेट लिए. मैथ्यू फिशर और मिचेल सैंटनर को दो-दो सफलता मिली.