SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'बेइज्जती मत करवा दियो...' नए खिलाड़ी से अभिषेक शर्मा ने क्यों कहा ऐसा? फिर 6 गेंद में बल्ले से पलट दी बाजी

भारत के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 224 रनों का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने अच्छी लड़ाई लड़ी, लेकिन 14 रन दूर रह गए. जिन लोगों ने ये मैच देखा होगा, उन्हें भारत की जीत के बाद प्रिंस यादव के उन 3 चौकों की याद जरूर आई होगी, जो अंत में जीत और हार का अंतर साबित हुआ.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 13, 2026, 12:34 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 04:09 PM IST
Image Credit: Screengrabs/X
Join

वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत 2-1 से आगे है. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 14 रनों से बाजी मारी. 224 रनों का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने अच्छी लड़ाई लड़ी, लेकिन 14 रन दूर रह गए. जिन लोगों ने ये मैच देखा होगा, उन्हें भारत की जीत के बाद प्रिंस यादव के उन 3 चौकों की याद जरूर आई होगी, जो अंत में जीत और हार का अंतर साबित हुआ. जी हां, नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए प्रिंस ने 6 गेंदों का सामना किया और तीन चौके सहित 13 कीमती रन बनाए.

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे T20I में मिली जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में प्रिंस यादव की जमकर तारीफ हुई. बल्ले से योगदान देने के लिए उनके लिए खिलाड़ियों ने तालियां बजाई. उसके बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें युवा तेज गेंदबाज स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के साथ मजेदार बातचीत करते दिखे.

प्रिंस यादव ने रख ली अभिषेक के बैट की इज्जत

इंदौर में खेले गए मुकाबले में भारत की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव की जगह प्रिंस यादव की एंट्री हुई. जाहिर है कि उनका चयन गेंदबाजी के लिए हुआ था, लेकिन हाथ में गेंद थामने से पहले उन्होंने उधार के बल्ले से कमाल कर दिया. जी हां, ये बैट उन्होंने अभिषेक शर्मा से मांगी थी. बल्ला देने से पहले अभिषेक ने उनसे कहा- ''बेइज्जती मत करवा दियो बैट की.''

अभिषेक शर्मा के साथ बातचीत में प्रिंस यादव ने खुलासा करते हुए कहा, ''जाहिर है भाई, टीम के लिए योगदान देना तो अच्छी बात ही है, वो चाहे बॉलिंग हो, बैटिंग हो, फील्डिंग हो, किसी से भी करे, तो मैं भी बस अच्छा महसूस कर रहा हूं. अभी भाई (अभिषेक शर्मा) ने वो बैट दी थी ना मेरे को, तो भैया बोले कि बेइज्जती मत करा दियो बैट की, तो मैंने उसकी इज्जत रखी.''

प्रिंस यादव ने आगे कहा कि मैंने इंग्लैंड में भी भैया के बैट से खेला था और आयरलैंड में छक्का भी मारा था, तो शुक्रिया. मैं अगली बार भी आपके बैट से खेलूंगा. इस बीच, अभिषेक ने प्रिंस की आखिर में अहम रन बनाने की काबिलियत की भी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा, "मैंने उसकी बैटिंग देखी है. अगर किसी ने नहीं देखी है, तो बता दूं कि वो दिल्ली में 'सिंगल फट्टी' के लिए मशहूर है. सिंगल फट्टी का मतलब है आमने-सामने के मैच. इसमें आपको बैटिंग और बॉलिंग दोनों करनी होती हैं.

कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी प्रिंस यादव की छोटी लेकिन असरदार पारी (कैमियो) की तारीफ की. मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन में श्रेयस ने कहा, "हमने मिडिल ऑर्डर में भी पारी को संभाला. इससे हम 223 के अच्छे स्कोर तक पहुंच पाए. मुझे लगता है कि आखिर में प्रिंस का आकर वह छोटी पारी खेलना और रन बनाना भी बहुत काम का रहा. बल्ले से 13 कीमती रन बनाने वाले प्रिंस यादव ने गेंद से अपने 4 ओवर में 37 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली.

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड के खिलाफ होनी है टेस्ट सीरीज, फिर राहुल-यशस्वी India A टीम में क्यों? आखिर क्या है माजरा
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES