प्रियांश आर्या ने धागा खोल दिया... T20 में अकेले ठोक डाले 181 रन, उड़ाए 19 छक्के, फिर भी नहीं टूटा वर्ल्ड रिकॉर्ड
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्ले से कोहराम मचाते हुए स्टार बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने इतिहास रच दिया. दिल्ली के कप्तान ने तमिलनाडु के खिलाफ मैच में 181 रनों की तूफानी पारी खेली. 266.18 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए उन्होंने 19 छक्के और 7 चौके जड़े.
पंजाब किंग्स के स्टार बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने आईपीएल 2027 से पहले बल्ले से बड़ा धमाका किया है. घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में प्रियांश आर्या ने दिल्ली की तरफ से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ मैच में 181 रनों की तूफानी पारी खेली. 266.18 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 19 छक्के और 7 चौके जड़े. इसके साथ ही वो टी20 में भारत की तरफ से सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में प्रियांश ने केएल राहुल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 152 रनों की नाबाद पारी खेली थी. हालांकि, प्रियांश आर्या वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए.
T20 क्रिकेट में व्यक्तिगत तौर पर सर्वोच्च स्कोर करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रीटोरियस के नाम दर्ज है. बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ने इसी साल अक्टूबर में टाइटंस की तरफ से खेलते हुए नाइट्स के खिलाफ 79 गेंदों पर 188 रनों की धांसू पारी खेली थी. हालांकि, किसी टी20 मैच में सबसे अधिक छक्के उड़ाने के मामले में प्रियांश आर्या ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.